: पहले मतदान फिर जलपान का डीएम ने निभाया फर्ज
Thu, May 4, 2023
मॉडल बूथ महिला महाविद्यालय पहुॅच किया नैतिक मतदान
जनपदवासियों से की शत-प्रतिशत मतदान की अपील
बहराइच। नगरीय निकाय चुनाव के मतदान अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने दुल्हन की तरह सजे मॉडल पिंक बूथ महिला महाविद्यालय पहुॅचकर अपना नैतिक मतदान कर ‘‘पहले मतदान फिर जनपान’’ के फर्ज़ को चरितार्थ किया। मतदान के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र व पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा ने नगरीय निकायों के मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान की अपील की। डीएम व एसपी ने मतदाताओं से अपील की कि पूरे उत्साह और उमंग के साथ लोकतन्त्र के महापर्व में शामिल हों। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर सुभाष सिंह मौजूद रहे।
: गन्ने की पेडी पौध फसल की अच्छी पैदावार के लिए दो स्प्रे बहुत जरूरी
Thu, May 4, 2023
पारले कंपनी के मुख्य गन्ना प्रबंधक ने किसानो को दी जानकारियां
परसेण्डी, बहराइच। गन्ने की अच्छी पैदावार के लिए कम से कम दो स्प्रे माह मई-जून में किसान अवश्य करे। गन्ना किसान जानते है कि यह समय गन्ना फसल में टिलरिंग का समय है। इस समय यदि गन्ने की फसल में प्रति एकड़ की दर से ग्रोमोर स्पीडफोल एनपीके 2 किलो, एमिडा क्लोरप्रिड 100 मि.ली., पारले अमीनोज तरल 1 लीटर को 200 लीटर पानी में घोल बनाकर सुबह या शाम के समय नमी की दशा में स्प्रे करे। इससे फसल में ब्यांत और बढ़वार काफी अच्छी होगी। गन्ना फसल में स्प्रे कार्य को और अधिक बढ़ावा मिले इसके लिए पारले कंपनी द्वारा स्प्रे मशीन किसानो को 25 प्रतिशत अनुदान पर दे रही है। यह अनुदान केवल सीमित समय यानि 20 मई तक ही है। इसलिए जिन किसानो के पास ट्रैक्टर है वह स्प्रे मशीन जरूर अपने गन्ना अधिकारियो से मिलकर तत्काल बुक करा ले। स्प्रे द्वारा फसल में उर्वरक एवं कीटनाशक देने से प्रति एकड़ लागत काफी कम आती है। इसलिए सभी किसान अपनी पेड़ी पौधा फसल में अधिक से अधिक स्प्रे कराये। जिससे गन्ने की अच्छी पैदावार मिल सके। यह विशेष अनुरोध पारले कंपनी के एसोसिएट मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी ने किसानो से किया।
: बड़ी चोरी की घटना विफल, एक चोर को घेरकर पकड़ा
Thu, May 4, 2023
बौंडी, बहराइच। बीते एक पखवाड़े के भीतर चोरों ने दूसरी चोरी की घटना को अंजाम दिया। बीते एक सप्ताह पूर्व हुई बड़ी चोरी की घटना का खुलासा पुलिस नहीं कर पाई थी कि एक और बड़ी घटना होने वाली थी लेकिन परिवार के लोगों के जागने से चोर पकड़ा गया। बौंडी थाना क्षेत्र के महरापुरवा निवासी संतोष मिश्रा के घर चोरों ने धावा बोलकर चोरी करने का प्रयास किया। लेकिन परिवार के लोगों के जाग जाने के कारण चोर चोरी करने में विफल रहे। पीड़ित ने स्थानीय थाना पर शिकायती पत्र देकर बताया कि परिवार के लोग सो रहे थे कि रात्रि 11.30 बजे चोर घर के बरामदे में आ धमके। बरामदे में टंगी पैंट शर्ट की जेब से 2000 हजार रुपये, मोटरसाइकिल की चाभी, कील पर टंगी ट्रैक्टर की चाभी उठाकर मोटरसाइकिल को सडक किनारे किया। उसके बाद घर मे घुस कर चोरी करने का प्रयास कर रहा था। इतने में पत्नी व बेटी जाग गईं और शोर मचाया। पीड़ित बरामदे में सोया था। शोर सुनकर घर की तरफ गया तो एक चोर को घेर कर पकड़ लिया। जबकि अन्य तीन चोर फरार हो गए। पकड़े गए चोर की पहचान अंकित पुत्र रतनलाल निवासी माधव रेती थाना कोतवाली देहात के रूप में की गई। पीड़ित ने बताया कि डायल 112 को सूचना देकर चोर को सौंप दिया गया।