: एएसपी नगर ने अर्दली रूम कर की विवेचनाओं की समीक्षा
Wed, Sep 25, 2024
लम्बित विवेचनाओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने व यातायात नियमों का पालन कराने के दिए निर्देश
बहराइच। अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा द्वारा थाना दरगाह शरीफ के विवेचकों का अर्दली रूम कर विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। लम्बित विवेचनाओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सम्बन्धित को निर्देशित किया गया तथा शेष अभियोगों का शीघ्र अनावरण करते हुए बरामदगी, गिरफ्तारी करने के साथ, थाना क्षेत्र में घटित हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर पूर्ण अंकुश लगाने व यातायात नियमों का पालन कराये जाने के दृष्टिगत चार पहिया, दो पहिया वाहनों में बिना नम्बर प्लेट, बिना हेलमेट, तीन सवारी, हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट, लाल नीली बत्ती व प्रेसर हॉर्न आदि का चालान करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही बैंको की नियमित रूप से चेकिंग करते हुए अपेक्षित कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। एक्सीडेंट की घटना को ई डीएआर एप पर मौके पर फीडिंग करने के लिए निर्देशित किया गया व आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों को समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया गया। हिट एंड रन एक्सीडेंट से सम्बन्धित प्रारूप को अनिवार्य रूप से भरा जाये जिसके सम्बन्ध में कड़ाई से निर्देशित किया गया। थाने पर पंजीकृत गुमशुदगी व अपहरण से सम्बन्धित अभियोगों का शीघ्र अनावरण कर अपहृत, अपहृता को बरामद करना सुनिश्चित करें। पुलिस महानिदेशक द्वारा विवेचना निस्तारण व एनबीडब्लू की गिरफ्तारी का अभियान चलाया जा रहा है जिसमें शत-प्रतिशत कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। जीआईसी चौकी के अन्तर्गत मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रुप से अंकुश लगाने के दृष्टिगत जीआईसी चौकी इन्चार्ज को नियमित रुप से वाहन चेकिंग व रात्रि गस्त करने के लिए सख्त दिशा निर्देश दिये गये। थाने पर प्राप्त महिला अपराध सम्बन्धी प्रार्थना पत्रों व पंजीकृत अभियोगों के शीघ्र निस्तारण के साथ-साथ महिला अपराध पर अंकुश लगाने के दृष्टिगत मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत थाना क्षेत्र में महिला बीट पुलिस अधिकारी के साथ गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं, बालिकाओं को जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया।
: प्रभावित परिवारों को मोटर दुर्घटना मुआवजा से किया जाये लाभान्वितः डीएम
Tue, Sep 24, 2024
ऐसे स्कूल जो नियमों की अनदेखी करें उनके विरूद्ध की जाये कठोर कार्रवाई
ई-रिक्शा की अवैध चार्जिंग के सम्बन्ध में प्रवर्तन की करें कार्रवाई
शरद ऋतु से पूर्व गन्ना ढुलाई में प्रयुक्त होने वाले वाहनों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप चस्पा करवाएं
डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पुलिस व परिवहन विभाग को निर्देश दिया हिट-एण्ड-रन से सम्बन्धित प्रकरणों में प्रभावित परिवारों को (सोलेसियन स्कीम) मोटर दुर्घटना मुआवजा से लाभान्वित किया जाय। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि ई-रिक्शा की अवैध चार्जिंग के सम्बन्ध में प्रवर्तन की कार्रवाई करें तथा जिन स्थानों पर चार्जिंग की जाती है उन्हें घरेलू से व्यावसायिक कनेक्शन परिवर्तित किया जाय। डीएम ने गन्ना व परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कोहरे व धुंध से होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु शरद ऋतु से पूर्व ही वाहनों विशेषकर गन्ना ढुलाई में प्रयुक्त होने वाले वाहनों ट्रैक्टर-ट्रालियों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप चस्पा करवाएं। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर नगर की सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भिजवाया जाय। उ.प्र.रा.स.परि. निगम के एआरएम ने बताया कि रोडवेज के आसपास के स्थानों से टैक्सी स्टैण्ड संचालित होने से विभाग को राजस्व की हानि हो रही है। इस सम्बन्ध में डीएम द्वारा निर्देश दिये गये नगर मजिस्ट्रेट, सीओ, एआरएम, ईओ व एआरटीओ संयुक्त रूप से जांच कर समस्या का समाधान कराएं। डीएम ने ईओ को यह भी निर्देश दिया गया कि नगर क्षेत्र में उपयुक्त स्थान पर टैक्सी स्टैण्ड बनवाकर विभिन्न स्थानों पर संचालित स्टैण्डों को वहां पर शिफ्ट करा दिया जाय। डीएम ने परिवहन व पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि यातायात नियमों की जानकारी जन-जन तक पहुॅचाये जाने के उद्देश्य से वाल राईटिंग, हैण्डबिल्स, होर्डिंग्स व बैनर इत्यादि के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करायें साथ ही सम्पूर्ण समाधान दिवस, चौपालों, विकिसित भारत संकल्प यात्रा शिविरों इत्यादि के अवसर पर भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी उपलब्ध करायी जाय तथा स्कूली छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों एवं संकेतों के बारे में भी जागरूक किया जाय। डीएम ने निर्देश दिया कि स्कूल वाहनों का मानक के अनुसार संचालन सुनिश्चित कराये जाने के लिए ठोस कार्यवाही की जाय तथा ऐसे स्कूल जो नियमों की अनदेखी करें उनके विरूद्ध कठोर कार्यवाही भी की जाय। उन्होंने स्कूल वाहनों के चालकों का स्वास्थ्य एवं ड्राईविंग प्रशिक्षण भी कराये जाने का निर्देश दिया। डीएम ने पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय-समय पर अवैध रूप से संचालित वाहनों की सघन चेकिंग कर उनके विरूद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाय। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, एआरटीओ प्रवर्तन ओ.पी. सिंह, जिला गन्ना अधिकारी आनन्द शुक्ला, ईओ प्रमिता सिंह, अधि.अभि. लो.नि.वि. प्रदीप कुमार व अमर सिंह, विद्युत के शैलेन्द्र कुमार व रंजीत कुमार, बीएसए आशीष कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
: …और जब छात्रा प्रिंयका बनी एक दिन की थानेदार
Tue, Sep 24, 2024
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थाना रामगांव में की गई अनोखी पहल
बहराइच। महिला सशक्तीकरण को बढ़ाने, बीट प्रभारी को सुदृढ़ करने व महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के उद्देश्य से छात्रा को एक दिन का थानेदार बनाया गया। जिले के थाना रामगांव में अनोखी पहल कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास में एक सार्थक पहल की गई। थानाध्यक्ष रामगांव आलोक सिंह ने बताया कि पुष्पा देवी आदर्श विद्यालय रामगांव की छात्रा प्रिंयका सिंह को एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया गया। थानाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर छात्रा प्रियंका द्वारा जरूरी निर्णय लिए गए व शिकायत पत्रों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिलाओं में आत्मनिर्भरता विकसित करने के उद्देश्य से उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह पहल की गई। इस दौरान थानाध्यक्ष आलोक सिंह सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी व विद्यालय की छात्राएं मौजूद रही।