मांटेसरी इंटर कॉलेज में सम्पन्न हुई बोधि-पथ साप्ताहिक कार्यशाला : पर्यावरण का हमारे जीवन में बहुत महत्व है
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Jun 15, 2026
बहराइच। संस्कृत विभाग उत्तर प्रदेश-सम्बद्ध अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान लखनऊ के तत्वावधान में सोमवार को मांटेसरी इंटर कॉलेज (मेवातीपुरा नगर) में बौद्ध संस्कृति से संबंधित बौद्धि पथ कार्यशाला व पर्यावरण जल संरक्षण चौपाल का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में जनपद के शिक्षक, प्राचार्य, शिक्षाविद, अधिवक्ता, पर्यावरण विद, समाजसेवियों के अलावा गायत्री परिवार, संघ विचार परिवार आर्य समाज समेत भारी संख्या में शिक्षार्थी उपस्थित रहे। अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान लखनऊ (संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश) के तत्वावधान में आयोजित बोधि पथ कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद बहराइच डॉ. आनंद कुमार गोंड ने कहा कि भगवान बुद्ध ने समूचे विश्व को करुणा, सामाजिक समरसता, अहिंसा व मानवता का संदेश देकर समूचे मानव जगत पर बहुत बड़ा उपकार किया है। विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद ने कहा कि पर्यावरण का हमारे जीवन में बहुत महत्व है जल व पर्यावरण संरक्षण के लिए हम लोग मिलकर विद्यालयों व शिक्षण संस्थानों में सामूहिक रूप से सघन वृक्षारोपण व रोपित वृक्षों का संरक्षण करें ताकि वातावरण मानवानुकूल बना रह सके। नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद ने वृहद वृक्षारोपण अभियान में हर संभव सहयोग देने की बात कही। क्षेत्राधिकारी नगर श्रीनारायण मिश्र ने विद्यालय के अलावा जलायशय, झील व जलीय स्थानों के किनारे अधिकाधिक संख्या में पेड़ रोपित करने का आवाह्न किया। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक शिक्षाविद आर पी एन श्रीवास्तव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्या दिलशाद बानो ने किया। आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शिक्षाविद डॉ तस्मीम फातिमा जैदी, समाजसेविका डॉ. अनीता जायसवाल, रश्मि पाण्डेय, योगाचार्य सुशील कुमार, डॉ कपिल शुक्ला, रामरूप मिश्रा एडवोकेट, समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन