: प्रतिबन्धित संगठन सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया के नौ सदस्य पुलिस हिरासत में
Sun, Jul 30, 2023
बहराइच। शहर के एक होटल से एक प्रतिबंधित संगठन के 9 सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। गौरतलब हो कि कोतवाली नगर क्षेत्र में संचालित एक होटल में एसडीपीआई (सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया) के सदस्य पहुंच गए। सभी मीटिंग करने लगे। इसकी जानकारी पुलिस को हुई तो पुलिस ने होटल में छापेमारी करते हुए नौ सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाली नगर के रोडवेज बस अड्डा के निकट एक नेता का होटल शेरान का संचालन होता है। होटल में रविवार को प्रदेश के विभिन्न जनपदों से एसडीपीआई के कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहुंच गए। इनमें प्रदेश के दूसरे जनपद के भी लोग आए थे। सभी होटल में बैठक कर संगठन की रणनीति पर चर्चा कर रहे थे। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गौड़, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजीव सिसोदिया व अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी करते हुए मौके से 9 सदस्यों को हिरासत में लिया। इसके बाद उनसे कोतवाली लाकर पूछताछ की गई। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि एसडीपीआई के 9 सदस्य हिरासत में लिए गए हैं। उनसे गोपनीय पूछताछ की जा रही है इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। कोतवाली नगर क्षेत्र में संचालित होटल में इससे पूर्व भी दो बार छापा पड़ चुका है। इलाहाबाद से फरार हुई शाइस्ता परवीन और उसके बेटे की तलाश में एसटीएफ लखनऊ की रेड पड़ चुकी है। इसके बाद भी होटल में ऐसे कार्य नहीं थम रहे हैं।
: सुलह-समझौते के बाद पांच परिवारों को बिखरने से बचाया गया
Sun, Jul 30, 2023
परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक मामलों की काउंसिलिंग की
बहराइच। पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा के निर्देशन में पुलिस लाइन में परिवार परामर्श केन्द्र पर रविवार को काउंसलर फहीम किदवई, सर्वजीत सिंह, डी.पी.सिंह, अनुराधा श्रीवास्तव, रंजना उपाध्याय व महिला थाना उ. नि. श्रीमती कल्पना सिंह, महिला आरक्षी निशा सिंह, महिला आरक्षी निहारिका, महिला आरक्षी राशि शुक्ला, महिला आरक्षी किरन दुबे व अन्य परामर्शदाताओं की उपस्थिति में पारिवारिक मामलों में सुलह-समझौते का प्रयास किया गया। महिला थाना पर प्रत्येक रविवार को पारिवारिक विवादों की प्राप्त शिकायतों में परामर्शदाताओं के माध्यम से परिवारों को पुनः जोड़ने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उ.नि. महिला थाना श्रीमती कल्पना ने बताया कि उनके समक्ष काफी ऐसी शिकायत थाने पर एवं उच्च अधिकारियों से प्राप्त होती हैं, जिनमें पति-पत्नी में घरेलू कलह होनेे कारण मुकदमें शुरू हो जाते हैं। पति एवं अन्य ससुरालीजनों के विरूद्ध दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा व गृहस्थी में निवास को लेकर शिकायतें प्राप्त होती रहती हैं। परिवारों में विघटन न हो इस कारण से परामर्शदाताओं का सहयोग लेकर प्रत्येक रविवार को थाना परिसर में पक्षकारो के मध्य समझौता कराया जाता है। रविवार को 05 मामलों में पति-पत्नी व उनके सगे संबंधियों को बुलाया गया था। प्रभारी निरीक्षक महिला थाना शीला यादव व टीम के अथक प्रयास से 05 परिवारों को बिखरने से बचाया गया हैं व उनकी साथ-साथ में विदाई करायी गयी है। 05 प्रकरण में सुलह समझौता कराया गया। जिन पति-पत्नी की विदाई करायी गयी उनको भी अगले रविवार को कुशलक्षेम पूछने के लिए पुनः बुलाया गया है। जिससे सुलह की स्थिति से अवगत करा सकें। इस तरह से सुलह कराने से परिवारों को बिखरने से बचाने के लिए किये जा रहे प्रयास का सराहनीय कार्य किया गया है।
: पुलिसकर्मियों ने पुजारी को बर्बरतापूर्वक लाठियों से पीटा
Sun, Jul 30, 2023
पुजारी की पुलिसकर्मियों द्वारा पिटाई का वीडियो वायरल
वीडियो में तटबंध पर पुलिसकर्मी पुजारी की लाठियों से कर रहे पिटाई
बहराइच। कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा एक पुजारी की लाठियों से बर्बरता पूर्वक पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शिवपुर-इमामगंज तटबंध पर खैरीघाट थाने की पुलिस एक पुजारी की बर्बरता से पिटाई कर कर रही है। पुलिस की बर्बरता का यह वीडियो शनिवार शाम का है। वीडियो वायरल होने के बाद खैरीघाट थाने की पुलिस अपने बचाव की जुगत में जुट गई है। जान चली जायेगी, लेकिन पुलिस की गाड़ी पर नहीं बैठेंगे। एसआई ने पुजारी को बीच सड़क पर लाठियों से पीटा। शिवपुर में स्थित मंदिर के पुजारी को उप निरीक्षक ने मामूली सी बात पर बीच सड़क पर लाठियों से पिटाई कर दी। इसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। उप निरीक्षक से एसपी ने स्पष्टीकरण तलब किया है। खैरीघाट थाना क्षेत्र के शिवपुर में बांके मंदिर स्थित है। यहां पर एक पुजारी की तैनाती है। शनिवार को मामूली सी बात पर शिवपुर चौकी पर तैनात उप निरीक्षक राम गोविंद यादव ने मंदिर के पुजारी की लाठियों से जमकर पिटाई कर दी। इमामगंज तटबंध पर पुजारी की पिटाई का वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया। इसके बाद उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसमें पुजारी कह रहा है कि चाहे जितना मारो जान से मार दो, लेकिन पुलिस की गाड़ी पर वह नहीं बैठेगा। सोशल मीडिया का पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने संज्ञान लेते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं थानाध्यक्ष खैरीघाट कमल शंकर चतुर्वेदी का कहना है कि मामूली सी बात हुई थी। इस तरह पिटाई नहीं करना चाहिए था। उच्चाधिकारियों का जो निर्णय होगा वह उप निरीक्षक के विरुद्ध किया जाएगा। पुलिस के इस करतूत की क्षेत्र में निंदा हो रही है। वहीं पुलिस की कार्यशैली से क्षेत्र के लोगों में गुस्से का माहौल बना हुआ है। लोग तरह तरह की चर्चा करते नजर आ रहे है। अगर मित्र पुलिस की यही हरकत रही तो न सिर्फ पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास उठेगा बल्कि पुलिस की कार्यशैली तो जवाब देह होगी ही पुलिस कर्मियों को क्षेत्र के लोगों के कोप भाजन का भी शिकार बनना पड़ सकता है।