: दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट का 25 हजार रूपये का ईनामिया अभियुक्त गिरफ्तार
Mon, May 6, 2024
पहचान बदलकर मुम्बई में रहकर पुलिस को दे रहा था चकमा
बहराइच। मोतीपुर पुलिस व एसओजी/सर्विलास टीम द्वारा बीते दस वर्षों से फरार 25 हजार रूपये ईनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया कि एसओजी प्रभारी अनुज त्रिपाठी व थाना मोतीपुर प्रभारी दद्दन सिह के नेतृत्व में गठित पुलिस व एसओजी टीम द्वारा मुअसं. 7/14 धारा 376, 342, 506 आईपीसी व 3/4 पाक्सो एक्ट से सम्बन्धित 25 हजार रूपये का ईनामिया अभियुक्त अरशद पुत्र नन्हें उर्फ इरफान अंसारी निवासी पचपेडवा जनपद बलरामपुर वर्तमान पता भिवन्डी ठाडे महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त 2014 से फरार चल रहा था तथा घटना के बाद अपने गृह जनपद बलरामपुर से मुम्बई में रहने लगा था। वह अपनी पहचान छिपाकर पुलिस के चंगुल से बच रहा था। बलरामपुर में परिजनों से पता करने पर उन्होंने मुम्बई कमाने जाने की बात बताई। इसी को आधार बनाकर जांच पड़ताल कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक मोतीपुर दद्दन सिंह, उप निरीक्षक नीरज कुमार, उप निरीक्षक म.का.प्रतिमा यादव, अश्वनी कुमार पाण्डेय, प्रभारी सर्विलांस सेल संतोष कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी अनुज त्रिपाठी, हे.का.गुड्डू पाण्डेय, हे.का.रवि शंकर पाण्डेय, हे.का.राजू सिंह, हे.का.करूणेश शुक्ला, हे.का.अनंत यादव, हे.का.विनय कनौजिया, हे.का.प्रदीप कुशवाहा, का.शिवओम अग्निहोत्री, का.आदर्श भट्, का.नितिन अवस्थी, का.आनन्द उपाध्याय, का.नितिन अग्निहोत्री शामिल रहे।
: घाघरा नदी में नहाते समय लखनऊ के तीन युवक डूबे, मौत
Mon, May 6, 2024
गर्मी से निजात पाने के लिए नदी में गए थे नहाने
बहन की विदाई कराने लखनऊ से जरवलरोड आये थे युवक
बहराइच। रिश्तेदारी में बहन की विदाई कराने आये तीन युवकों की घाघरा में नहाते समय डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने तीनों को सीएचसी मुस्तफाबाद लाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना थाना जरवलरोड की है। जहां तप्पेसिपाह निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य रामतेज निषाद के लडके की बीते 25 मई को शादी थी। शादी लखनऊ से हुई थी। शादी के बाद लखनऊ से विदाई कराने रिश्तेदार आये हुए थे। जिसमें सचिन पुत्र हनुमान 18 वर्ष निवासी खदरा लखनऊ, अचिन पुत्र सुशील 20 वर्ष निवासी रैथा थाना बीकेटी लखनऊ, सरवन निषाद पुत्र राम लखन 20 वर्ष निवासी मुसैदा लखनऊ भी शामिल थे। गर्मी के चलते यह तीनों घाघरा नदी में नहाने लगे। नहाते समय एक युवक डूबने लगा। जिसको बचाने के प्रयास में एक-एक कर तीनों डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों को नदी से निकलवाकर इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने बताया कि जरवलरोड थाना क्षेत्र में दुखद घटना घटित हुई है। गर्मी के चलते युवक नदी में नहाने गए थे। जहां एक युवक की डूबते समय बचाने के प्रयास में तीनों नदी में डूब गए। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
: अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार की मौत
Mon, May 6, 2024
बहराइच। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मार्ग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। मृतकों में तहसील पयागपुर के दो कर्मचारी भी शामिल है। गौरतलब हो कि देवरिया जनपद के तरकुलवा थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव निवासी नितेश पाण्डेय पुत्र विनोद पाण्डेय 35 वर्ष जो पयागपुर तहसील में जीप चालक के पद पर कार्यरत थे। जबकि गोण्डा जनपद के तरबगंज निवासी प्रेम चन्द्र पुत्र बृजमोहन 35 वर्ष तहसील में रसोईयां के पद पर कार्यरत थे। बीती रात्रि दोनों कार से गोण्डा से पयागपुर जा रहे थे। तभी बहराइच राजमार्ग पर विशेश्वरगंज थानान्तर्गत कार अनियंत्रित होकर पेड से टकरा गई। पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। वही मोतीपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मिहीपुरवा के वार्ड नंबर चार निवासी सईद अहमद 20 पुत्र समीउल्ला की बाइक को कतरनिया बिछिया मार्ग पर मोतीपुर पुलिया के पास ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार पुलिया से नीचे गिर गया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिसकी रास्ते में मौत हो गई। बाइक सवार मिहिपुरवा से मोतीपुर गांव जा रहा रहा था। श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना क्षेत्र के रामपुर कटेल गांव निवासी संजय गौतम 24 पुत्र बच्चे लाल बाइक से बदला चौराहे से रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। रात नौ बजे दरगाह थाना क्षेत्र के दुकारपुर टोल टैक्स के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।