: किशोर व किशोरी की नदी में डूबकर मौत
Fri, May 31, 2024
घर पुताई के लिए नदी से मिट्टी निकालने गए थे दोनों
बहराइच। नदी किनारे घर पुताई के लिए मिट्टी निकालने गए एक किशोर व एक युवती की नदी में डूबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने शवों को नदी से बाहर निकाला। सूचना पर घर में कोहराम मच गया। गौरतलब हो कि थाना मोतीपुर अन्तर्गत ग्राम राजापुर कला के मजरा दर्जिनपुरवा निवासी शफीक अहमद पुत्र राजू 16 वर्ष अपने पड़ोसी मुस्कान पुत्री मोहर्रमअली के साथ मिट्टी निकालने के लिए सर्रामुदरी स्थित सरयू नदी के तट पर गए थे। दोनों नदी के तट पर मिट्टी निकाल रहे थे। तभी शफीक का पैर फिसल गया और वह नगदी में गिरकर डूबने लगा। बचाने के लिए मुस्कान भी नदी मंे कूदी। दोनों नदी में डूब गए। ग्रामीणों ने नदी से दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। तहसीलदार अम्बिका चौधरी, नायब के.के.श्रीवास्तव, लेखपाल विजय कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। तहसीलदार ने बताया क आपदा राहत कोष से मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलायी जायेगी।
: एसपी ने पुलिस बल के साथ किया दरगाह शरीफ मेले का निरीक्षण, लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा
Fri, May 31, 2024
एसपी ने गोष्ठी कर सभी सम्बंधित को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
ट्रैफिक डायवर्जन का कड़ाई से हो पालन
मेले में आने वाले जायरीनों को न हो कोई परेशानी
बहराइच। पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला द्वारा दरगाह शरीफ मेला कैम्प कार्यालय में सैय्यद सलार मसूद गाजी के दरगाह पर लगने वाले एक माह के जेठ मेले में ड्यूटी से सम्बंधित समस्त राजपत्रित अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ गोष्ठी की। जेठ मेला को सकुशल शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु सभी संबंधित को निर्देशित किया गया। एसपी द्वारा बताया गया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी दरगाह मेले में बड़ी संख्या में बच्चे, महिला व पुरुष जायरीनों के पहुंचने की सम्भावना है। एसपी ने निर्देश दिया कि आपकी जहां पर भी ड्यूटी लगाई गयी है उस प्वाइंट को देख लें और अपनी ड्यूटी को भली भांति समझ लें, साथ ही ड्यूटी प्वाइंट पर यदि सुरक्षा के दृष्टिकोण से कोई प्रबन्ध आवश्यक हो तो उसे समय से करा लें। यातायात व्यवस्था की चर्चा करते हुये निर्देश दिये गए कि ट्रैफिक डायवर्जन की जो योजना बनाई गयी है, उसका कड़ाई से पालन करायें। डायवर्जन प्लान का मीडिया, सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी किया जाय। पार्किंग व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्किंग की व्यवस्थायें चुस्त व दुरूस्त रहनी चाहिये। बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति कदापि न बनने पाए। मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में क्रेन की व्यवस्था की जाये ताकि खराब एवं गलत पार्क वाहनों को समय से हटाया जा सके। कहीं भी यातायात बाधित नहीं होना चाहिये, इसमें बैरियर, पार्किंग, डायवर्जन ड्यूटी में लगे पुलिस बल का अहम योगदान है। सम्बंधित विभाग व मेला प्रबंधन कमेटी से समन्यवय स्थापित कर मेला परिसर मे प्रकाश व्यवस्था, समुचित साफ-सफाई व शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने हेतु थाना प्रभारी व मेला प्रभारी को निर्देशित किया गया। मेला के सभी दुकानदारों को विद्युत कनेक्शन के समय विशेष सावधानी बरतने के साथ साथ कही पर तार को खुला न छोड़ने एवं सभी दुकानदार अपने अपने दुकानों पर आग बुझाने के यंत्र, पर्याप्त मात्रा में पानी व बालू को रखना सुनिश्चित करें, ताकि आपात स्थिति से निपटा जा सके। भीड़-भाड़ में महिलाओं की सुरक्षा हेतु वर्दी में पुलिस बल के साथ-साथ सादे वस्त्रों में भी पर्याप्त महिला पुरुष आरक्षी की तैनाती की गई है, जो पूर्ण मनोयोग से सतर्क रहकर अराजक तत्त्वों पर नजर रखते हुए ड्यूटी संपादित करेंगे। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, समस्त थाना प्रभारीगण, निरीक्षक एलआईयू, टीएसआई, अग्निशमन अधिकारी व अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण मौजूद रहे। गोष्टी के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा समस्त पुलिस बल के साथ दरगाह शरीफ मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
: किसान डिग्री कालेज में सम्पन्न हुआ मतगणना कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण
Fri, May 31, 2024
बहराइच। लोकसभा चुनाव के मतगणना कार्य को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं सुव्यस्थित ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से नियुक्त किये गये मतगणना पर्यवेक्षक, माइक्रो आब्ज़र्वर व मतगणना सहायक का प्रथम प्रशिक्षण स्व. ठाकुर हुकुम सिंह किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने कहा कि गणना का कार्य अत्यन्त महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्मिक पूरी शालीनता, धैर्य एवं संयम का परिचय देते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार गणना का कार्य सम्पन्न करायेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कोई भी मतगणना कार्मिक मतगणना पण्डाल के अन्दर मोबाइल लेकर नहीं जायेगा। सभी कार्मिक अनुशासन में रहते हुए कोई ऐसा कार्य नहीं करेंगे जिससे किसी दूसरे व्यक्ति को उनकी गतिविधियों के बारे में शंका पैदा हो। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी होने के नाते उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभी कार्मिक मतगणना कार्य को भी उसी खूबी के साथ पूरा करेंगे जिस प्रकार से उन्होंने मतदान के कार्य को सम्पादित कराया है। डीएम मोनिका रानी ने सभी कार्मिकों को निर्देशित किया कि पूरी तरह से तटस्थ रहते हुए अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए पूरी सावधानी के साथ रिजल्ट शीट की प्रतियों को भरने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोग इस प्रकार से कार्य करेंगे जिससे पोलिंग एजेन्ट भी आपकी कार्यवाही से संतुष्ट हो जाएं। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य की शुचिता बनाये रखने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबन्ध किये गये हैं साथ ही पूरी प्रक्रिया कैमरे की निगरानी में रहेगी। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए गणना स्थल पर कूलर, पंखे, पेयजल इत्यादि के भी माकूल प्रबन्ध किये जा रहे है। जिलाधिकारी ने कहा कि गणना जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य के लिए जिले के अनुभवी और योग्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है। सभी कार्मिक प्रशिक्षण कक्ष छोड़ने से पूर्व मतगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया तथा गणना से सम्बन्धित प्रपत्रों इत्यादि को भरने के सम्बन्ध में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का भलीभांति अध्यन कर लें ताकि 04 जून को गणना करते समय कोई समस्या न हो। कार्मिकों को निर्देश दिया कि सभी लोग 04 जून को प्रातः 06 बजे तक मतगणना स्थल कृषि उत्पादन मण्डी समिति सलारपुर पहुॅच जायेंगे। सभी कार्मिक मतगणना स्थल आते समय अपना परिचय पत्र साथ में ज़रूर लायेंगे। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर सहित अन्य मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मतगणना कार्मिकों को मतगणना के बारे में तकनीकी, व्यवहारिक एवं आयोग के दिशा निर्देशों के बारे में जानकारी प्रदान की गयी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए राज कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्तराम तिवारी सहित अन्य अधिकारी व मतगणना कार्मिक मौजूद रहे।