: विकास को गति प्रदान करने में सहयोग करें ग्राम पंचायत सचिवः डीएम
Thu, Apr 20, 2023
गौशालाओं के लिए संचालित होगा भूसादान अभियान
अपूर्ण आवासों को तत्काल पूर्ण कराकर मानक के अनुसार लोगों सहित उनका रंग-रोगन भी कराया जाय
बहराइच। विकास कार्यो की समीक्षा के लिए विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी डॉ. चन्द्र ने सचिवों को निर्देश दिया कि ग्रामवासियों को स्वच्छ पेयजल तथा ग्रामीण पेयजल योजना अन्तर्गत आपूर्तित जल की गुणवत्ता के सम्बन्ध में जागरूक उनके व्यवहार में परिवर्तन लाएं। डीएम ने कहा कि हर घर नल से जल योजना की सफलता के लिए ग्रामवासियों का जागरूक होना अत्यन्त आवश्यक है। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि योजना से आच्छादित हुए 132 गांवों के सम्यापन का कार्य पूर्ण करने के लिए नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर लें। पेयजल आपूर्ति, तालाब एवं पोखरों में पानी भरे जाने की समीक्षा के दौरान डीएम ने सचिवों को निर्देश दिया सिंचाई विभाग से समन्वय कर तालाबों एवं पोखरों में जल भरवा दें। डीएम डॉ. चन्द्र ने निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खराब हैण्डपम्पों की मरम्मत करा कर उन्हें क्रियाशील रखा जाय। डीएम ने निर्देश दिया कि रिबोर ने पश्चात निकले जी.आई. पाइप को गोशालाओं में भेज दिया जाए ताकि इनके माध्यम से गोशालाओं में ग्रीन बाउण्ड्रीवाल बनाई जा सके। गोशालाओं में चारा प्रबन्धन की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत से दान हेतु कम से कम 10 कुण्टल भूसा की व्यवस्था की जाय। क्षेत्र के बड़े किसानों व दानवीरों को भूसादान करने के लिए प्रेरित भी किया जाय। बैठक के दौरान डीएम द्वारा अधिकारियों से भी भूसादान करने की अपील की गई। डीएम की अपील पर सिंचाई विभाग द्वारा 100 कुण्टल भूसा दान करने का आश्वासन दिया गया। गोशाला की रिक्त पड़ी भूमि पर हारा चारा की बुआई करा दी जाय ताकि संरक्षित गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा मिलता रहे। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि अपूर्ण आवासों को तत्काल पूर्ण कराकर मानक के अनुसार लोगों सहित उनका रंग-रोगन भी कराया जाय। मिशन कायाकल्प की समीक्षा के दौरान डीएम ने समस्त विद्यालयों का सत्यापन कराने का निर्देश देते हुए कहा कि अवशेष विद्यालयों में तत्काल कार्य पूर्ण कराएं। डीएम ने सुझाव दिया कि विद्यालय में निर्मित होने वाले शौचालयों का रंग-रोगन आकर्षक ढंग से कराया जाय। सचिवों को निर्देश दिया कि ग्रामवासियों को इस बात की जानकारी दी जाय कि सरकार ने कृषक के द्वार से ही उसकी उपज खरीद की व्यवस्था दी गई है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को निर्देश दिया गया कि क्रय केन्द्र प्रभारियों के दूरभाष नम्बर सचिवों को उपलब्ध करा दिया जाए ताकि किसानों की उपज बेचने में सचिव सहयोग प्रदान कर सकें। डीएम डॉ. चन्द्र ने सचिवों को निर्देश दिया कि रमज़ान के अन्तिम शुक्रवार तथा ईद के अवसर पर मस्जिदों, ईदगाहों व धार्मिक स्थलों के आस-पास साफ-सफाई करा दें। बैठक के दौरान डीएम ने अन्य बिन्दुओं की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को समयबद्धता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिये। डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक के अन्त में डीएम ने उपस्थित सचिवांे से बिन्दुवार दिए गए निर्देशों के बारे में पूछने पर ब्लाक व ग्राम हुज़ूरपुर के सचिव सौजन्य मिश्रा ने बिन्दुवार दिये गये निर्देशों के बारे सटीक उत्तर दिया। इस बात पर प्रसन्न होकर डीएम ने सौजन्य मिश्रा को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण, ग्राम पंचायतों की वार्षिक कार्ययोजना तैयार कर ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड किये जाने के सम्बंध में क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में चर्चा कर सहायक विकास अधिकारी पंचायत व ग्राम पंचायत सचिवों आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी ने यह भी सुझाव दिया कि स्वस्थ्य रहने के लिए दिन में कम से कम चार लीटर पानी का सेवन करें। जिसमें दो बार नीबू का प्रयोग करें, भोजन में अधिक से अधिक हरी साग सब्जियों का प्रयोग करें। मनुष्य के लिए स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं शिक्षा बहुत आवश्यक है। बैठक के अन्त में डीएम ने मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलविदा, ईद व परशुराम जयन्ती की बधाई दी। इस अवसर पर प्रभारी सीडीओ/डीडीओ महेन्द्र कुमार पाण्डेय, पीडी डीआरडीए पी.एन. यादव, डीसी एनआरएलएम रामेन्द्र कुशवाहा, डीपीआरओ उमाकान्त पाण्डेय, डीआईओएस जे.पी. सिंह, बीएसए अव्यक्त राम तिवारी, सीवीओ डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, अधि.अभि. जल निगम राकेश कुमार, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संजीव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
: अज्ञात कारणों से लगी आग, पांच घर जलकर खाक
Thu, Apr 20, 2023
बौंडी, बहराइच। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कौड़हा में गुरुवार को तकरीबन तीन बजे अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। भड़की आग से गांव के पांच मकान आग में स्वाहा हो गये। क्षेत्रीय ने लेखपाल ने घटना में हुई क्षति का आंकलन किया है। कौड़हा गांव में गुरुवार को अज्ञात कारणों से तीन बजे गांव निवासी लवकुश वर्मा के घर से भड़की चिनगारी से आग लग गयी। आग की लपटें उठतीं देख कर ग्रामीणों ने आग बुझाने के प्रयास करते रहे। लेकिन तेज हवाओं के साथ आग ने गांव निवासी दशरथ वर्मा, तीरथ, रामतेज, शिव कुमार के घर को अपने आगोश में ले लिया। अग्निकांड में अनाज, कपड़े व अन्य सामान जलकर राख हो गए हैं। अग्निकांड में हजारों रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई है। क्षेत्रीय लेखपाल ने बताया सूचना मिली है। अग्निकांड में हुई हानि का आंकलन किया गया है। रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंपा जायेगा।
: निर्वाचन में वाहन संचालन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए दिशा निर्देश
Thu, Apr 20, 2023
बहराइच। नगरीय निकायों के निर्वाचन में प्रत्याशियों द्वारा प्रचार-प्रसार, मतदान एवं मतगणना दिवसों में वाहनों के उपयोग के सम्बन्ध में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइड लाईन के अनुसार मतदान दिवस पर नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद हेतु 01 वाहन अनुमन्य होगा एवं नगर पालिका परिषद्/नगर पंचायत के सदस्य पद हेतु कोई वाहन अनुमन्य नहीं होगा। इसी प्रकार मतगणना के दिन अध्यक्ष नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत को 01 वाहन की अनुमति दी जायगी। सदस्य, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत को मतगणना के दिन वाहन की अनुमति नहीं दी जायगी। वाहन तथा निर्वाचन के अन्य मदों पर होने वाला व्यय आयोग द्वारा उक्त पद हेतु निर्धारित अधिकतम व्यय सीमा के अन्तर्गत होना चाहिए। यह जानकारी देते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी अवघेश कुमार मिश्र ने बताया राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई व्यवस्था के तहत प्रचार-प्रसार दिवसों में प्रचार-प्रसार हेतु तथा मतदान एवं मतगणना दिवसों में सम्बन्धित को निर्धारित प्रारूप पर वाहन पास निर्गत किये जायेंगे। जिसके लिए रिटर्निंग आफिसर से प्रार्थना पत्र अग्रसारित कराकर (प्रार्थना पत्र के साथ वाहन का प्रकार, रजिस्ट्रेशन के कागजात, चालक का नाम, नगरीय निकाय का नाम, प्रत्याशी का नाम, गाड़ी संख्या तथा प्रत्याशियों के राजनैतिक दलों से सम्बद्धता/निर्दलीय का विवरण देना होगा)। अग्रसारित प्रार्थना पत्रों के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट द्वारा नामित अधिकारी प्रत्याशियों को वाहन के पास जारी करेंगे। जारी किए गए वाहन पास को मूल रूप में वाहन पर चस्पा कर प्रमुखता से प्रदर्शित करना होगा। प्रत्याशियों द्वारा वाहन पास मूल रूप से वाहन के आगे शीशे पर चिपकाया जायगा। यदि बिना वाहन पास के प्रत्याशियों द्वारा वाहन का उपयोग किया जाता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जायगी। अनुमति प्राप्त वाहनों के सम्बन्ध में यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्वाचन में प्रत्याशियों या उनके समर्थकों द्वारा मोटरयान अधिनियम (एम.वी. एक्ट) का उल्लंघन न हो। प्रत्याशियों द्वारा उपयोग में लाये गये वाहनों का किराया परिवहन आयुक्त द्वारा विभिन्न प्रकार के वाहनों हेतु निर्धारित दर के आधार पर निर्वाचन व्यय में सम्मिलित किया जायगा। निर्वाचन अवधि में प्रचार-प्रसार हेतु अनुमति प्राप्त वाहनो को छोड़कर किसी भी. प्रत्याशी के झण्डे एवं स्टीकर अन्य वाहनों पर नहीं लगाये जायेंगे। केवल प्रचार-प्रसार हेतु अनुमति प्राप्त वाहन पर ही झण्डे एवं स्टीकर लगाये जा सकते हैं। निर्वाचन अवधि में प्रत्याशियों द्वारा प्रचार-प्रसार हेतु नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार 03, नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार 02, नगर पालिका परिषद तथा नगर पंचायत के सदस्य पद के उम्मीदवार 01-01 वाहन (दो पहिया वाहन सहित समस्त मैकनाइज्ड/मोटोराइज्ड वाहन) का संचालन निर्वाचन के प्रचार-प्रसार के लिए करा सकते हैं। सीआरओ श्री मिश्र ने समस्त प्रत्याशियों को निर्देशित किया है कि वाहन के संचालन में आयोग की गाइड लाइन का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।