प्रत्येक पंजीकृत बच्चे को समय से मिले पाठ्य पुस्तकेः डीएम : नवीन ऊर्जा के साथ नवीन शिक्षण सत्र का करें आगाज , बच्चों को मिले गुणवत्तापरक शिक्षा
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Jun 13, 2025
बहराइच। बेसिक शिक्षा विभाग अन्तर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने निर्देश दिया कि 16 जून से प्रारम्भ होने वाले नवीन शिक्षण सत्र के लिए समयपूर्व सभी तैयारियां कर ली जायें। डीएम ने कहा कि छात्र-छात्राओं के लिए प्राप्त होने वाली पुस्तकें भण्डार कक्ष में डम्प न रहें बल्कि प्रत्येक पंजीकृत बच्चे को समय से पाठ्य पुस्तके प्राप्त हो जायें। डीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवीन ऊर्जा के साथ नवीन शिक्षण सत्र का आगाज करें तथा स्वमूल्यांकन यह सुनिश्चित करें कि पिछले सत्र में जो कमियां रह गईं थीं उनकी पुनरावृत्ति न होने पाये। बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि नवीन शिक्षण सत्र प्रारम्भ होने से पूर्व सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित कर लें कि विद्यालय पूरी तरह से नीट एण्ड क्लीन हो जाये। इसके अतिरिक्त विद्यालय से सम्बन्धित अन्य व्यवस्थाओं के लिए सभी सम्बन्धित को निर्देशित कर दिया जाय ताकि स्कूल में आने पर बच्चों को खुशनुमा माहौल मिले। विद्युत विभाग को निर्देश दिया गया कि असंतृप्त विद्यालयों को शीघ्र से शीघ्र विद्युत कनेक्शन से आच्छादित कर दिया जाय। जिससे बच्चों को गर्मी में असुविधा न हो। गर्मी के मौसम को देखते हुए डीएम ने विद्यालयों में पेयजल की व्यवस्थाओं को क्रियाशील रखने के भी निर्देश दिये। विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, मिड-डे-मील सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लें तथा यह सुनिश्चित कराएं कि बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा मिले। डीम ने खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि माह जून में आयोजित होने वाले 02 बड़े कार्यक्रमों योग दिवस व वृक्षारोपण कार्यक्रम की समय से तैयारी कर लें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार अहिरवार, बीएसए आशीष कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी तथा सम्बन्धित एबीएसए सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन