नेपालगंज स्थित रायल सिनेमा हाल की द्वितीय वर्षगांठ धूमधाम से संपन्न : सीमावर्ती नेपाली क्षेत्र में बना उच्च स्तरीय मनोरंजन केंद्र
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Jul 28, 2025
रूपईडीहा, बहराइच। सिने रॉयल सिनेमा हॉल, नेपालगंज की द्वितीय वर्षगांठ समारोह हर्षोल्लास और भव्यता के साथ सिने हॉल परिसर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सिने रॉयल के निदेशक डॉ. राहुल थापा ने बताया कि नेपाल के सुदूर पश्चिम से लेकर सीमावर्ती शहर नेपालगंज तक किसी भी प्रकार का उच्च स्तरीय मनोरंजन केंद्र नहीं था, जिसकी कमी स्थानीय लोग लंबे समय से महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा, यह प्रोजेक्ट मेरे दिमाग में इसीलिए आया कि स्थानीय जनता को भी बड़े शहरों जैसे काठमांडू की तरह गुणवत्तापूर्ण मनोरंजन उपलब्ध कराया जा सके। सिने रॉयल इसी सोच का परिणाम है और मुझे गर्व है कि यह एक सफल निर्णय साबित हुआ है। आज सिने रॉयल इस क्षेत्र का एक प्रमुख और लोकप्रिय मनोरंजन स्थल बन चुका है। डॉ. थापा ने यह भी जानकारी दी कि सिने रॉयल की सफलता को देखते हुए अब इसे नेपाल के अन्य शहरों में भी स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। सबसे पहले इसे नेपाल की राजधानी काठमांडू में स्थापित करने की तैयारी चल रही है। कार्यक्रम में सिने रॉयल के सीईओ रितेश श्रेष्ठ ने बताया कि, यह केवल एक सिनेमा हॉल नहीं बल्कि रोजगार का भी एक सशक्त माध्यम है। हमने दर्जनों लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्रदान किया है और भविष्य में भी हम मनोरंजन के साथ-साथ रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते रहेंगे। उन्होंने आगे बताया कि, सिने रॉयल में नेपाली और भारतीय दोनों भाषाओं की फिल्में दिखाई जाती हैं। हमारे दर्शकों में जितने नेपाली हैं, लगभग उतने ही भारतीय दर्शक भी हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में इस स्तर का कोई सिनेमा हॉल उपलब्ध नहीं है, इसलिए भारतीय दर्शक भी बड़ी संख्या में यहां फिल्में देखने आते हैं। सीईओ रितेश श्रेष्ठ के अनुसार, इन दो वर्षों में करीब 1 लाख 17 हजार नेपाली दर्शक तथा 1 लाख 67 हजार भारतीय दर्शक सिने रॉयल में फिल्म देखने पहुंचे हैं, जो इस केंद्र की लोकप्रियता और सफलता को दर्शाता है। सिने रॉयल आज न केवल नेपालगंज का गौरव बन चुका है, बल्कि यह भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के नागरिकों के लिए भी एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन