: अनारम्भ परियोजनाओं का कार्य तत्काल शुरू करें कार्यदायी संस्था: डीएम
Wed, May 10, 2023
आनगोईंग परियोजनाओं को तत्काल पूर्ण कराकर उपयोग में लाये प्रशासकीय विभाग
बहराइच। निर्माण कार्यो की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान कार्यदायी संस्थावार निर्माण कार्याे के प्रगति की समीक्षा बैठक करते हुए जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र ने निर्देश दिया कि बैठक में अनुपस्थित रहने वाले कार्यदायी संस्थाओं की अलग से बैठक आयोजित की जाय। उन्होंने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को निर्देश दिया कि कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के कार्यो की गुणवत्ता एवं मानक की तकनीकी टीम से जांच कराये। कार्यदायी संस्था यूपी सीडको की पर्यटन विकास, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा व अन्य विभागों के निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिया कि अनारम्भ कार्यो को प्रत्येक दशा में 15 दिवस में शुरू करा दे अन्यथा की दशा में कठोर कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। कार्यदायी संस्था सी एण्ड डीएस के कार्यो के प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी व कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि राजकीय बालिका इण्टर कालेज काजीपुरा के अवशेष कार्य को तत्काल पूर्ण कराकर विद्यालय को उपयोग में लाया जाय। इसी प्रकार नगर पालिका परिषद बहराइच अन्तर्गत निर्माणधीन सालिड बेस्ड मैनेजमेण्ट प्लाण्ट का कार्य वर्षा काल से पूर्व तैयार कराना सुनिश्चित करें। सिचाई विभाग के बाढ़ से कटानरोधी कार्यो की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि सभी कार्यो को वर्षा काल से पूर्व पूर्ण कर लिया जाय। साथ ही परियोजनावार अधिकारियों को नामित कर स्थलीय निरीक्षण कराये जाने के अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ अर्चना सिंह को निर्देश भी दिये गये। इसके अलावा राजकीय निर्माण निगम, फैक्सफेड, ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग, सीएल एण्ड डीएस सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं के कार्यो के प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये गये कि आनगोईंग कार्यो को समय से पूरा कर प्रशासकीय विभाग को हस्तगत कराना सुनिश्चित करें ताकि परियोजनाओं को जन उपयोग में लाया जा सके। जिलाधिकारी द्वारा प्रशासकीय विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि सम्बन्धित कार्यदायी संस्था से बेहतर तालमेल व समन्वय के साथ निर्माण कार्यो की समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। जिन कार्यदायी संस्थाओं का परियोजनाओं के निर्माण कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है ऐसे कार्यदायी संस्थाओं के सम्बंध में समय-समय पर कार्य की प्रगति से विभाग को भी अवगत कराते रहे। इस अवसर पर प्रभारी सीडीओ/जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएमओ डॉ एस.के. सिंह, सीवीओ डॉ राजेन्द्र प्रसाद, जिला कृषि अधिकारी सतीष कुमार पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक जे.पी. सिंह, बीएसए अव्यक्तराम तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी संजय मिश्रा, अधि. अभि. ड्रेनेज खण्ड शोभित कुशवाहा व अन्य सम्बन्धित अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: घर से लापता दो बच्चों का शव घाघरा नदी से बरामद
Wed, May 10, 2023
बौंडी थाना क्षेत्र के भौंरी गांव की घटना
बौंडी, बहराइच। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भौंरी स्थित घाघरा नदी के कछार में दो मासूम बच्चों के शव घाघरा नदी में बरामद हुए हैं। शव मिलने पर ग्रामीणों ने सूचना स्थानीय थाने में व बच्चे के परिजनों को दिया है। मौके पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भौरी गांव निवासी लव 7 वर्ष पुत्र रिंकू व श्याम 8 वर्ष पुत्र चिन्टू मंगलवार दोपहर 3 बजे से घर से निकल गए थे। परिजनों के मुताबिक बच्चे बिना घर पर बताएं घर से घूमने के लिए निकल गए थे। देर शाम जब दोनों बच्चे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई एवं बच्चों को ढूंढने में जुट गए। परिजनों ने काफी तलाश के बाद जब बच्चें नहीं मिले तो थक हार कर घर लौट आए। जिसके बाद बुधवार सुबह तकरीबन 7 बजे बच्चों के शव घाघरा नदी के कछार में तैरते हुए मिले। ग्रामीणों की सूचना पर दोनों बच्चों के पिता घाघरा नदी के तट पर पहुंचे। वही ग्रामीणों ने घटना की सूचना क्षेत्रीय पुलिस को दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष गणनाथ प्रसाद ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बौंडी थानाध्यक्ष गणनाथ प्रसाद ने बताया कि घाघरा नदी से शव को निकाला गया है। दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसके बाद विविध कार्रवाई की जायेगी।
: एडीजे/सचिव ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण
Sun, May 7, 2023
बहराइच। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बहराइच के सचिव विराट शिरोमणि द्वारा शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक राजेश कुमार यादव, जेलर आनन्द कुमार शुक्ल, डिप्टी जेलर देवकांत वर्मा व शेषनाथ यादव डिप्टी उपास्थित पाए गये। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक कारागार राजेश यादव द्वारा बताया गया कि जिला कारागार में जनपद के निरुद्ध बंदियों की संख्या 907 है। जिसमें पुरुष बदियों की संख्या 860 व महिला बंदियों की संख्या 47 है। नेपाली बंदियों की संख्या 41, प्रशासनिक बंदियों की संख्या 10, कारागार अस्पताल में भर्ती बंदियों की संख्या 11, अल्पवयस्क बंदियों की सं. 30, महिला बेटियों के साथ निरुद्ध बच्चों की संख्या 07 है। सचिव शिरोमणि द्वारा कारागार अस्पताल बैरक 10ए, बच्चा बैरक 10बी व 10सी, महिला बैरक व पाकशाला का निरीक्षण किया गया। पाकशाला के निरीक्षण में भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुरूप बनता हुआ पाया गया। जेलर द्वारा बताया गया कि दोपहर के भोजन में सब्जी, चावल व चने की दाल दी गयी है। शाम के भोजन में रोटी, अरहर की दाल, चावल एव माह मई व जून में उच्च न्यायालय द्वारा दिये गये आदेश के अनुपालन में लू से बचने हेतु बंदियों के लिये आम का पना तैयार करते हुए गया। पाकशाला की साफ-सफाई उचित पायी गयी। बैरकों के निरीक्षण के दौरान विचाराधीन बन्दियों को उनके मुकदमों की पैरवी के लिए जिला प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराये जाने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया। साथ ही ऐसे सिद्धदोष बंदी जिनकी अपील मा. सत्र न्यायालय अथवा उच्च न्यायालय में दाखिल नहीं हो पायी है, उन्हें अपनी अपील जेल अपील के माध्यम से कराये जाने का सुझाव दिया गया। बंदियों को इस बात के लिए प्रोत्साहित किया गया कि प्रत्येक माह जेल में लगने वाली जेल लोक अदालत के माध्यम से अपने छोटे वादों एवं मुकदमें का शीघ्र निस्तारण कराएं। बंदीगण अंकित पुत्र शुकुल व सुशील उर्फ लंगड़ा पुत्र प्यारेलाल द्वारा वकील की मांग की गयी। इस सम्बन्ध में जेल अधीक्षक नियमानुसार कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान डिप्टी जेलर द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में कारागार में 5 बंदी कोविड पाजिटिव पाये गये हैं। उन्होंने बताया कि कारागार में यदि किसी बंदी में बुखार, खांसी, जुखाम इत्यादि लक्षण दिखते हैं, तो सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुये उन्हें प्रथम बैरक में रखा जाता है। जिला कारागार में दाखिल होने वाले नये बंदियों को शुरूआत में पृथक बैरक में देखा जाता है। वर्तमान में कारागार में बूस्टर डोज लगे बंदियों की संख्या 114 है। सचिव श्री शिरोमणि द्वारा प्रतिदिन जेल परिसर का सेनेटाइजेशन, साफ सफाई एवं सुंदरता बनाये रखने हेतु निर्देशित किया गया।