: जनसेवा केंद्र से महिला ने उड़ाये 72000
Admin
Sun, Nov 3, 2024स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर पैसा कराया वापस
खैरीघाट, बहराइच। जनसेवा केंद्र पर पैसा निकालने गई एक महिला अपना पैसा लेने के बाद केंद्र पर रखा लगभग 72000 लेकर नौ दो ग्यारह हो गई। जनसेवा केंद्र संचालक ने जब पैसे की खोज शुरू की तो पैसा गायब मिला। केंद्र में लगे सीसीटीवी से जब पड़ताल की गई तो महिला के पैसा निकालने की पुष्टि हुई। जिस पर महिला की पहचान कर युवक उसके घर पहुंचा और लोगों के हस्तक्षेप के बाद अपना पैसा वापस पाया। ज्ञातव्य हो कि हरदी थाना क्षेत्र के राजी चौराहा में राहुल कुमार मौर्या जनसेवा केंद्र का संचालन करते हैं। बीते 31 अक्टूबर को एक महिला अपने बेटे के साथ पांच हजार रूपये निकलवाने के लिए पहुंची। उसने पांच हजार रूपये जनसेवा केंद्र संचालक से लिया। जिसके बाद राहुल केंद्र के अंदर कमरे में चला गया। तभी महिला ने वहां रखा लगभग 72 हजार रुपये चुराकर गायब हो गई। कुछ देर बाद संचालक ने रूपये गायब देखा तो सीसीटीवी में जांच की। केंद्र संचालक राहुल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से महिला के थाना क्षेत्र के गरेठी गुरुदत्त सिंह गांव निवासी के रूप में हुई। जिस पर संचालक रविवार को महिला के गांव पहुंचा। उसने महिला को सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए रुपये की मांग की। महिला ने काफी प्रयास के बाद 70 हजार रुपये वापस दे दिया। केंद्र संचालक राहुल ने बताया कि पैसा वापस मिल गया। रुपए वापस मिलने के चलते केंद्र संचालक ने पुलिस में मुकदमा नहीं दर्ज कराया। वहीं थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी का कहना है कि यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
न्यायालय परिसर के बाहर से विधायक की बाइक चोरों ने उड़ाई
बहराइच। न्यायालय परिसर के बाहर खड़ी विधायक की बाइक को चोरों ने उड़ा दी। विधायक के करीबी द्वारा जब अपनी बाइक गायब देखी गई तो खोजबीन करने के बाद पुलिस में तहरीर दी गई। जिसके बाद पता चला की बाइक विधायक के नाम दर्ज है। विधायक की बाइक चोरी होने की जानकारी होते ही पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब हो कि कोतवाली नगर के नई बस्ती नाजिरपुरा निवासी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने तहरीर देखकर कहा है कि एक नवंबर को दीवानी न्यायालय के सामने बाइक संख्या यूपी 40 जेड 6377 खड़ी थी। बाइक अज्ञात लोगों ने चोरी कर ली। पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि बाइक जिले के नानपारा से अपना दल एस के विधायक राम निवास वर्मा के नाम से दर्ज है। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध बाइक चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच उप निरीक्षक अजेश कुमार को सौंपी गई है।
7 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार, एक चोर भी गिरफ्तार
बहराइच। थाना दरगाह शरीफ पुलिस द्वारा 15 ग्राम स्मैक व 02 अदद एण्ड्रायड मोबाइल व चिटबन्दी कुल 940 रुपये (अन्तराष्ट्रीय कीमत 7 लाख रुपये) के साथ 02 अभियुक्त गिरफ्तार किए गये। प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि अभियुक्त जुनैद शेख पुत्र शमीम अली निवासी बदला चौराहा थाना हरदत्त नगर गिरण्ट जनपद श्रावस्ती व गुलाम गाजी उर्फ गडू उर्फ भोला पुत्र नूर मोहम्मद उर्फ कल्लू रायनी निवासी कादरी मस्जिद शमशाद वकील के घर के पास मोहल्ला नूरुद्दीन चक थाना दरगाह शरीफ मय बरामद शुदा माल 15 ग्राम स्मैक व 02 अदद एण्ड्रायड मोबाइल व चिटबन्दी कुल 940 रुपये के आधार पर स्थानीय थाना पर मुअस. 380/24 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तगणो को न्यायालय रवाना किया गया। अभियुक्तों के विरुद्ध विभिन्न स्थानों में पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। वहीं इसी थाने की पुलिस द्वारा एक चोर को भी गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त सूरज कुमार वाल्मीकी पुत्र लच्छीराम निवासी दौलतपुर थाना मोतीपुर को बीती रात्रि समय करीब 3.55 बजे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही हेतु न्यायालय रवाना किया गया।
शराब बरामदगी में वांछित चल रहे दो आरोपी गिरफ्तार
मिहीपुरवा, बहराइच। थाना मोतीपुर पुलिस द्वारा कच्ची शराब व शराब बनाने के उपकरण, साइकिल बरामदगी में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार का जेल भेजा गया है। थाना प्रभारी राकेश कुमार पांडे ने बताया कि मौके से फरार 02 अभियुक्तों प्रताप यादव पुत्र सुंदर यादव निवासी परवानी गौढी थाना मोतीपुर व धर्मेंद्र पुत्र मिश्रीलाल गौतम निवासी परवानी गौढी थाना मोतीपुर को रविवार उ.नि.शोभनाथ यादव, का. जितेन्द्र गुप्ता, का.गौरव गौड द्वारा परवानी गौढी बाजार से गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया है। पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि समय माता मंदिर के निकट सरकारी जंगल में बबई नाला के किनारे बहद ग्राम गुलरा के पास कुछ लोग भट्ठी लगाकर कच्ची शराब बना रहे है। जिस पर विश्वास कर दबिश दी गयी तो अभियुक्तगण को 150 लीटर कच्ची शराब व शराब बनाने उपकरण व एक अदद मोटर साइकिल व 02 अदद सायकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर स्थानीय थाना पर मुअसं. 542/24 धारा 60,60(2), 72 आबकारी अधिनियम व धारा 274 बीएनएस पंजीकृत किया गया।
बकाया मांगना युवक को पड़ा भारी, दबंग ने पिटाई कर छीनी नगदी
बिछिया, बहराइच। गांव में लगने वाली साप्ताहिक बाजार में बकाया मांगना एक युवक को महंगा पड़ गया। बकाया मांगने से नाराज दबंग ने बीच बाजार में ही उसकी पिटाई कर गला दबाते हुए नकदी छीन ली। बाजार में मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच बचाव कराया। पीड़ित द्वारा मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर जांच शुरू कर दी है।ज्ञातव्य हो कि सुजौली थाना क्षेत्र के ग्राम बड़खड़िया निवासी प्रेम प्रकाश मौर्य पुत्र राम जनक सिंह ने क्षेत्र के सिराज अहमद उर्फ राजू पुत्र खलील को वर्षों पूर्व 26,500 रूपये उधार दिया था। लेकिन बार-बार मांगने के बाद भी प्रेम प्रकाश को रूपये नहीं मिला। शनिवार को साप्ताहिक बाजार में सिराज अहमद की मुलाकात प्रेम प्रकाश से हो गई। जिस पर प्रेम प्रकाश ने बकाया रूपये मंगा। बकाया देने से इंकार करने पर प्रेम प्रकाश ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही। इस पर सिराज अहमद नाराज हो गया। उसने प्रेम प्रकाश का गला दबाते हुए जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद पिटाई कर 8,500 रूपये नकदी निकाल ली। बाजार में मारपीट को लेकर भगदड़ मच गई। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। बाजार के लोगों ने मामला शांत कराया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर केस दर्ज किए जाने की मांग की है। इस मामले में थानाध्यक्ष हरीश सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि लेनदेन का मामला है। आरोपी को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है। जाच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
चोर गिरफ्तार
बहराइच। थाना हरदी पुलिस द्वारा एक चोर को गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि वादी सहजराम पुत्र सत्यदेव यादव निवासी ग्राम पतालपुरवा गोपचन्दपुर द्वारा एक चोर को चोरी करते समय पकड़ लिया गया था। जिसे विरूद्ध थाने में तहरीर दिया गया था। जिस पर अभियुक्त मजनू उर्फ राम कुमार पुत्र राम लखन निवासी ग्राम टेडवा सिस्टीपुर को गिरफ्तार का जेल भेजा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन