: अवैध कपड़ो के साथ तीन नेपाली महिला तस्कर गिरफ्तार
Mon, Jun 10, 2024
नेपाली महिलाओं के पास से 1368 मीटर कपड़ा बरामद
भारत से नेपाल ले जा रही थी कपड़ा
रुपईडीहा, बहराइच। 42 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत के निर्देशन में सीमा चौकी रुपईडीहा के जवानों द्वारा गश्त निकाली गई। गश्त के दौरान लगभग 11ः55 बजे सीमा स्तम्भ संख्या 651/02 से लगभग 80 मीटर भारतीय क्षेत्र में तीन महिला सामान के साथ भारत से नेपाल जाती हुई दिखाई दी। गश्ती दल को सकिय हरकत होने पर तीनो महिलाओं को रोका गया तथा पूछ ताछ किया गया। पूछताछ के दौरान नेपाली महिलाओं की पहचान सोरु थापा मगर उम्र 30 वर्ष पुत्री कुल बहादुर निवासी-कोलपुर, वार्ड नं.-11, जनपद-बांके, (नेपाल), सीता कुमारी विस्ट उम्र-42वर्ष पुत्री राम हरी विष्ट निवासी-कोलपुर, वार्ड नं.-11, जनपद-बांके, (नेपाल) व विष्णु सुनार, उम्र-50 वर्ष पुत्री गिरी सुनार कोलपुर, वार्ड नं.-12, जनपद-बांके (नेपाल) के रूप में की गई। गश्ती दल द्वारा संदिग्ध सामान होने के कारण सामान की जाँच कराने को कहा गया। जिस पर महिलाओ ने डरते हुए बताया कि इसमें कपडा का थान है जो 57 पीस कुल-1368 मीटर है। जो भारत से नेपाल में किसी दुकान में देना है। जिसके बदले हमें कुछ पैसे मिलने वाले हैं। जिससे हम लोग अपना जीवन यापन करते है। बरामद कपडे व तीनो महिलओं को सर्वोच्च न्यायलय व मानवाधिकार के निर्देशों का पालन करते हुए गिरफ्तार किया गया तथा सभी आवश्यक औपचारिकता विधिवत रूप से पूर्ण करने के उपरांत अग्रिम कार्यवाही हेतु थाना रुपईडीहा को सुपुर्द किया गया। गश्ती दल में एसएसबी के निरीक्षक सामान्य (महिला) अनीता कुमारी, मुख्य आरक्षी/सामान्य- धरमेंदर कुमार आरक्षी/सामान्य-कमलेश कुमार गोनेकर, आरक्षी/सामान्य (महिला) श्वेता जैसवाल, आरक्षी/चालक-सुरेश कुमार शामिल रहे।
: भारत सरकार के प्रतिनिधि मण्डल ने जिले के अधिकारियों के साथ की बैठक
Mon, Jun 10, 2024
योजनाओं के क्रियान्वयन पर जताया संतोष, लाभार्थियों से किया संवाद
बहराइच। आकांक्षात्मक जनपद बहराइच में केन्द्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, जल जीवन मिशन, मुद्रा योजना, पीएम स्वानिधि, उज्ज्वला योजना, पीएम विश्वकर्मा इत्यादि योजनाओं के क्रियान्वयन का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जनपद भ्रमण पर आये दूर संचार मंत्रालय भारत सरकार के उप सचिव रामानुज डे व निदेशक उच्च शिक्षा भारत सरकार प्रियांक चतुर्वेदी ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की। तदोपरान्त मौसम विभाग परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये स्टालों का अवलोकन किया तथा कार्यक्रम स्थल पर मौजूद विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से फीड बैक प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। डीएम ने बताया कि आकांक्षात्मक जनपद बहराइच द्वारा नीति आयोग निर्धारित सूचकांकों में उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की गई जिसके लिए कई बार जिले को नीति आयोग की ओर पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है। बैठक के दौरान डीएम ने अभिनव पहल के तहत संचालित किये गये सेवा से संतृप्तिकरण अभियान तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से पिंक ई-रिक्शा योजना के बारे में भी जानकारी प्रदान की। जबकि विभागीय अधिकारियों द्वारा विभाग द्वारा अर्जित की गई उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। प्रतिनिधि मण्डल में सम्मिलित अधिकारियों उप सचिव रामानुज डे व निदेशक उच्च शिक्षा प्रियांक चतुर्वेदी ने आकांक्षात्मक जनपद में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए यह भी सुझाव दिया कि यदि क्रियान्वयन में कोई समस्या आती है तो उसका भी समयान्तर्गत समाधान कराया जाय। अधिकारी द्वय ने कहा कि जिले में अर्जित की गई उपलब्धियों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी किया जाय ताकि लोगों को योजनाओं के बारे में जानकारी हो सके। प्रतिनिधि मण्डल में शामिल अधिकारियों द्वारा जनपद में सेवा से संतृप्तिकरण व पिंक ई-रिक्शा के लिए डीएम तथा अधीनस्थ अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अन्य योजनाओं में भी नवाचार के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, उप जिलाधिकारी न्यायिक राकेश कुमार मौर्या, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए राज कुमार, उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही, जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पाण्डेय, सीएमओ डॉ. राजेश कुमार, लीड बैंक प्रबन्धक जितेन्द्र नाथ श्रीवास्तव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश उपाध्याय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्तराम तिवारी, डीएसओ नरेन्द्र तिवारी, ई.ओ. प्रतिमा सिंह, उपायुक्त उद्योग केशव राम वर्मा, अधि.अभि. जल निगम कमला शंकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कपूर, बीडीओ फखरपुर अजय प्रताप सिंह, चिकित्साधिकारी डॉ. पीयूष नायक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
: सदियों तक गायी जाएगी चहलारी नरेश की वीर गाथा
Mon, Jun 10, 2024
जयंती पर वीरता का वर्णन कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया
चहलारी घाट निकट रमवापुर व पयागपुर में कार्यक्रम आयोजित
बहराइच/पयागपुर। चहलारी नरेश बलभद्र सिंह की जयंती सोमवार को जिले के कई स्थानों पर मनाई गई। जिसमे वक्ताओं ने चहलारी नरेश महाराजा बलभद्र सिंह की वीरता का बखान कर उनको श्रद्धा सुमन अर्पित किया। मुख्य कार्यक्रम विकास खंड महसी के चहलारी घाट के निकट ग्राम रमवापुर में समाज सेवी डाक्टर देवी प्रसाद तिवारी के आवास पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम आयोजक चहलारी नरेश उत्तराधिकारी आदित्य भान सिंह रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी डॉक्टर देवी प्रसाद तिवारी ने कहा कि चहलारी नरेश बलभद्र सिंह ने 1857 के आंदोलन की जो ज्वाला जगाई थी और अवध के सारे राजा महाराजाओं को एक कर बाराबंकी के ओबरी में जिस वीरता से अंग्रेजों और उनकी सेना को लोहे के चने चबवाये थे। उनकी वीरता की कहानी आज भी लोग याद करते है। उन्होंने सर कटने के बाद भी 11 अंग्रेज अफसरों को मौत के घाट उतारा था। उनके वीरता के किस्से अंग्रेज सेनापति ने अपनी पुस्तक द सिपाय वार में विस्तार से वर्णन किया है। कार्यक्रम में बोलते हुए चहलारी नरेश उत्तराधिकारी आदित्य भान सिंह ने अपनी कविता के माध्यम से उनकी वीरता का वर्णन करते हुए कहा कि बलभद्र कय गाथा सब लंदन मयहा गावत है। विलियम और होपग्रांट सब आपन दैनंदनी सुनावत है। जो गोरन काट के तोप लिए उनकी तिरिया चुपवावत हैं धरि धीरज सोय रहव पुतवा नहि तौ बलभद्र आवत है। इस दौरान विमल तिवारी, लल्लन वाजपेई प्रधान, मुरारी सिंह, राजकुमार तिवारी, अजय शुक्ला, सुधीर, पहलवान अमृतलाल तिवारी, लल्लन यादव, संतोष कुमार, ज्ञान तिवारी सहित तमाम अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के उपरांत चहलारी नरेश उत्तराधिकारी आदित्य भान सिंह द्वारा जरूरतमंदों को अंग वस्त्र भी विस्तृत किए गए। वही पयागपुर में शेर ए अवध चहलारी नरेश महाराजा बलभद्र सिंह के 184वीं जयंती सेनानी उत्तराधिकारी तेज बहादुर सिंह उर्फ माशा बाबू निवास पर मनाई गई। कांग्रेस नेता विनय सिंह ने चहलारी नरेश के व्यक्तित्व एवं वीरगाथा पर चर्चा करते हुए उन्हें भावपूर्ण नमन किया। इस अवसर पर सेनानी उत्तराधिकारी माशा बाबू ने कहा कि बलभद्र सिंह का जन्म 10 जून 1840 ई को चहलारी रियासत के मुरौव्वा कोट में हुआ था। उनके पिता का नाम श्रीपाल सिंह तथा छोटे भाई का नाम छत्रपाल सिंह था। सत्रह वर्ष में उनका विवाह हो गया था। कांग्रेस नेता विनय सिंह ने कहा कि जब अवध मुक्ति सेना का गठन हुआ था। तब चहलारी नरेश को किशोरावस्था में ही बेगम हजरत महल ने विरजीस कदर से टीका लगवाकर राजतिलक कराया था। उन्होंने टिकोरा मोड़ पर चहलारी नरेश की प्रतिमा लगाकर उसे चहलारी नरेश चौराहा के रूप में स्थापित करने की पुरजोर मांग की तथा चहलारी रेलवे बनाकर चहलारी नरेश के नाम से रेलवे स्टेशन स्थापित करने की भी मांग दोहराई। इस दौरान संचालक, इन्द्र कुमार यादव, ध्रुव राज सिंह, रमेश चन्द्र मिश्र, मोलहू राम बौद्ध, नसीम, इदरीसी, अमर सिंह वर्मा सहित कई लोगों ने सम्बोधित किया।