नेपाल से तस्करी कर लाया जा रहा 397 किलो लहसुन पकड़ा : तीन तस्कर गिरफ्तार
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Jun 14, 2026
रुपईडीहा, बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी एवं अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सशस्त्र सीमा बल की सतर्कता के चलते नेपाल से भारत लाए जा रहे नेपाली लहसुन की एक बड़ी खेप पकड़ी गई। एसएसबी ने 397.250 किलोग्राम लहसुन के साथ तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया। एसएसबी के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह विशेष गश्ती दल को सीमा क्षेत्र में रवाना किया गया। सुबह जवानों ने एक साइकिल तथा दो मोटरसाइकिलों पर बोरे लादकर नेपाल से भारत की ओर आ रहे तीन व्यक्तियों को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोक लिया। पूछताछ में उन्होंने बोरों में लहसुन होने की जानकारी दी, लेकिन जब उनसे सामान से संबंधित वैध बिल एवं अन्य दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। जिसके बाद तीनों व्यक्तियों एवं बरामद सामान को विस्तृत जांच के लिए एसएसबी कैंप लाया गया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद नजीर कबाड़िया, मोहम्मद सोनू व अबु तालिब राई के रूप में की गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10 बोरियों में भरा 397.250 किलोग्राम लहसुन बरामद हुआ। पकड़े गए व्यक्तियों ने बताया कि उन्होंने उक्त लहसुन नेपाल के जमुनहा क्षेत्र से खरीदकर भारत में अपने सब्जी के ठेलों पर बिक्री के लिए लाया था। हालांकि जांच में उनके पास खरीद एवं परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि सामान को अनधिकृत मार्ग से नेपाल से भारत लाने का प्रयास किया जा रहा था। इसके बाद एसएसबी ने बरामद लहसुन एवं संबंधित तीनों व्यक्तियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय रूपईडीहा के सुपुर्द कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन