रोडवेज बस की ठोकर से बाइक चालक की मौत : ट्रक की ठोकर से एसी मैकेनिक की मौत
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Jun 18, 2026
जरवलरोड, बहराइच। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सामने से आ रही बाइक को ठोकर मार दी। जिससे बाइक चालक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक जिला बाराबंकी के थाना रामनगर अंतर्गत ग्राम लोहटी निवासी 50 वर्षीय दीपक पांडे पुत्र अंबिका प्रसाद गुरुवार दोपहर में बाइक सवार होकर जिला बहराइच स्थित अपनी ससुराल से वापस घर जा रहे थे तभी लखनऊ बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्तफाबाद अस्पताल के सामने दोपहर करीब 2 बजे सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ठोकर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन राहगीरों ने उन्हें निकटतम सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची जरवलरोड पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जरवलरोड थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।
ट्रक की ठोकर से एसी मैकेनिक की मौत
बहराइच। नानपारा-मिहींपुरवा मार्ग पर प्रातः हुए सड़क हादसे में 17 वर्षीय मैकेनिक अल्ताफ की मौके पर ही मौत हो गई। अल्ताफ पुत्र अशफाक अहमद निवासी अलिया बुलबुल मिहींपुरवा में एसी मैकेनिक का काम करने जा रहा था। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे ठोकर मार दी। घटना गुरूवार प्रातः 9ः30 बजे की है। टक्कर इतनी भीषण थी कि अल्ताफ गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरन्त एम्बुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नानपारा पहुंचाया। हालांकि डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि एम्बुलेंस चालक शव को अस्पताल में छोड़कर चला गया। राजा बाजार पुलिस चौकी इंचार्ज राम गोविन्द वर्मा ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी ली जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
घाघरा नदी में डूबने से युवक की मौत
जरवलरोड, बहराइच। जरवलरोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुलामपुरवा तप्पेसिपाह में गुरुवार को घाघरा नदी में डूबने से एक युवक की असामयिक मृत्यु हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार गुलाम पुरवा तपेसिपाह निवासी राम कैलाश यादव का पुत्र अंकित यादव उम्र करीब 17 वर्ष गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे गांव के पास ही घाघरा नदी के किनारे भैंस चराने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चले जाने के कारण वह नदी में डूबने लगा। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, अंकित नदी के तेज बहाव में पूरी तरह समा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया। गोताखोर पंचम निषाद की मदद से अंकित के शव को नदी से बाहर निकाला जा सका। युवक का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जरवलरोड थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मृतक अंकित के पिता राम कैलाश पुत्र सूरज लाल द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पंचनामा भरने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
बाइक से गिरी महिला गंभीर रूप से घायल
बहराइच। थाना खैरीघाट क्षेत्र के सेमरिया गांव के पास गुरूवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना तब हुई जब बाइक एक गति अवरोधक को पार कर रही थी। फखरपुर क्षेत्र निवासिनी महिला पुष्पा देवी अपने पुत्र के साथ सेमरिया गांव में अपनी रिश्तेदारी में जा रही थी। गुरूवार दोपहर करीब तीन बजे सेमरिया गांव से पहले सड़क पर बने गति अवरोधक को पार करते समय बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक के अनियंत्रित होने पर पीछे बैठी महिला पुष्पा देवी सड़क पर गिर गई। जिन्हें गंभीर चोटे आयी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवपुर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन