: जमीनी विवाद के चलते फर्जी मुकदमें में फंसाने की साजिश रच रही महिला
Thu, May 18, 2023
पीड़ित ने एसपी को शिकायत सौंपकर की जांच की मांग
थाने पर घण्टों बैठाने के बाद की गई 40 हजार की मांग
थाना रामगांव का मामला
बहराइच। जमीनी रंजिश के चलते महिला द्वारा एक सीधे साधे व्यक्ति को दुष्कर्म के फर्जी मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही है। जिस पर पीड़ित ने एसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला की साजिश के चलते पुलिस ने उसे थाने बुलाया तथा 40 हजार रूपये की मांग की। घण्टो बैठाने के बाद जैसे तैसे पुलिस ने उसे घर वापस जाने दिया। मामला थाना रामगांव के बेहटा भया गडरियनपुरवा का है। जहां रामसेवक पुत्र रामलखन टेंट का छोटा काम कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। उसका खेत एक महिला के खेत के सामने है। महिला द्वारा आये दिन उसके खेत में नुकसान किया जाता है। जिसके चलते उसके व महिला के बीच जमीनी विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते महिला ने पहले तो 112 नम्बर पुलिस को फोन किया। जिसके बाद पीड़ित के विरूद्ध रामगांव थाने में की गई शिकायत पर रामगांव पुलिस ने उसे थाने बुलाया। जब वह गांव के प्रधान के साथ थाने गया तो उसे एक घण्टे बैठाये रखा गया और 40 हजार रूपये की मांग की गई। पीड़ित ने जब रूपये देने से इंकार कर दिया तो बमुश्किल उसे थाने से छोड़ा गया। साजिश के चलते पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच क्षेत्राधिकारी से कराने व नाजायज तरीके से थाने में बंद रखने के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है। मामले में जब थानाध्यक्ष रामगांव के मोबाइल पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया तो काफी प्रयास के बाद भी उनके मोबाइल पर सम्पर्क नहीं हो सका।
: विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान
Tue, May 16, 2023
बहराइच। राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग नई दिल्ली द्वारा निर्देश दिये गये है कि जिला प्रोबेशन अधिकारी के तत्वावधान में अभियान संचालित कर फुटपाथ जैसे परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों, हॉट स्पॉट चिन्हित कर लिप्त बच्चों व उनके परिवारों का पुनर्वास तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़कर उन्हे मुख्य धारा में लाये जाने का प्रयास किया जाय। इसी कड़ी में रोडवेज बस स्टाप, रेलवे स्टेशन व दरगाह शरीफ आदि क्षेत्रो में बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान बाल भिक्षा वृत्ति में लिप्त बच्चों के चिन्हीकरण एवं पुनर्वास के लिए मुख्य हॉट चिन्हित किए गए तथा यात्रियों, दुकानदारों को जागरूक किया गया। अभियान में संरक्षण अधिकारी शिवका मौर्या द्वारा बताया गया कि बच्चे इस देश की धरोहर हैं और देश के भविष्य है, इसलिए बच्चों की पढ़ाई, खेल, खानपान के प्रति संबंधित वयस्क को विशेष ध्यान देना चाहिए, भिक्षावृत्ती में लिप्त नहीं करना चाहिए क्योंकि भिक्षावृत्ती किसी भी समाज के लिए व बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिशाप है। इसी क्रम में संरक्षण अधिकारी द्वारा सभी यात्रियों, दुकानदारों एंव व्यवसायियों से अपील कि 18 वर्ष से कम उम्र के बालकों वा किशोरों को भिक्षावृत्ति में लिप्त पाए या भीख मांगते हुए देखे तो तुरंत चाइल्डलाइन टोल फ्री नम्बर 1098 पर सूचित करे। शासन द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही जिसमें ऐसे बच्चे व गरीब परिवार जिनको मदद की जरूरत है वह जिला प्रोबेशन कार्यालय में आकर संपर्क करे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जायेगा। उक्त अभियान में संयुक्त रूप से जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला शक्ति केन्द्र, विशेष किशोर पुलिस इकाई, चाइल्ड लाइन, प्रथम संस्था व पुलिस टीम द्वारा प्रतिभाग किया गया।
: गौरवशाली इतिहास जानें पर आधारित विचार गोष्ठी आयोजित
Tue, May 16, 2023
वीर सपूत पृथ्वीराज चौहान के कृतित्व व ब्यक्तित्व पर प्रकाश डाला
बहराइच। राजपूताना हृदय सम्राट वीर सपूत पृथ्वीराज चौहान की जयंती लखनऊ-बहराइच मार्ग पर स्थित संत पथिक विद्यालय के निकट ग्राम पंचायत शिवपुरा में स्थित भूपेन्द्र सिंह चौहान के प्रतिष्ठान पर अखिल भारतीय गौरवशाली क्षत्रिय महासभा फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष धु्रव राज सिंह के अध्यक्षता में ‘आओ हम अपना गौरवशाली इतिहास जानें‘‘ पर आधारित विचार गोष्ठी आयोजित किया गया। गोष्ठी की शुरुआत पृथ्वीराज चौहान के चित्र पर माल्यार्पण करके व सामूहिक रूप से शैल्यूट कर किया गया। उक्त अवसर पर अखिल भारतीय गौरवशाली क्षत्रिय महासभा फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह ने कहा कि वीर शिरोमणि पृथ्वीराज चौहान को राय पिथौरा के नाम से भी जाना जाता है। उनके पिता का नाम राजा सोमेश्वर सिंह चौहान तथा माता का नाम श्रद्धेया कमला देवी एवं उनकी धर्मपत्नी का नाम संयोगिता था। वे अंतिम राजपूताना शासक वंश में जन्मे सम्राट पृथ्वीराज चौहान ने महज 11वर्ष की उम्र में अजमेर का शासन सम्भाला था, उन्हे शब्दभेदी बाण की अद्भुत कला व मेडिसिन गणितज्ञ इतिहास, पेंटिंग व युद्धकला में निपुण थे। अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष धु्रवराज सिंह ने कहा कि पृथ्वीराज चौहान के अंतिम बाण का जिक्र बार बार किया जाता है ‘‘चार बांस चौबीस गज अंगुल अष्ट प्रमाण, ता ऊपर सुल्तान है मत चूको चौहान। उन्होंने वर्तमान युवा पीढ़ी से अपना इतिहास पढ़ कर उस पर अमल करना वर्तमान समय की जरूरत पर बल दिया। संचालन जिला संयोजक बब्बू सिंह वैश ने किया। गोष्ठी को गोण्डा जनपद से आए विश्वनाथ सिंह विसेन तथा सामाजिक कार्यकर्ता मूलचन्द राव ने सम्बोधित करते हुए उनके कृतित्व व ब्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उक्त दौरान कक्षा सात का छात्र जय सिंह चौहान ने वीररस में कविता सुनाकर उपस्थित लोगों को भाव विभोर कर दिया।