: सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनायें त्यौहारः डीएम
Mon, Jul 17, 2023
त्यौहारों को शान्तिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराने में संभ्रान्तजनों की महत्वपूर्ण भूमिका
ऐसा कोई कार्य न करें कि जिससे एक दूसरे समुदाय की भावनाएं आहत हों
माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले आसामाजिक तत्वों के विरुद्ध की जायेगी कठोर कार्रवाई
बहराइच। आसन्न मोहर्रम माह को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला पीस कमेटी की बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा ने लोगों से अपील की कि सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहारों को मनायें तथा शान्ति व्यवस्था के सम्बन्ध में यदि कहीं से कोई सूचना प्राप्त हो तो उसे तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों के संज्ञान में अवश्य लायें। डीएम व एसपी ने कहा कि त्यौहार हमारी पहचान हैं, हमें त्यौहार इस प्रकार से मनाना चाहिए कि लोगों को इससे शान्ति और सौहार्द का सन्देश पहुंचे। डीएम व एसपी ने समाज के बड़े बुजुर्गों, संभ्रान्तजन व गणमान्यजन से अपील की कि युवा पीढ़ी व बच्चों को इस बात की सीख दें कि त्यौहार परम्परागत ढंग से मनाएं। डीएम व एसपी ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति धार्मिक जुलूसों में किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं करेगा और न ही साथ लेकर चलेगा। डीएम व एसपी ने कहा कि जिले के अम्नो-अमान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से संजीदा है। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले आसामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी। डीएम व एसपी ने कहा कि उन्हें आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि सभी के सहयोग से पूर्व की भांति आगामी त्यौहार भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होंगे। डीएम व एसपी ने एसडीएम, सीओ व थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि स्थानीय भ्रमण कर लें तथा थाना स्तर पर भी शान्ति समितियों की बैठकें आयोजित कर त्यौहार पंजिका के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराते हुए शासन के दिशा-निर्देशों से अवगत करा दें। डीएम व एसएसपी ने कहा कि त्यौहारों के दौरान गुड पुलिसिंग व्यवस्था रहेगी। संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जायेगी। डीएम व एसपी ने लोगों से अपील की कि ऐसा कोई कार्य न करें कि जिससे एक दूसरे समुदाय की भावनाएं आहत हों। डीएम द्वारा विद्युत, नगर निकायों., पंचायत राज, लो.नि.वि. के अधिकारियों को मोहर्रम के अवसर पर बिजली, पानी, साफ-सफाई के माकूल बन्दोबस्त किये जाने के साथ आवागमन के रास्तों की आवश्यक मरम्मत कराये जाने के साथ-साथ यह भी निर्देश दिया कि जिले में निकलने वाले जुलूसों की सूची प्राप्त कर विभागीय कार्मिकों की ड्यूटी लगा दी जाए। बैठक के दौरान डॉ. मोहम्मद आलम सरहदी, परशुराम कुशवाहा, ज़फर उल्ला खॉ ‘बन्टी’, कुल भूषण अरोड़ा, न.पा.परि. नानपारा के अध्यक्ष अब्दुल वहीद, न.पं. रिसिया की श्रीमती मुन्नी देवी, समाजसेवी श्रीमती निशा शर्मा, मौलाना रूमी मियॉ, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तेजे खां, कल्बे अब्बास, मौलाना खालिद, पूर्व चेयरमैन न.पं. जरवल सै. जाफर मेंहदी एडवोकेट, लड्डन खां सहित अन्य धर्मगुरूओं, गणमान्य व संभ्रान्तजन द्वारा बिजली, पानी, साफ-सफाई, सड़को की मरम्मत इत्यादि के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये। इस अवसर पर सीआरओ अवधेश कुमार मिश्र, एएसपी सिटी कुॅवर ज्ञानंजय सिंह व ग्रामीण पवित्र मोहन त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी, धर्मगुरू, उद्यमी व व्यापारी, गणमान्य व संभ्रान्तजन मौजूद रहे।
: डीएम ने वीडियो कालिंग के माध्यम से ग्राम में मौजूद लेखपालों से की वार्ता
Mon, Jul 17, 2023
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी द्वारा जनपद के लेखपालों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि अपने आंवटित ग्रामों में रोस्टर के अनुसार 10 से 02 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर जन समस्याओं का निस्तारण करें। लेखपालों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों की ग्रामों में उपस्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने पहली बार जनता दर्शन में जन समस्याओं की सुनवाई के दौरान तहसील कैसरगंज के ग्राम हिसामपुर के ढखेरवा व कसेहरीखुर्द के लेखपालों से बीडीओ कालिंग के माध्यम से वार्ता कर ग्राम से सम्बन्धित जन समस्याओं का निस्तारण, वरासत व अन्य राजस्व कार्य तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के सम्बंध में फीडबैक प्राप्त किया।
: सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के शुभारम्भ अवसर पर रवाना हुए जागरूकता वाहन
Mon, Jul 17, 2023
विधायक महसी ने डीएम के साथ वाहनों को दिखायी हरी झण्डी
बहराइच। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाये जाने तथा आमजन को यातायात नियमों का पालन करने एवं नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 17 से 31 जुलाई तक आयोजित होने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के शुभारम्भ अवसर पर विधायक महसी सुरेश्वर सिंह व जिलाधिकारी मोनिका रानी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन ओ.पी. सिंह व प्रशासन के राजीव कुमार सहित अन्य स्टेक होल्डर्स विभागों के अधिकारी व गैर सरकारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। रवाना किये गये जागरूकता वाहनों द्वारा नगर के मुख्य चौराहों व प्रमुख स्थानों पर आमजन को यातायात नियमों का पालन करने यथा वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करने, सीट बेल्ट का सदैव प्रयोग करने, बिना लाइसेंस के वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवरलोडिंग न करने, वैध प्रपत्रों के साथ वाहन चलाने, निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन न चलाने, पार्किंग के नियमों का पालन करने, आवश्यकतानुसार इंडीकेटर्स का प्रयोग करने तथा अपनी लेन में ही वाहन चलाने इत्यादि के बारे में लोगों को जागरूक किया जायेगा। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अवसर पर विधायक महसी सुरेश्वर सिंह व जिलाधिकारी मोनिका रानी ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने तथा छोटी-मोटी सावधानियॉ बरतने से हम स्वयं के साथ साथ दूसरों को भी सुरक्षित कर सकते हैं। विधायक व डीएम ने लोगों से अपील की कि वाहनों का संचालन करते समय अनिवार्य रूप से सीटबेल्ट व हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें, ओवर स्पीडिंग न करें, किसी प्रकार के स्टन्ट से बचे तथा यातायात संकेतांकों का स्वयं पालन अवश्य करें तथा दूसरे लोगों को भी यातायात नियमों के बारे में जागरूक करें और पालन करने के लिए प्रेरित भी करें।