: पूर्व विधायक मुकेश के खिलाफ भाजपा विधायक ने दर्ज कराया मुकदमा
Sun, Apr 23, 2023
पयागपुर, बहराइच। पयागपुर विधान सभा क्षेत्र से पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव के विरुद्ध धोखाधड़ी और आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पूर्व विधायक पर फेसबुक पर एमएलए का लोगो लगाकर लोगों को बरगलाने का भी आरोप है। केस भाजपा विधायक ने ही दर्ज कराया है। पयागपुर विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी से वर्ष 2014 में हुए चुनाव में मुकेश श्रीवास्तव ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी की सदस्यता हासिल कर ली। सपा के टिकट पर मुकेश श्रीवास्तव को वर्ष 2017 और 2022 के विधान सभा चुनाव में हार मिली थी। इस समय मुकेश के भाई बालेंद्र उर्फ विपिन श्रीवास्तव नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन चुनाव प्रचार के लिए पूर्व विधायक द्वारा फर्जी हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर अपने को एमएलए दर्शाया है। पूर्व विधायक की क्षेत्र के जन प्रतिनिधि ने शासन से शिकायत की थी। भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी की शिकायत पर शासन के निर्देश पर पुलिस ने धारा 419, 420, 488, 417 के तहत पयागपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक राज कुमार पांडेय ने बताया कि विधायक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उद्घाटन पर दी थी पार्टी
पयागपुर विधान सभा क्षेत्र के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव ने एक कालेज का उद्घाटन इसी माह किया था। उद्घाटन में क्षेत्र के लोगों को दावत देकर भी विवादों में आए थे। भाजपा विधायक सुभाष त्रिपाठी ने मुख्य सचिव संजय प्रसाद को की गई शिकायत में पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव को एनआरएचएम में सीबीआई का दोषी भी बताया गया है। मालूम हो कि एनआरएचएम में दवा खरीद के घोटाले में पूर्व विधायक को जेल भी जाना पड़ा था।
: शिक्षकों ने की चुनाव डियूटी में विसंगतियों के निराकरण की मांग
Sun, Apr 23, 2023
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने निकाय चुनाव में शिक्षकों की ड्यूटी में आ रही समस्याओं का सौपा ज्ञापन
बहराइच। शनिवार को चुनाव प्रशिक्षण स्थल केडीसी में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष आनन्द मोहन मिश्र एवं जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज कुमार वर्मा ने नगरीय निकाय चुनाव ड्यूटी में आ रही की समस्याओं के निराकरण के लिए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र नाथ पाण्डेय को देकर समस्याओं के निराकरण की मांग की। ’जिलाध्यक्ष श्री मिश्र ने कहा कि निकाय चुनाव में दिव्यांग, गंभीर रूप से बीमार एवं गर्भवती महिला शिक्षिकाओं को प्रार्थना पत्र एवं अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट के आधार पर चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखा जाए। इसके अलावा जिन शिक्षक दम्पत्ति के पाल्य अभी छोटे हैं ऐसे कार्मिक को प्रार्थना पत्र लेकर दोनो में से एक को निर्वाचन ड्यूटी से मुक्त किया जाए। साथ ही जिस शिक्षक की निर्वाचन के दौरान शादी है उन्हें ड्यूटी से मुक्त रखा जाए। एनआईसी द्वारा प्राप्त चुनाव ड्यूटी में कतिपय महिला शिक्षिकाओं को पीठासीन अधिकारी की ड्यूटी मिली है उनके स्थान पर पुरुष शिक्षकों को यह दायित्व दिया जाए। ज्ञापन के सभी बिन्दुओ के अवलोकन पश्चात प्रभारी अधिकारी कार्मिक ने समस्याओं के यथासंभव निस्तारण करवाने की बात कही। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी एवं परियोजना निदेशक प्रेम नाथ यादव समेत शैक्षिक महासंघ के अन्य जनपदीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
: डीएम डॉ. दिनेश चन्द्र की भूसादान अपील का दानवीरों ने किया स्वागत
Fri, Apr 21, 2023
डीएम की अपील पीडी डीआरडीए, एडीओ पंचायत व ग्राम प्रधान ने दान किया भूसा
बहराइच। निराश्रित गौवंशों का संरक्षण मुख्यमंत्रीयोगी आदित्यनाथ की सर्वोच्च प्राथमिकता को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र द्वारा गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी जनपद में संचालित किये जा रहे भूसादान अभियान में जिले के किसानों, जनप्रतिनिधियों तथा आमजन द्वारा बढ़-चढ़ कर स्वागत किया जा रहा है। विगत दिवस विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में डीएम द्वारा अधिकारियों से भूसादान करने की अपील से प्रेरित होकर परियोजना निदेशक डीआरडीए पी.एन. यादव ने ब्लाक चित्तौरा अन्तर्गत ग्राम धरसवां गोशाला के लिए 22 कुण्टल 15 किलो, ए.डी.ओ. पंचायत विधान चन्द्र ने डुहरू गोशाला हेतु 14 कुण्टल 20 किलो तथा ग्राम प्रधान मोहरना प्रताप नरायन ने मोहरना गोशाला को 10 कुण्टल भूसा दान किया है। उल्लेखनीय है कि जनपद के गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों हेतु भूसे की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से डीएम द्वारा जिले के कृषकों, दानवीरों तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भूसा दान करने की अपील की गई है। डीएम द्वारा खण्ड विकास अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि अधिक से अधिक खाली स्थान पर गौवंशो के लिए चारे की भी बुआई करा दे ताकि गौवंशो के लिए हरे चारे की व्यवस्था भी हो सके।