: युवक की मौत के बाद कोतवाली नगर पुलिस का जागा जमीर, दो हमलावर गिरफ्तार
Sun, Jun 9, 2024
पान खाने के दौरान हुए विवाद में दुकानदार ने लोहे की राड से किया था हमला
इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर में घायल की हुई थी मौत
बहराइच। पान खाने के दौरान पैसों को लेकर हुई कहासुनी के बाद राड से किए गए हमले में घायल हुए व्यक्ति की मौत के बाद आखिरकार कोतवाली नगर पुलिस जागी और दो आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गौरतलब हो कि बीते 2 जून को कोतवाली नानपारा के मोहल्ला किला निवासी मुजीब अहमद व उनके दोस्त अतीक अहमद उर्फ अच्छे पुत्र रफीक निवासी पुरानी बाजार नानपारा खरीददारी के लिए बहराइच आए हुए थे। वापसी जाते समय नानपारा मार्ग के झिगहा पुल पर स्थित पान की दुकान पर पान खाने के लिए रूके थे। दुकानदार ने पान की कीमत 20 रूपये बतायी थी। उसी को लेकर दुकानदार व इन लोगों के बीच कहासुनी हुई थी। जिसके बाद राजू यादव पान भण्डार के मालिक अनिल यादव ने अपने तीन चार अन्य साथियों के साथ इन दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया था तथा भागते समय मो.अतीत उर्फ अच्छे के सर पर अनिल यादव द्वारा लोहे की राड से मार कर घायल कर दिया गया था। मौके पर 112 नम्बर पुलिस ने पहुंचकर मो.अतीक उर्फ अच्छे पर शहर के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर रिफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार 7 जून को मो.अतीक उर्फ अच्छे की ट्रामा सेंटर में मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में मुअसं. 167/24 धारा 147, 308, 323, 342, 304 के तहत कोेतवाली नगर में मामला दर्ज किया था। युवक की मौत के बाद कोतवाली नगर पुलिस का जमीर जागा और हमले के आरोपी गुड्डू उर्फ अनिल यादव, राजू यादव पुत्र राजेन्द्र यादव पुत्रगण राममूरत यादव निवासीगण आजाद इण्टर कालेज के पीछे वशीरगंज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
: बेटी को नहीं मिला इलाज तो धरने पर बैठे पूर्व विधायक के पुत्र
Sat, Jun 8, 2024
बहराइच। बेटी को इलाज न मिलने के चलते पूर्व विधायक के पुत्र शनिवार को मेडिकल कालेज के इमरजेंसी गेट पर धरने पर बैठ गए। आरोप है कि दो घण्टा बीतने के बावजूद भी उनकी बेटी का इलाज चिकित्सकों ने नहीं शुरू किया। विधायक पुत्र के धरने पर बैठते ही पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया। सीएमएस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें मनाने का प्रयास किया पर वह मानने को तैयार नहीं हुए। ज्ञातव्य हो कि नानपारा के पूर्व भाजपा विधायक दिवंगत जटाशंकर सिंह के पुत्र बृजेन्द्र पाल सिंह की बेटी श्रेष्ठा सिंह 15 वर्ष की शनिवार को अचानक तबियत खराब हो गई। जिसे सास लेने में समस्या हो रही थी। जिस पर दोपहर को विधायक पुत्र अपनी बेटी को लेकर मेडिकल कालेज के इमरजेंसी में आये। जहां इलाज शुरू नहीं हो सका। जिस पर उन्होंने डा.रजत के चेम्बर में पहुंचकर उनसे इलाज करने की गुजारिस की। बावजूद इसके वह भी बेटी को देखने नहीं आए। जिससे नाराज पूर्व विधायक के पुत्र बृजेन्द्र पाल परिसर समेत इमरजेंसी के सामने धरने पर बैठ गए। सीएमएस डा.एम.एम.त्रिपाठी ने उन्हें समझाया और वह नहीं माने। पुलिस मौके पर पहुंची और विधायक पुत्र को समझाने का प्रयास कर रही थी।
: एएसपी द्वारा की गई विवेचनाओं की समीक्षा
Sat, Jun 8, 2024
अर्दली रूम कर मातहतों को दिए निर्देश
बहराइच। अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा द्वारा पुलिस चौकी घंटाघर पर थाना कोतवाली नगर के विवेचकों का अर्दली रूम कर विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। लंबित विवेचनाओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए तथा अनावरण हेतु शेष अभियोगो का शीघ्र अनावरण करते हुए बरामदगी, गिरफ्तारी करने के साथ, थाना क्षेत्र में घटित हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर पूर्ण अंकुश लगाने व थाना चार पहिया, दो पहिया वाहन व बैंको की नियमित रूप से चेकिंग करते हुए अपेक्षित कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। विवेचना की समीक्षा करने के उपरांत सदर मालखाना का भी निरीक्षण किया गया।