हर्षोल्लास से मनाया गया अमर नायक महाराजा बलभद्र का जन्म दिवस : कतर्निया घाट वन्य जीव अभ्यारण्य का नाम महाराजा बलभद्र सिंह के नाम पर किये जाने की मांग
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Jun 11, 2025
बहराइच। मंगलवार की संध्या बिछिया बाजार में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूत और अमर नायक महाराजा बलभद्र सिंह रैकवार का जन्म दिवस वन निवासियों द्वारा बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर दीप प्रज्वलित करके उनके द्वारा किए गए त्याग और बलिदान पर विशेष चर्चा की गई। सामाजिक कार्यकर्ता जंग हिंदुस्तानी ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा बलभद्र सिंह रैकवार ने मात्र 18 वर्ष की आयु में अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध करते हुए शहादत को गले लगाया और बहराइच का नाम देशभर में रोशन किया। उनके विरोधी भी उनके शौर्य और साहस को आज भी याद करते हैं। उन्होंने बताया कि महारानी विक्टोरिया ने भी वर्किंघम पैलेस में जिन तीन महान विद्रोहियों के चित्र लगवाए थे, उनमें झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और महाराजा बलभद्र सिंह रैकवार का चित्र शामिल था। सभा में शामिल वन निवासियों ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्भाग्य से बहराइच जनपद में आज तक महाराजा बलभद्र सिंह के नाम पर कोई बड़ा कार्य नहीं किया गया है। वह कतर्निया के जंगलों के स्वामी थे। अंग्रेजों ने उनकी शहादत के बाद उनके जंगल पर कब्जा कर लिया और यहां रहने वाले आजाद लोगों को गुलाम बना दिया। इस अवसर पर उन्होंने सरकार से मांग की कि कतर्निया घाट वन्य जीव अभ्यारण्य का नाम महाराजा बलभद्र सिंह रैकवार के नाम पर किया जाए, ताकि उनके त्याग और बलिदान को समाज के सामने एक उदाहरण के रूप में स्थापित किया जा सके। इस अवसर पर शारदा देवी, सरोज कुमार यादव, सरोज कुमार गुप्ता, सुशील कुमार गुप्ता, मोहम्मद सगीर, हाफिजुर रहमान, रोशन मद्धेशिया, दीपक गुप्ता सहित सैकड़ो महिला पुरुष मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन