: ननद की पिटाई से घायल भौजाई की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत
Fri, Jun 14, 2024
बहराइच। ननद की पिटाई से घायल भौजाई की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। गौरतलब हो कि थाना दरगाह अन्तर्गत सलारगंज निवासिनी रानी 24 वर्ष के पति रफीक मुम्बई में रहकर नौकरी करता है। पांच दिन पूर्व वह अपनी को खरीददारी के लिए कुछ पैसे भेजे थे। जिस पर वह खरीददारी कर सामान घर पर लायी थी। सामान बटवारे को लेकर ननद भौजाई में विवाद हुआ था। जिसके बाद ननद ने लोहे की राड से भौजाई पर हमला कर दिया था। हमले के चलते भौजाई घायल हो गई थी। जिसे इलाज के लिए शहर के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने महिला को ट्रामा सेंटर रिफर कर दिया था। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को भौजाई की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में ननंद के विरूद्ध मृतका के पिता की तहरीर पर गैर इरादन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतक महिला तीन माह की गर्भवती भी थी तथा उसका मायका कोतवाली देहात अन्तर्गत सुल्तानपुरवा में है।
: पचास हजार का ईनामिया अभियुक्त गिरफ्तार
Fri, Jun 14, 2024
कैसरगंज पुलिस व स्वाट टीम द्वारा की गई गिरफ्तारी
बहराइच। कैसरगंज पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम द्वारा मासूम बालिका से दुष्कर्म व हत्या के बाद शव को छिपाने में अपने भाई की मदद करने वाले फरार चल रहे 50 हजार रूपये के ईनामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल रवाना कर दिया। आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहा था। ज्ञातव्य हो कि थाना कैसरगंज अन्तर्गत एक गांव निवासिनी छह वर्षीय बालिका को बीते 21 फरवरी को गांव के ही राजेश उर्फ लाला ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को सरसों के खेत में फेंक दिया था। मामले में न्यायालय पाक्सों एक्ट द्वारा मुख्य अभियुक्त राजेश उर्फ लाला पुत्र पृथ्वी निवासी सलहुआ को लगभग दस दिन पूर्व फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। जबकि शव को छिपाने में मदद करने के चलते उसके भाई कल्लू वर्मा मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहा था। जिस पर डीआईजी देवीपाटन मण्डल द्वारा अभियुक्त कल्लू वर्मा पर ईनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रूपये कर दिया गया था। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया कि फरार आरोपी कल्लू वर्मा पुत्र पृथ्वी वर्मा निवासी सलहुआ को गुरूवार को थाना कैसरगंज के नत्थनपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी कल्लू वर्मा के विरूद्ध थाना कैसरगंज में गैगेस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित नौ मामले पहले से ही दर्ज है। गिरफ्तारी में कोतवाली प्रभारी कैसरगंज राजनाथ सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अनुज त्रिपाठी व उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।
: बेलहा-बेहरौली तटबन्ध का डीएम ने किया निरीक्षण
Fri, Jun 14, 2024
बहराइच। जनपद में संभावित बाढ़ से पूर्व बेलहा-बेहरौली तटबन्ध की सुरक्षा तथा संचालित हो रहे कटान रोधी कार्यों का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मोनिका रानी ने महसी क्षेत्र के बौण्डी, गोलागंज, कायमपुर, पिपरा-पिपरी, किसानगंज चौराहा, मुरव्वा, मुंसरी, भगवानपुर चौराहा इत्यादि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान डीएम ने बौण्डी के पास बेलहा-बहरौली तटबंध के स्पर नम्बर 01 पर व कोढ़वा में कराये जा रहे कटान रोधी कार्य का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सरयू ड्रेनेज खण्ड के सहायक अभियन्ता बी.बी. पाल ने बताया कि घाघरा नदी के बायें तट पर स्थित बेलहा-बेहरौली तटबन्ध की कुल लम्बाई 95.00 कि.मी. है। तटबन्ध के कि.मी. 55.700 पर निर्मित स्पर नम्बर 01 की सुरक्षा हेतु रू. 375.05 लाख की लागत से कटान रोधी कार्य चल रहा है। जिसमें 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण है। इस कार्य से जहां 6700 की जनसंख्या लाभान्वित होगी वहीं 6690 हेक्टेयर कृषि भूमि की सुरक्षा होगी। सहायक अभियन्ता श्री पाल ने बताया कि तटबन्ध के ग्राम समूह कोढ़वा, करैहना एवं पिपरी की कटान से सुरक्षा हेतु रू. 447.80 लाख की लागत से कटान रोधी कार्य कराया गया है। यह कार्य पूर्ण हो चुका है। इस परियोजना से जहां 7600 की जनसंख्या लाभान्वित होगी वहीं 6375 हेक्टेयर कृषि भूमि की सुरक्षा होगी। डीएम ने मौके पर मौजूद अधि.अभि. लो.नि.वि. प्रान्तीय खण्ड प्रदीप कुमार को निर्देश दिया कि कटान रोधी कार्य में प्रयुक्त की जा रही सामग्री की सैम्पुलिंग करा ली जाय। सरयू ड्रेनेज़ खण्ड के अधिकारियों को निर्देश दिया कि तटबन्धों व स्परों की सुरक्षा के दृष्टिगत रेनकट व रैट होल का सघनता के साथ निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत करा दें। निरीक्षण के दौरान नदी में हो रहे ड्रेज़िंग कार्य के बारे में सहायक अभियन्ता ने डीएम को बताया कि यह कार्य टेक्निकल डिवीज़न वाराणसी द्वारा कराया जा रहा है। डीएम ने तहसील प्रशासन व ड्रेनेज़ खण्ड के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आनगोईंग कार्यों को बाढ़ से पूर्व पूर्ण करा लिया जाय तथा तटबन्धों तथा स्परों की सुरक्षा के लिए निगरानी रखी जाय। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी महसी अखिलेश कुमार सिंह, सहायक अभियन्ता लो.नि.वि. अंकित वर्मा व एस.के. वर्मा, नायब तहसीलदार राजदीप यादव, थानाध्यक्ष बौण्डी ज्ञान सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।