: जिले में समारोहपूर्वक मनाया जायेगा दशम अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस
Wed, Jun 12, 2024
15 जून को होगा योग सप्ताह का शुभारम्भ
बहराइच। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रमों के सफल आयोजन के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। डीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि योगाभ्यास से सम्बन्धित फोटोग्राफ्स सम्बन्धित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से लोड करेंगे। ग्रीष्म ऋतु के मद्देनज़र रखते हुए डीएम ने कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त साफ-सफाई, पेयजल के साथ-साथ अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। कार्यक्रम स्थलों को योग की विभिन्न मुद्राओं से सम्बन्धित स्टैण्डी, बैनर व पोस्टर लगाकर सुसज्जित भी किया जाय तथा सेल्फी प्वाईन्ट भी बनाया जाय। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के उपलक्ष्य में इन्दिरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम हेतु लोगों के लिए ब्लाक बनाकर प्रत्येक ब्लाक हेतु प्रभारी अधिकारी नामित किये जाएं। डीएम मोनिका रानी ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजन वर्मा को निर्देश दिया कि जिला स्तर पर योग से सम्बन्धित स्वयं सेवी संस्थाओं एवं योग प्रशिक्षकों से समन्वय कर योगाभ्यास कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्राप्त किया जाए। डीएम ने यह निर्देश दिया कि जिला मुख्यालय के साथ-साथ तहसील, ब्लाक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर योगाभ्यास कार्यक्रम हेतु उपायुक्त मनरेगा एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि योगाभ्यास कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान डॉ. वर्मा ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक उचित स्थल पर प्रोटोकाल के अनुसार योगाभ्यास के माध्यम से योग सप्ताह का शुभारम्भ होगा। जबकि योग सप्ताह के दौरान योग के माध्यम से उच्च रक्तचाप प्रबन्धन पर सेमिनार एवं गोष्ठी, योग से सम्बन्धित रंगोली, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता व जीवन शैली जन्य समस्याओं में योग का महत्व पर सेमिनार/संगोष्ठी, निबन्ध लेखन प्रतियोगिता व आधुनिक जीवन शैली में महिलाओं के लिए योग का महत्व विषय पर आधारित सेमिनार, आशु भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता व मानसिक स्वास्थ्य-योग एक सम्पूर्ण विकल्प विषय पर आधारित सेमिनार तथा योगासन प्रदर्शन प्रतियोगिता आयोजित होगी। योग सप्ताह के अन्तिम दिन पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न होगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर, एसीएमओ डॉ. पी.के. बांदिल, पुलिस क्षेत्राधिकारी महसी अनिल कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्तराम तिवारी, उप क्रीड़ाधिकारी अनुपमा धानुक सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी, गायत्री परिवार से दीप नरायन पाल व सूर्य प्रकाश त्रिपाठी, ब्रह्मकुमारी संस्था की प्रभारी राजयोगिनी बी.के. साधना दीदी व बी.के. जया दीदी मौजूद रहे।
: साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
Tue, Jun 11, 2024
साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
फर्जी प्रमाण पत्र वं बैंक खातों के माध्यम से करते थे लाखों की साइबर ठगी
साइबर ठगों के पास से दो अदद फर्जी राष्ट्रीय व्यवसाय प्रमाण पत्र, फ्राड में प्रयुक्त आधार कार्ड, एटीएम कार्ड व मोबाइल बरामद
बहराइच। फर्जी प्रमाण पत्र एवं बैंक खातों के माध्यम से साइबर की लाखों की ठगी करने वाले गैंग के 02 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए साइबर ठगो ंके विरूद्ध मुअसं.13/2024 धआरा 419, 420, 467, 468, 471आईपीसी व 66डी आईटी एक्ट के तहत साइबर क्राइम पुलिस थाना में अभियोग पंजीकृत किया गया। जनपद में बढ़ते हुए साइबर फ्रॉड की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। गठित टीम को मंगलवार मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई थी कि साइबर ठगों के गैंग के 02 सक्रिय सदस्यों को बगिया घाट बहद ग्राम रायपुर थाना रामगांव पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में साइबर ठगों ने अपना नाम नागेन्द्र पुत्र राम आशीष निवासी सहनेबाजपुर थाना रिसिया व आमिर शाह पुत्र जहीरूद्दीन शाह निवासी ग्राम भगवानपुर थाना रामगांव बताया। साइबर ठगों के पास से दो अदद फर्जी राष्ट्रीय व्यवसाय प्रमाण पत्र, फ्राड में प्रयुक्त आधार कार्ड, फ्राड में प्रयुक्त एटीएम कार्ड, फ्राड में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ पर बताया गया कि इन लोगों नें फर्जी राष्ट्रीय व्यवसाय प्रमाण पत्र बनवा रखे थे। यह लोग ऐसे लोगों को चिन्हित करते थे जो कम जानकार है फिर भी जिनके मोबाइल नम्बर खाते से लिंक है ऐसे लोगों को यह लोग बहला फुसलाकर उनसे नजदीकी बढ़ाकर उनका एटीएम, आधार, पासबुक आदि ले लेते थे इसके बाद इन खातों में ऑनलाइन फ्रॉड के पैसे आने शुरू हो जाते थे। खाता मालिक को इस फ्रॉड की जानकारी तब होती थी जब उसका खाता फ्रीज हो जाता था या खाते में-46 लाख जैसे बड़ी धनराशि का लीन लग जाता था। प्रत्येक धोखाधड़ी के पैसे आने पर इन्हे कमीशन मिलता था। इनका काम ज्यादा से ज्यादा बैंक खाते दिलवाने का था। गिरफ्तारी टीम में साइबर क्राइम प्रभारी संतोष कुमार सिंह, मु.आ. अमित यादव आरक्षी प्रदीप गंगवार, आरक्षी रचित यादवेन्द्र, आरक्षी प्रदीप कुमार, आरक्षी राहुल यादव शामिल रहे।
: क्रांतिकारी पं. राम प्रसाद बिस्मिल का 127वां जन्म दिवस मनाया गया
Tue, Jun 11, 2024
सेनानी उत्तराधिकारियों ने उनके क्रांतिकारी विचारों और वर्तमान में उसकी उपयोगिता पर की चर्चा
बहराइच। स्थानीय सेनानी भवन सभागार में स्वतंत्रता आन्दोलन के सबसे मशहूर एवं मजबूत क्रांतिकारी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल का 127वां जन्म दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में सेनानी उत्तराधिकारियों ने उनके क्रांतिकारी विचारों और वर्तमान में उसकी उपयोगिता पर चर्चा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिलएक अच्छे कवि थे। उनके नेतृत्व में काकोरी काण्ड जैसी अंग्रेजी हुकूमत को हिला देने वाली घटना सम्पादित हुई। उनके साथ अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह को फांसी दी गई। वें हिन्दी से ज्यादा उर्दू भाषा के ज्ञाता थे। वर्ष 1921 में उन्होंने ‘‘सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजूए कातिल में है‘‘ नामक देशभक्ति कविता लिखी। जिसे अपने साथियों के साथ मुकदमे के दौरान अदालत में सामूहिक रूप से गाकर उसे अत्यधिक लोकप्रिय बनाया। संगठन संरक्षक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की क्रांतिकारी विचारधारा के राम प्रसाद बिस्मिल प्रमुख सेनानी थे। वें मैनपुरी षड्यंत्र व काकोरी काण्ड सहित तमाम घटनाओं में शामिल थे तथा हिन्दुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन के सदस्य थे। वें क्रांतिकारियों में सबसे वरिष्ठ और उनके मार्गदर्शक थे। अधिवक्ता दिनेश मिश्र ने कहा कि उनके आर्य समाजी क्रांतिकारी भाई परमानन्द को अंग्रेजों द्वारा षड्यंत्र पूर्वक फांसी की सजा सुनाए जाने पर उनका खून खौल उठा। स्वामी सोमदेव उनके गुरु थे। उनकी माता जी का उनके लिए सबसे बड़ा आदेश यह था कि‘‘उनके द्वारा किसी के भी प्राणों की हानि न हो ‘‘कई बार इस प्रतिज्ञा के चलते उन्हें दुश्मनों को बिना हानि पहुंचाए छोड़ना पड़ा। अन्त में सेनानी उत्तराधिकारियों ने उनके जीवन से देश प्रेम की सीख लेकर देश सेवा के संकल्प के साथ कार्यक्रम समाप्त किया। कार्यक्रम में अधिवक्ता राम रूप मिश्र, विनय तिवारी, अवनींद्र पाण्डेय, लल्ला वर्मा, संजय कुमार मिश्र सहित तमाम देश भक्त मौजूद रहे।