: डीएम मोनिका रानी ने जनता दर्शन में की जनसुनवाई
Tue, May 23, 2023
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय व डिप्टी कलेक्टर डॉ. पूजा यादव के साथ जनता दर्शन में आये हुए फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिये हैं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में आने वाले फरियादियों की सुनवाई सम्मान जनक ढंग से करें तथा उनके बैठने इत्यादि की भी समुचित व्यवस्था की जाए। सभी अधिकारी जनसुनवाई की अवधि में अनिवार्य रूप से अपने कार्यालय में मौजूद रहें। जनसुनवाई करते समय प्रयास यह किया जाए कि आने वाले फरियादी की समस्या का तत्काल निस्तारण हो ताकि लोगों को अनावश्यक भाग-दौड़ न करनी पड़े।
: जिला बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि मण्डल ने डीएम से की शिष्टाचार भेंट
Tue, May 23, 2023
बहराइच। जिला बार एसोसिएशन बहराइच के अध्यक्ष गया प्रसाद मिश्र के नेतृत्व में बार के पदाधिकारियों, सदस्यों व अन्य अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी से शिष्टाचार भेंट की। शिष्टाचार भेंट के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्यायिक प्रणाली का अभिन्न अंग हैं। डीएम ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि बार के साथ बेहतर समन्वय रखते हुए पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय दिलाया जाए। डीएम ने यह भी कहा कि बार एसोसिएशन की यदि कोई समस्या होगी तो उसका भी समयबद्धता के साथ नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा। बार के अध्यक्ष एवं जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता श्री मिश्र ने बार की ओर से जिला प्रशासन को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के महामंत्री पुष्पाजंलि नाथ मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष राम नारायण मिश्र, पूर्व महामंत्री प्रमोद श्रीवास्तव, डीजीसी राजस्व अजय शर्मा, विशेष अधिवक्ता राजस्व अतुल गौड़, संयुक्त मंत्री प्रशासन रमन सिंह, मध्य उपाध्यक्ष प्रशांत मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी व अधिवक्ता मौजूद रहे।
: विभिन्न योजनाओं के तहत दान किये गए गोवंशों का कराएं सत्यापन: मोनिका रानी
Tue, May 23, 2023
चारा, पानी, भूसा व उपचार के माकूल बन्दोबस्त करने के दिए गए निर्देश
हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए बाड़ों में लगाए जाएगें टाट के पर्दे
बहराइच। जिले में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण के लिए संचालित वृहद गो संरक्षण केन्द्र तथा अस्थाई गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु सोमवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने निर्देश दिया कि सहभागिता योजना अन्तर्गत गोदान किये गोवंशों की सूची के अनुसार उनका सत्यापन करा लिया जाए। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि भरण पोषण एवं पोषण मिशन अन्तर्गत कुपोशित बच्चों के अभिभावकों को दान किये गये गोवंशों का जिला कार्यक्रम अधिकारी के माध्यम से सत्यापन कराया जाय। डीएम मोनिका रानी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को निर्देश दिया कि गोआश्रय स्थलों की की जांच हेतु चेक लिस्ट तैयार कर न्याय पंचायतवार जिला स्तरीय अधिकारियों से सत्यापन करा लिया जाए। सत्यापन के पश्चात ही गोंवशों की संख्या के अनुसार समानुपातिक आधार पर धनराशि का आवंटन किया जाय। जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित मानक के अनुसार गोआश्रय स्थलों पर चारा, पानी, छावं, भूसा विशेषकर हरा चारे का प्रबन्ध सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने यह भी कहा कि ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए गोआश्रय स्थलों में पेयजल की विशेष व्यवस्था रखें एवं टाट के पर्दे लगाकर पशुओं को लू से बचाया जाय तथा निरन्तर अन्तराल पर पर्दों की वाटरिंग भी की जाय जिससे पशुओं को तपिश से बचाया जा सके। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि जिले में कुल 118 गोवंश आश्रय स्थल संचालित है जिसमें से 04 वृहद गो संरक्षण केन्द्र, 93 अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल, 02 कान्हा गोशाला तथा जिला पंचायत द्वारा संचालित 19 कांजी हाउस हैं। वर्तमान में जिले में 16664 गोवंश संरक्षित हैं। डॉ. प्रसाद ने बताया कि अब तक 610 गोवंश पोषण मिशन योजना के अन्तर्गत वितरित किये गये हैं। जिसके लिए सम्बन्धित परिवारों को गोवंश के भरण-पोषण हेतु रू. 900 प्रतिमाह दिये जा रहे हैं। जबकि मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत अब तक 2308 गोवंश पशुपालकों दिये गये हैं इन्हें भी भरण-पोषण हेतु रू. 900 प्रतिमाह दिया जा रहा है। डॉ. प्रसाद ने बताया कि जिले में निर्माणाधीन 04 वृहद गोसंरक्षण केन्द्र का कार्य पूर्ण हो गया है। यह संरक्षण केन्द्र विभाग को हस्तगत हो गये हैं। इन वृहद गोसंरक्षण केन्द्र में भूसा का संग्रहण करा दिया गया है। गौशालाओं की बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। यह कार्य पूर्ण होते ही वृहद गोसंरक्षण केन्द्रों को संचालित करा दिया जाएगा। डॉ. प्रसाद ने बताया कि गोशालाओं में संरक्षित गोवंशों के हरे चारे हेतु अधिकांशतः गोआश्रय स्थलों पर लगभग 100 हेक्टेयर क्षेत्रफल में नैपियर घास की बोआई करा दी गई है। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने जिले के अधिकारियों को निर्देेश दिया कि गोवंशों का संरक्षण मा. मुख्यमंत्री व शासन की शीर्ष प्राथमिकता है इसलिए सभी जिम्मेदार अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि गोआश्रय स्थलों पर चारे, पानी, छांव, भूसा एवं हरे चारे की कमी न रहे। डीएम ने सीवीओ डॉ. प्रसाद को निर्देश दिया कि पशु चिकित्साधिकारियों के माध्यम से संरक्षित गोवंशों का समय समय पर स्वास्थ परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उनके उपचार का प्रबन्ध किया जाय। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कविता, डीसी मनरेगा के.डी. गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी तथा खण्ड विकास अधिकारी मौजूद रहे।