: जनसमस्याओं का निस्तारण समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ करेंः डीएम
Sat, Sep 21, 2024
सम्पूर्ण समाधान में दिवस पर 377 शिकायतों में से 45 का हुआ निस्तारण
डीएम की अध्यक्षता में कैसरगंज में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
बहराइच। तहसील कैसरगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक बृन्दा शुक्ला ने मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, उप जिलाधिकारी कैसरगंज आलोक प्रसाद आईएएस, उप जिलाधिकारी न्यायिक लालधर सिंह यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी कैसरगंज अनिल कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ आये हुए फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवसों में एक ही प्रकरण के सम्बन्ध में बार-बार प्राप्त होने वाले प्रार्थना-पत्रों के निस्तारण के लिए जिला स्तरीय अधिकारी मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराएं। डीएम द्वारा सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि जनसमस्याओं का निस्तारण समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ करें। निस्तारण में अनावश्यक हीला-हवाली को अत्यन्त गम्भीरता के साथ लिया जाएगा। डीएम ने निर्देश दिया कि न्यायालय द्वारा निर्णित प्रकरणो में समय से पैमाइश सुनिश्चित की जाय। डीएम ने सचेत किया कि ऐसे प्रकरणों में यदि किसी प्रकार के विलम्ब की शिकायत मिलती है तो सम्बन्धित को निलम्बित करने की कार्यवाही की जाएगी। डीएम ने कहा कि अतिक्रमण से मुक्त कराये गये मार्गों, सार्वजनिक स्थानों इत्यादि पर दोबारा कब्जे की शिकायत मिलने पर सम्बन्धित के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराते हुए नियमानुसार कार्यवाही की जाय। उल्लेखनीय है कि तहसील पयागपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 78 में 06, कैसरगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 203 में 16, नानपारा में 43 में 15, मिहींपुरवा (मोतीपुर) में 14 में 02, महसी में 24 में 03 तथा तहसील सदर में प्राप्त 15 प्रार्थना-पत्रों में से 03 का निस्तारण मौके पर किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश शर्मा, उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही, जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर गुप्ता, अधि.अभि. लो.नि.वि. अमर सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ राजेश उपाध्याय अन्य सम्बन्धित अधिकारी, बीडीओ, बीईओ, सीडीपीओ व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
: विभिन्न योजनाओं से आच्छादित होंगे मानव वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित परिवार
Sat, Sep 21, 2024
बहराइच। तहसील महसी अन्तर्गत मानव वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित परिवारों को विभिन्न प्रकार की पेंशन योजनाओं, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय स्वच्छता कार्यक्रम, उज्ज्वला योजना, विद्युत कनेक्शन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा अन्य विभागीय योजनाओं से आच्छादित किया जाना है। इस सम्बन्ध में शुक्रवार को देर शाम जिलाधिकारी मोनिका रानी ने सम्बन्धित अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में निर्देश दिया कि स्थलीय सत्यापन कर यह देख लिया जाय कि प्रभावित परिवारों को विभागीय योजनाओं का लाभ मिल रहा है अथवा नहीं। डीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सत्यापन के दौरान इस बात की भी जानकारी प्राप्त की जाय कि मानव वन्यजीव संघर्ष में मानव व पशुओं की जनहानि अथवा घायल होने पर सम्बन्धित परिवार वारिसान को सरकारी मुआवज़ा मिल गया है। यदि मुआवज़ा मिल गया है तो उसका पूर्ण विवरण और न मिलने की दशा में कारणों का भी उल्लेख किया जाय। डीएम ने प्रभागीय वनाधिकारी को निर्देश दिया कि मानव वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित परिवारों के आवास, झोपड़ी में दरवाजा, बांस का टट्टर लगाये जाने की व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए आरा मशीन स्वामियों से भी सहयोग प्राप्त किया जाय। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच अजीत प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी महसी अखिलेश कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. राजेश उपाध्याय, जिला पंचायत राज अधिकारी राघवेन्द्र द्विवेदी, पीडी डीआरडीए अरूण कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी, अधि.अभि. विद्युत नानपारा रंजीत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर गुप्त, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी बी.पी. सत्यार्थी, खण्ड विकास अधिकारी महसी हेमन्त यादव सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: दलित नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को 20 वर्ष की सजा
Fri, Sep 20, 2024
बहराइच। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को न्यायालय द्वारा 20 वर्ष का कठोर कारावास की सजा सुनाते हुए 1 लाख 05 हजार रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है। मामला थाना कैसरगंज का है। जहां आरोपी रकीम उर्फ इरफान पुत्र रईस 25 जुलाई 2021 को बालिका को बहलाफुसलाकर भगा ले गया था। विवेचना तत्कालीन क्षेत्राधिकारी कमलेश कुमार सिंह द्वारा पूरी कर 25 सितम्बर 2021 को धारा 376 व पाक्सो एक्ट तथा 3 (2) दलित एक्ट के तहत पाक्सों एक्ट की अदालत पर दाखिल की गई थी। न्यायालय पाक्सो एक्ट दीपकांत मणि की अदालत द्वारा दोनों पक्षो की बहस सुनने के बाद आरोपी रकीम उर्फ इरफान को 20 वर्ष की सजा सुनाई गई व 1 लाख 05 हजार का जुर्माना भी लगाया गया। जुर्माना न अदा करने पर आरोपी को 10 माह का अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी पड़ेगी।
चरस तस्कर को 10 वर्ष का कारावास
बहराइच। न्यायालय द्वारा चरस तस्कर को 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाते हुए एक लाख रूपये का अर्थदण्ड भी लगाया गया है। आरोपी अमर बहादुर धर्ती पुत्र बुद्धिराम निवासी साख थाना जूलखेत जिला रूपम नेपाल के पास से बीते 5 दिसम्बर 2021 को भारत-नेपाल सीमा से 5 दिसम्बर 2021 को 4 किलो चरस बरामद की गई थी। जिसका मुकदमा न्यायालय पर विचाराधीन था। आरोपी को न्यायालय एसएसजे चतुर्थ स्पेशल जज पीसी एक्ट द्वारा आरोपी को दोषी पाये जाने पर 10 वर्ष की सजा सुनाते हुए एक लाख रूपये का अर्थदण्ड लगाया गया है। जुर्माना न अदा करने पर एक साल की अतिरिक्त सजा आरोपी को भुगतनी पड़ेगी।
शांति भोज में मारपीट, महिला समेत चार घायल
पयागपुर, बहराइच। गांव में चल रहे तेरहवीं शांति भोज के दौरान कहासुनी के बाद कुछ लोगों के बीच मारपीट हो गयी। जिसमें चार लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में एक महिला भी शामिल हैं। जिन्हें इलाज के लिए शहर के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। ज्ञातव्य हो कि पयागपुर थाना क्षेत्र के भगतपुरवा गांव निवासी ईश्वरदीन के पिता की कुछ दिन पूर्व मौत हो गई थी। जिस पर गुरुवार को तेरहवीं का आयोजन था। घर पर गांव के लोग रात्रि में भोज कर रहे थे। तभी गांव निवासी दयाशंकर से ईश्वरदीन के बेटे राम सरोज से कहासुनी हो गई। इसी बात को लेकर दयाशंकर अपने सात से आठ की संख्या में लोगों को लेकर मौके पर आ धमके। सभी ने लाठी और डंडे से जमकर पीटा। जिसमें मृतक का पोता संदीप कुमार, गुड़िया पत्नी गन्नू, राम सरोज और मोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर चार लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में सभी का इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जायेगी।
युवक का शव आम के पेड़ से लटकता पाया गया
बहराइच। जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र के लोनियन पुरवा गांव निवासी युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 18 वर्षीय युवक लल्लू पुत्र मोहन चौहान का शव आम के पेड़ से लटकता मिला। लल्लू बृहस्पतिवार शाम करीब 5 बजे से गायब थे। जिसके बाद से परिवार और गांव वालों ने उनकी खोजबीन शुरू की थी। शुक्रवार सुबह लल्लू का शव खु्टेहना चौराहा के पास स्थित पूर्व विधायक बृजराज त्रिपाठी के बाग में पेड़ से लटकता हुआ पाया गया।