: मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित
Sat, May 20, 2023
रुपईडीहा, बहराइच। नगर पंचायत रुपईडीहा साकेत नगर स्थित आचार्य रमेश चंद्र गर्ल्स इंटर कालेज के मेधावी छात्राओं को वार्षिकोत्सव में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएसबी 42 वीं वाहिनी के कमाण्डेन्ट तपन कुमार दास रहे। कार्यक्रम का प्रारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर हरिश्चंद्र बंटू पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाबगंज, संदीप जायसवाल जिला पंचायत सदस्य, पूर्व प्रधान मोहम्मद जुबेर फारुकी, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ सनत कुमार शर्मा मंचासीन रहे। इसके पश्चात मुख्य अतिथियों का सम्मान डा. यशपाल ने बुके देकर किया। बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए ए टू जेड अंकल सभी बच्चों को एक-एक कलम मुख्य अतिथि द्वारा दिलाया और फर्स्ट थर्ड सेकंड जो बच्चे आए उनकों अंक पत्र संदीप जायसवाल जिला पंचायत सदस्य, पूर्व प्रधान मोहम्मद जुबेर, अजय मिश्रा और संजय वर्मा द्वारा दिया गया। बताते चलें इस वर्ष 2023 की माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित परीक्षा में उत्तीर्ण हुई सभी छात्राओं के साथ-साथ उनकी माताओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना सुमधुर आवाज के साथ कार्यक्रम प्रस्तुत किया। मौजूद अभिभावकों एवं सम्मानित नागरिकों ने तालियां बजाकर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय मिश्रा, सर्वेश मिश्रा, सै. रजा इमाम रिजवी, नवनिर्वाचित सभासद राजीव अग्रवाल, समाजसेवी श्री प्रसाद सोनी गज्जू भैया, पवन शुक्ला, बलराम शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार मनीराम शर्मा, संजय वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
: प्रबन्ध निदेशक विद्युत पंकज कुमार ने किया जिले का भ्रमण
Fri, May 19, 2023
विभागीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
लाइन लास पर अंकुश लगाये जाने के दिये निर्देश
बहराइच। पावर कारपोरेशन लि. प्रबन्ध निदेशक पंकज कुमार द्वारा देवीपाटन मण्डल के जनपद बहराइच व अन्य जिलों के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जनपद बहराइच का भ्रमण के दौरान 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र कैसरगंज एवं 33/11 विद्युत उपकेन्द्र फखरपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी, कैसरगंज व उपखण्ड अधिकारी नानपारा तथा अवर अभियन्ता, कैसरगंज व फखरपुर को वाणिज्यिक पैरामीटरों की पूर्ण जानकारी न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार लाये जाने हेतु निर्देशित किया। भ्रमण के उपरान्त प्रबन्ध निदेशक श्री कुमार द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद बहराइच के विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यो की समीक्षा की गयी। बैठक के दौरान अवर अभियन्ताओं को गुणवत्तापूर्वक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। वर्तमान में सरकार द्वारा प्रस्तावित “रिवैम्प योजना के कार्यों में प्रगति हेतु दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में विद्युत सम्बन्धी कैम्प लगाकर राजस्व वसूली एवं बिल संशोधन इत्यादि कार्य किये जाय। जिला पूर्ति अधिकारी व स्वयं सहायता समूह से समन्वय स्थापित कर कोटेदारों के माध्यम से राजस्व वसूली की जाय। उपखण्ड अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अग्रिम 03 माह में लाइन लॉस को कम करते हुये शहरी क्षेत्र में 10 प्रतिशत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 15 प्रतिशत किया जाय। साथ ही ए.टी. एण्ड सी. हानियों को भी कम किया जाये। समस्त पटलों पर शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्वक निवारण हेतु भी निर्देश दिये गये सभी उपभोक्ताओं की प्रोब आधारित बिलिंग करने हेतु निर्देशित किया गया। अधीक्षण अभियन्ता भण्डार को निर्देशित किया गया कि आगामी गर्मी के दृष्टिगत प्रत्येक भण्डार केन्द्रों पर आवश्यक विद्युत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाय। इस अवसर पर मुख्य अभियन्ता (वितरण) देवीपाटन क्षेत्र, गोण्डा, अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत भण्डार मण्डल- लखनऊ, अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण मण्डल बहराइच, अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड बहराइच, नानपारा, कैसरगंज, अधिशासी अभियन्ता, विद्युत परीक्षण खण्ड-बहराइच, अधिशासी अभियन्ता, विद्युत परीक्षण व पारेषण खण्ड-बहराइच सहित उप खण्ड अधिकारी, सहायक व अवर अभियन्ता मौजूद रहे।
: स्थानान्तरित डीएम डॉ. दिनेश चन्द्र को दी गयी भावभीनी विदाई
Fri, May 19, 2023
बहराइच। जिले में 01 वर्ष 08 माह 15 दिवस के सफल कार्यकाल के उपरान्त जनपद सहारनपुर के जिलाधिकारी पद पर स्थानान्तरित होने वाले लोकप्रिय जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र को जिले के अधिकारियों कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, जिले के संभ्रान्त व गणमान्यजनों, बुद्धजीवियों, राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरूओं, उद्यमियों एवं व्यापारियों द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में पुष्पगुच्छ व पुष्पमाला पहनाकर भावभीनी विदाई दी गई। उल्लेखनीय है कि 05 जून 2021 को जिले का कार्यभार ग्रहण करने के उपरान्त अपनी कार्यशैली से जिलाधिकारी डॉ. चन्द्र लोगों के बीच लोकप्रिय रहे। कार्यकाल के दौरान नैपियर घास के लिए किये गये नवाचार, निर्विवादित खतौनी, भूसादान अभियान, इन्वेस्टर्स समिट, फसल अपशिष्ट प्रबन्धन के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में अर्जित की गई उल्लेखनीय उपलब्धि को काफी समय तक याद रखा जाएगा। विदाई समारोह को सम्बोधित करते हुए निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि जनपद बहराइच की यादें उनके साथ सदा रहेंगी। उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द के अपनी अलग पहचान रखने वाले जिले में कार्य करने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। डॉ. चन्द्र ने कहा कि मुझे आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि जनपद बहराइच शीघ्र ही आकांक्षात्मक जनपद की श्रेणी से बाहर आकर प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपना नाम स्थापित करेगा। डॉ. चन्द्र ने जनपदवासियों, जिले के अधिकारियों कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, धर्मगुरूओं, जनप्रतिनिधियों के सहयोग व स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह व ग्रामीण के पवित्र मोहन व अन्य अधिकारी व कर्मचारी, उप जिलाधिकारी व खण्ड विकास अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, संभ्रान्त व गणमान्यजन, बुद्धजीवी, जनप्रतिनिधि, राजनैतिक दलों के पदाधिकारी, धर्मगुरू, उद्यमी व व्यापारीगण मौजूद रहे।