: चालक को झपकी आने से डिवाइडर से टकराकर पलटी कार
Tue, May 7, 2024
बारात से लौट रहे आठ घायल
कैसरगंज, बहराइच। बारातियों को वापस ला रही कार तड़के डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। जिसके चलते आठ बाराती घायल हो गए। घायलों में एक मासूम भी शामिल है। इलाज के लिए सभी को शहर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से मासूम की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। गौरतलब हो कि लखनऊ के चौक बाजार निवासी नसीम की बेटी नगमा की शादी बहराइच के मोहल्ला नाजिरपुरा मोहल्ला सारिक पुत्र रौनक अली से तय हुई थी। जिस पर सारिक बारात लेकर सोमवार को लखनऊ गए थे। रात दो बजे के आसपास बारात वापस आने के लिए रवाना हुई। कार सवार बराती लखनऊ बहराइच मार्ग कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र करीम बेहड़ गांव के पास मंगलवार सुबह पांच बजे पहुंचे। तभी कार चालक दानिश को झपकी आ गई। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। जिसमें बराती हिना, अरविश, चांदनी, फजाइल, फरजान, रजिया और मोहम्मद जैन समेत आठ घायल हो गए। पीछे से आ रही बरात में शामिल दूसरी कार से सभी लादकर मेडिकल कॉलेज लाया गया। घटना के चलते यहां परिवार में कोहराम मच गया।
घाघरा में पैर फिसलने से दो किशोरियां डूबी, एक की मौत
मिहिपुरवा, बहराइच। जानवरों को चराने के लिए नदी किनारे गई किशोरियों का पैर नदी में फिसल जाने के चलते दो किशोरिया डूब गई। एक की तो मौत हो गई पर दूसरे को ग्रामीणों ने बचा लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भग्गापुरवा निवासी रेशमी 14 पुत्री राजेंद्र प्रसाद पड़ोसी सरोज की बेटी के साथ भैंस को घास चराने के लिए गई थी। गायघाट स्थित घाघरा नदी के तट पर घास चराने के बाद दोनों मवेशियों को पानी पिलाने लगीं। तभी दोनों किशोरियां मवेशियों को बाहर निकालने के चक्कर में पानी में डूब गईं। आसपास मौजूद लोगों ने एक किशोरी को बचा लिया। जबकि रेशमी की पानी में डूबकर मौत हो गई।
: साइबर क्राइम से बचाव के सिखायें गए गुर
Tue, May 7, 2024
गुरू कृपा डिवाइन ग्रेस स्कूल में साइबर क्राइम से बचाव को लेकर कार्यशाला का आयोजन
बहराइच। हुजूरपुर रोड स्थित गुरू कृपा डिवाइन ग्रेस पब्लिक स्कूल में साइबर क्राइम जागरूकता अभियान के तहत एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें साइबर क्राइम को लेकर स्कूल के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को जानकारियां दी गई व साइबर क्राइम से बचाव के तौर तरीके बताये गए। साइबर क्राइम थाना के निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी, का.रीना शुक्ला, विनय वर्मा व अंकित सिंह द्वारा बताया गया कि साइबर क्राइम होने की दशा में हेल्प लाइन नम्बर 1930 का उपयोग किया जाये तथा साइबर क्राइम पुलिस को बताया जाये। मोबाइल पर किसी अंजान लिंक को न खोला जाए तथा किसी को ओटीपी व एटीएम पिन न बताया जाये। बालिकाओं व महिलाओं के अपराध को लेकर हेल्प लाइन नम्बर व पुलिस की आपातकालीन सेवाओं 1090, 1098, 1076, 112, 181, 108 का उपयोग किया जाये। कार्यशाला में साइबर क्राइम से बचाप के लिए छात्र-छात्राओं को पम्पलेट भी बांटे गए। कार्यशाला के दौरान विद्यालय की संस्थापक/प्रबन्धक छवि रायतानी सहित अन्य स्टाफ व छात्र-छात्राएं मौजूद रही।
: सपा सरकार में नौजवानों को पकड़ाया जाता था तमंचा, हमारी सरकार ने टैबलेट देने का किया कामः योगी आदित्यनाथ
Tue, May 7, 2024
सपा, कांग्रेस व बसपा पर जमकर बोला हमला
जनसमुदाय से डा.आनन्द गोड को जिताने की अपील
कुंवर दिवाकर सिंह
बहराइच। सहादत इण्टर कालेज नानपारा, बहराइच। बैशाख की तपती दुपहरी ऊपर से पछुआ हवाओं की तपिस के साथ चढ़ा चुनावी पारा। चढे चुनावी पारे के बीच दोपहर ढाई बजे जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उडन खटोला आसमान में गडगडया तो एकबारगी उपस्थित जन समुदाय की निगाहें आसमान को निहारने लगी। उडन खटोला से उतरते ही पलक पावडे बिछायें भाजपाईयों ने गर्मजोशी से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। भारी तपिस के बावजूद भी जन समुदाय की भारी भीड़ देखकर मुख्यमंत्री गदगद दिखे। सभी का अभिवादन करने के बाद वह मंच पर पहुंचे और अपना भाषण शुरू किया। महाराजा सुहेलदेव व चहलारी नरेश बलभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि उनकी जन्मस्थली पर आप सभी का हृदय से स्वागत है। भीषण गर्मी के बावजूद भी सभी का जोश और सोंच भारतीय जनता पार्टी के अग्रिम विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बहराइच की जनता राष्ट्रवाद के साथ हमेशा खड़ी रही है। जिसके चलते आप सभी को नमन है। दो चरणों में भाजपा व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति जनता का आपार स्नेह देखने को मिला है। तीसरे चरण में भी वहीं रूझान चल रहा है। जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि भारतीय जनता पार्टी सभी के सभी 80 सींटे जीतने जा रही है। उन्होंने माफियावाद पर वार करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने माफियावाद को खत्म कर विकास को बढ़ावा दिया है। जिसके चलते माफियाओं के हौसले पस्त हुए है। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान में रहकर पाकिस्तान का राग अलापने वालों का वही हाल होगा जो महाराजा सुहेलदेव ने बहराइच में सैयद सालार मसूद गाजी का किया था। पाकिस्तान का नारा लगाने वालों पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान जाओं भूखों मरो, भारत पर बोझ मत बनो। यहां गरीबों को मुफ्त में राशन मिलता है। उनके लिए सरकारी योजनाएं संचालित है। मुफ्त में इलाज होता है। समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा की सरकार में नौजवानों के हाथों में तमंचे पकड़ाये जाते थे। हमारी सरकार ने उनको टेबलेट पकड़ाने का काम किया है। अपने भाषण के दौरान वे कांग्रेस और बसपा पर भी हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा मौजूदा सांसद अक्षैयर लाल गोड के पुत्र डा.आनन्द गोड को टिकट दिया है। आप सभी उनको भारी बहुमत से विजयी बनाये। जिससे यहां की आवाज दिल्ली तक पहुंच सके। सभा के बाद उनका उडन खटोला लखनऊ के लिए रवाना हो गया। सभा के दौरान सांसद अक्षयवर लाल गोड, प्रदेश उपाध्यक्ष पदमसेन चौधरी, महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, रूपईडीहा नगर पंचायत अध्यक्ष डा.उमा शंकर वैश्य, गौरव वर्मा सहित हजारों की संख्या में जन समुदाय मौजूद रहा।
बाक्स
एक का टूटा पैर
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मीडिया मंच टूटने से एक व्यक्ति का पैर टूट गया। जिसे इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां से उसे बहराइच मेडिकल कालेज रिफर कर दिया गया।
बाक्स
ई-रिक्शा संचालन पर प्रतिबन्ध से परेशान रहे यात्री
बाजार में ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाने के चलते यात्री परेशान देखे गए। बसों को भी निर्धारित बस स्टैण्ड पर नहीं जाने दिया गया। बाईपास से उन्हें रूपईडीहा की तरफ डाइवर्ट कर दिया गया। जिसके चलते बस से उतरकर अपने गनत्व्य को जाने के लिए लोग परेशान रहे। वहीं बहराइच से डयूटी में गई कई महिला व पुरूष पुलिसकर्मी सीएम के कार्यक्रम तक पहुंचने के लिए परेशान रहे।