नेपाल-भारत मैत्री संगठन की बैठक काठमांडू में शुरू : अध्यक्ष अनुप कुमार सिंह ने किया उद्घाटन
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Jun 14, 2025
रूपईडीहा, बहराइच। नेपाल-भारत मैत्री संगठन की अंतरराष्ट्रीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को नेपाल की राजधानी काठमांडू में प्रारंभ हुई। भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आपसी सहयोग और समझ को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक का उद्घाटन संगठन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में संगठन की अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह की भी विशेष उपस्थिति रही। बैठक में भारत और नेपाल के विभिन्न प्रदेशों से आए 7 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया है। जिनमें समाजसेवी, राजनीतिक विश्लेषक, छात्र प्रतिनिधि, उद्यमी तथा नागरिक समाज के प्रमुख व्यक्तित्व शामिल हैं। बैठक में नेपाल-भारत के बीच बहुआयामी संबंधों सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षिक तथा सीमावर्ती सहयोग पर गहन चर्चा की जाएगी। उद्घाटन भाषण में अध्यक्ष अनुप कुमार सिंह ने कहा कि “नेपाल और भारत का संबंध केवल भौगोलिक नहीं है, यह भावनात्मक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गहराई से जुड़ा हुआ है। बैठक के माध्यम से हम युवाओं को नेतृत्व में लाकर इस रिश्ते को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की योजना बना रहे हैं। ”प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार, बैठक में नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र में संयुक्त परियोजनाओं को आगे बढ़ाने, शिक्षा और पर्यटन क्षेत्र के विकास को प्रोत्साहित करने तथा आपसी यात्रा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने जैसे ठोस प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। यह बैठक दो दिनों तक चलेगी और अंतिम दिन एक संयुक्त घोषणा-पत्र जारी किया जाएगा। जिसमें भविष्य की रणनीति, कार्यक्रमों और कार्ययोजनाओं का समावेश होगा। नेपाल-भारत मैत्री संगठन अपने स्थापना काल से ही विविध कार्यक्रमों का आयोजन करता आ रहा है। अब तक दो अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित हो चुके हैं। संगठन ने सीमा क्षेत्रों में 10 से अधिक स्वास्थ्य शिविर, 12 शैक्षिक सहयोग कार्यक्रम, और 5 संयुक्त सांस्कृतिक महोत्सवों का आयोजन किया है। बैठक का संयोजन काठमांडू महानगर समिति द्वारा किया गया है और कई सामाजिक संस्थाओं ने इसमें सहयोगी भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों के केंद्रीय सदस्य, अंतरराष्ट्रीय समिति के सदस्य तथा नेपाल-भारत मैत्री संगठन के अंतरराष्ट्रीय महासचिव सम थापा की भी उपस्थिति रही।
विज्ञापन
विज्ञापन