: ओडीओपी व विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत आयोजित होगा प्रशिक्षण
Wed, Aug 2, 2023
बहराइच। मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र के प्राचार्य छत्तर सिंह ने बताया कि उ.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, बहराइच के अधीनस्थ श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी एवं अयोध्या जनपदों में वित्तीय वर्ष 2023-24 में एक जनपद एक उत्पाद तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत चिन्हित उद्योगों यथा बढ़ई, कुम्हार, लोहार, सोनार, टोकरी बुनकर, राजमिस्त्री, हलवाई, गुड़ उत्पाद (जैगरी), फर्नीचर एवं ट्राइबल क्रॉफ्ट (जनजातीय शिल्प) में 10 दिवसीय प्रशिक्षण हेतु आवेदन करने की अन्तिम तिथि 14 अगस्त निर्धारित है। प्राचार्य श्री सिंह ने बताया कि टी.ओ.टी. धारक/प्रशिक्षित प्रमाण-पत्र प्राप्त इच्छुक अभ्यर्थी अपने भरे हुए आवेदन-पत्र वांछित अभिलेखों के साथ 14 अगस्त तक मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र बहराइच में जमा कर सकते हैं। अभ्यर्थी चयन हेतु 17 अगस्त को पूर्वान्ह 11 बजे से आयोजित होने वाले साक्षात्कार में अभ्यर्थियों को अपने मूल अभिलेख, प्रमाण-पत्र, बैंक सम्बन्धी प्रपत्र, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट साइज 02 अदद फोटो लाना अनिवार्य होगा।
: तम्बाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए घातकः सीएमओ
Wed, Aug 2, 2023
तम्बाकू के सेवन से कई तरह की बीमारियां फैलती है, जो स्वास्थ्य एवं जीवन के लिए घातक
मौजूद लोगो को तम्बाकू छोड़ने के लिए दिलाया संकल्प
राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत उन्मुखीकरण कार्यशाला सम्पन्न
बहराइच। राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत ट्रेनिंग ऑफ़ हेल्थ प्रोफेशनल कार्यशाला एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम सीएमओ कार्यालय सभागार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यशाला में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंग स्टाफ, सीएचओ, एएनएम और आशा बहुओं को तम्बाकू से हो रहे रोगों, रक्तचाप, अनिद्रा, कैंसर जैसी बीमारियो के बारे मे विस्तार से प्रशिक्षित किया गया। युवाओ में बढ़ रहे तंम्बाकू के प्रचलन के बारे में चिंता भी व्यक्त की गई। इसके साथ ही तम्बाकू छोड़ने के उपायो एवं कोटपा अधिनियम 2013 के बारे मे विस्तार से चर्चा की गयी। तम्बाकू छोड़ने हेतु टोल फ्रीनंबर 1800112356 बताया गया जिससे तंबाकू छोड़ने सम्बंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० सिंह ने कहा कि यदि हम आज मन से शपथ ले ले तो वह दिन दूर नही जब तम्बाकू व धूम्रपान के सेवन से समाज मुक्त हो जायेगा। एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. अनुराग वर्मा ने बताया कि तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत तम्बाकू नियंत्रण अधिनियम की धारा 4 के अन्तर्गत सभी सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान को प्रतिबंधित किया गया है। धारा 6 के अन्तर्गत सभी शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में, नाबालिगों द्वारा तम्बाकू के क्रय तथा विक्रय पर प्रतिबंध है। एनसीडी के डॉ.पी.तिवारी ने बताया कि तम्बाकू की लत व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को बर्बाद कर देती है। तम्बाकू के सेवन से कई तरह की बीमारियां फैलती है, जो स्वास्थ्य एवं जीवन के लिए घातक है। जिला स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी बृजेश सिंह ने कार्यशाला एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम में कहा कि समाज में विशेषकर युवा वर्ग जानकारी के अभाव में तंबाकू उत्पाद को अपनाकर बीमारी से ग्रसित हो रहे है। हम सभी का नैतिक कर्तव्य है कि लोगों को तम्बाकू जनित बीमारियों के प्रति जागरूक कर उनके जीवन को बचाये। इस अवसर पर डॉ.पी.के. बांदिल, डॉ. संतोष राना, डॉ. विजित जायसवाल, डीपीएम सरजू खान, डीसीपीएम मो.राशिद, एफएलसी विवेक श्रीवास्तव, फिज़ियोथेरेपी स्पेशलिस्ट डॉ.रियाजुल हक़, सलाहकार पुनीत शर्मा, एलटी संतोष सिंह, नर्सिंग ऑफिसर बृज प्रकाश, शरद श्रीवास्तव, मो. हारून, फहीम अहमद, राज कुमार महतो, अजय प्रताप सिंह, मनीष कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ.पी. तिवारी ने मौजूद लोगो को तम्बाकू छोड़ने के लिए संकल्प दिलाया।
: दिवंगत शिक्षक के परिजनों से मिली टीएससीटी टीम
Wed, Aug 2, 2023
बहराइच। टीएससीटी के जिला संयोजक पंकज प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में जिला टीम और ब्लॉक टीम के सदस्यों ने मंगलवार को विकास खंड विशेश्वरगंज के दिवंगत शिक्षक स्व. राम सरन के शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। स्व. राम सरन प्राथमिक विद्यालय मझेरिया न्याय पंचायत कुरसहा में कार्यरत थे। जिनका विगत 26 जुलाई को आकस्मिक निधन हो गया था। स्व.राम सरन टीएससीटी के सदस्य थे। इनकी सदस्यता और वैधानिकता की जिला टीम द्वारा ब्लॉक टीम की सहायता से जांच की जायेगी और रिपोर्ट प्रदेश टीम को भेजी जाएगी। टीम ने परिवारजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर जिला सहसंयोजक संतोष कुमार सिंह, ब्लॉक संरक्षक अखिलेश मिश्रा, ब्लॉक संयोजक अतुल मिश्रा, पयागपुर ब्लॉक संरक्षक राजेंद्र नाथ शर्मा, ब्लॉक संयोजक अभिकेश त्रिपाठीएवं उनके विद्यालय के शिक्षक पुनीत उपस्थित रहे।