: करंट की चपेट में आकर वृद्ध की मौत, दो अन्य घायल
Fri, May 3, 2024
बहराइच। हाईटेशन लाइन में पाइप छू जाने के चलते करंट की चपेट में वृद्ध आ गया। वृद्ध को बचाने दौड़े दो अन्य भी करंट से झुलस गए। जिसके चलते वृद्ध समेत तीन झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां वृद्ध को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना थाना हरदी अर्न्तगत गदामार कला की है। जहां गांव निवासी तुलसीराम पुत्र राम आसरे पुराने लगे हैण्डपम्प को उखडवा रहे थे। पाइन उखडवाते समय लोहे की पाइन ऊपर से गुजरी एचटी लाइन से छू गई। जिससे उनको करंट लग गया। घटना देख उनका बेटा मिश्रीलाल व तीरथ पुत्र गंगू तुलसीराम को बचाने दौड़े। जिसके चलते वह भी दोनों करंट की चपेट में आ गए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां तुलसीराम की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज रिफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान तुलसीराम की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
: कास्य पदक विजेता महिला आरक्षी को एसपी ने किया सम्मानित
Fri, May 3, 2024
बहराइच। अखिल भारतीय पुलिस द्वारा आयोजित वॉलीबाल कलस्टर प्रतियोगिता में जनपद बहराइच से उत्तर प्रदेश पुलिस “सेपक टकरा टीम” की पदक विजेता महिला आरक्षी को पुलिस अधीक्षक श्रीमती वृन्दा शुक्ला द्वारा सम्मानित’ किया गया। आल इण्डिया पुलिस की बीते 26 फरवरी से 02 मार्च तक नागपुर (महाराष्ट्र) में आयोजित 72वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉलीबाल कलस्टर प्रतियोगिता में ’उत्तर प्रदेश पुलिस सेपक टकरा टीम’ की ओर से जनपद बहराइच की महिला आरक्षी शशि प्रभा द्वारा प्रतिभाग कर कड़ी मेहनत एवं लगनशीलता का परिचय देते हुये टीम ईवेन्ट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुये तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अर्जित किया गया। महिला आरक्षी शशि प्रभा के इस कुशल खेल प्रदर्शन के लिये पुलिस अधीक्षक श्रीमती वृन्दा शुक्ला द्वारा उन्हे सम्मानित करते हुये उज्ज्वल भविष्य के लिये शुभकामनायें दी गयी।
: जनपद में ईवीएम कमिशनिंग का कार्य हुआ प्रारम्भ
Fri, May 3, 2024
बहराइच। लोकसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया को सकुशल एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न कराने के लिए 56-बहराइच (अ.जा.) संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में अवस्थित विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों 282-बलहा (अ.जा.), 283-नानपारा, 284-मटेरा, 285-महसी, 286-बहराइच के लिए इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों की कमिशनिंग का कार्य भेल के इंजीनियरों की देख-रेख में कृषि उत्पादन मण्डी समिति सलारपुर में प्रारम्भ हो गया है। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने नवीन कृषि उत्पादन मण्डी समिति सलारपुर का निरीक्षण किया तथा इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों की कमिशनिंग के लिए की गई तैयारियों का जायज़ा लिया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार गल्ला मण्डी परिसर में संचालित कमिशनिंग कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराये जाने हेतु प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 25-25 कर्मचारियों को लगाया गया है। ईवीएम कमिशनिंग कार्य के दौरान बीपीसीयू तथा वीवी पेट को कनेक्ट करने के साथ-साथ बैलेट कमिशनिंग का कार्य भी किया जा रहा है। गल्ला मण्डी परिसर में ही विधानसभा वार अलग-अलग स्ट्रांग रूम भी बनाये गये हैं। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग आफिसर्स सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।