: घाघरा नदी में नहाते समय लखनऊ के तीन युवक डूबे, मौत
Mon, May 6, 2024
गर्मी से निजात पाने के लिए नदी में गए थे नहाने
बहन की विदाई कराने लखनऊ से जरवलरोड आये थे युवक
बहराइच। रिश्तेदारी में बहन की विदाई कराने आये तीन युवकों की घाघरा में नहाते समय डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने तीनों को सीएचसी मुस्तफाबाद लाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना थाना जरवलरोड की है। जहां तप्पेसिपाह निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रामतेज निषाद के लडके की बीते 25 मई को शादी थी। शादी लखनऊ से हुई थी। शादी के बाद लखनऊ से विदाई कराने रिश्तेदार आये हुए थे। जिसमें सचिन पुत्र हनुमान 18 वर्ष निवासी खदरा लखनऊ, अचिन पुत्र सुशील 20 वर्ष निवासी रैथा थाना बीकेटी लखनऊ, सरवन निषाद पुत्र राम लखन 20 वर्ष निवासी मुसैदा लखनऊ भी शामिल थे। गर्मी के चलते यह तीनों घाघरा नदी में नहाने लगे। नहाते समय एक युवक डूबने लगा। जिसको बचाने के प्रयास में एक-एक कर तीनों डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों को नदी से निकलवाकर इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया कि जरवलरोड थाना क्षेत्र में दुखद घटना घटित हुई है। गर्मी के चलते युवक नदी में नहाने गए थे। जहां एक युवक की डूबते समय बचाने के प्रयास में तीनों नदी में डूब गए। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
: अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार की मौत
Mon, May 6, 2024
बहराइच। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मार्ग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। मृतकों में तहसील पयागपुर के दो कर्मचारी भी शामिल है। गौरतलब हो कि देवरिया जनपद के तरकुलवा थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव निवासी नितेश पाण्डेय पुत्र विनोद पाण्डेय 35 वर्ष जो पयागपुर तहसील में जीप चालक के पद पर कार्यरत थे। जबकि गोण्डा जनपद के तरबगंज निवासी प्रेम चन्द्र पुत्र बृजमोहन 35 वर्ष तहसील में रसोईयां के पद पर कार्यरत थे। बीती रात्रि दोनों कार से गोण्डा से पयागपुर जा रहे थे। तभी बहराइच राजमार्ग पर विशेश्वरगंज थानान्तर्गत कार अनियंत्रित होकर पेड से टकरा गई। पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। वही मोतीपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मिहीपुरवा के वार्ड नंबर चार निवासी सईद अहमद 20 पुत्र समीउल्ला की बाइक को कतरनिया बिछिया मार्ग पर मोतीपुर पुलिया के पास ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार पुलिया से नीचे गिर गया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिसकी रास्ते में मौत हो गई। बाइक सवार मिहिपुरवा से मोतीपुर गांव जा रहा रहा था। श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र के रामपुर कटेल गांव निवासी संजय गौतम 24 पुत्र बच्चे लाल बाइक से बदला चौराहे से रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। रात नौ बजे दरगाह थाना क्षेत्र के दुकारपुर टोल टैक्स के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
: डीएम ने किया नगर क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का भ्रमण
Mon, May 6, 2024
मतदाता पर्ची वितरण कार्य का लिया जायजा
शत प्रतिशत मतदाता पर्ची वितरण करने के बीएलओ को दिये निर्देश
बहराइच। लोकसभा चुनाव अन्तर्गत शत-प्रतिशत मतदाता पर्ची वितरण सुनिश्चित कराए जाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी मोनिका रानी ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 286-बहराइच के मतदान केन्द्र आदर्श संस्कृता आयुर्वेद महाविद्यालय काजीकटरा के बूथ संख्या 51 व 52 तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (जिला कुष्ठ चिकित्सा कार्यालय) पानी टंकी सलारगंज के बूथ संख्या 43 का निरीक्षण कर मतदाता पर्ची वितरण कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाताओं से पर्ची वितरण का फीडबैक भी प्राप्त किया। डीएम ने बूथ लेबिल अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी दो दिवस के अन्दर शत प्रतिशत मतदाता पर्ची का वितरण सुनिश्चित कराये ताकि मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में किसी प्रकार की सुविधा न हो। डीएम ने जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, पर्यवेक्षकों सहित सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्र में दो दिवस के अन्दर शत प्रतिशत मतदाता पर्चियों का वितरण सुनिश्चित कराये अन्यथा सम्बन्धित के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जायेगी। डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्र में संघन भ्रमण कर शत प्रतिशत मतदाता पर्ची का वितरण सुनिश्चित कराये।