: महानिरीक्षक कारागार ने किया जेल का निरीक्षण, खामियों को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
Sat, Dec 2, 2023
बहराइच। प्रदेश के महा निरीक्षक कारागार शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। महानिरीक्षक का लोक निर्माण भवन में डीएम व एसपी ने स्वागत किया। इसके बाद महानिरीक्षक कारागार ने जिला कारागार का निरीक्षण कर कमियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक कारागार एस.एन.साबत शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। शहर के लोक निर्माण विभाग हाउस में जिलाधिकारी मोनिका रानी और पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने महा निरीक्षक का स्वागत किया। इसके बाद महानिरीक्षक ने जिले के अधिकारियों से जेल में बंद कैदियों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद पुलिस महानिदेशक सिविल लाइन स्थित जिला कारागार पहुंच गए। उन्होंने जेल का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि सरकार जेल के बंदियों को स्किल डेवलपमेंट में मजबूत बना रही है। साथ ही जेल में जिन महिला बंदियों के बच्चे बंद हैं, उनके पढ़ाई का ख्याल रख रही है। उन्होंने कहा कि जेल में अंदर कुछ खामियां मिली है। जिसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान एसपी ग्रामीण डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी, जेल अधीक्षक राजेश यादव, सिटी मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, सीओ सिटी राजीव सिसोदिया, प्रशिक्षु पीसीएस ज्योति चौरसिया समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
: सीडीओ ने देवरायपुर गौशाला का किया औचक निरीक्षण
Fri, Dec 1, 2023
शरद ऋतु के लिए माकूल बन्दोबस्त करने के दिये निर्देश
गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
संरक्षित पशुओं को गुड़, चना व फल खिलाकर की गौसेवा
बहराइच। जिले में संचालित गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर. ने विकास खण्ड महसी अन्तर्गत अस्थायी गौआश्रय स्थल देवरायपुर का औचक निरीक्षण किया तथा संरक्षित पशुओं को गुड़, चना व फल खिलाकर गौसेवा की। सीडीओ ने मौके पर मौजूद खण्ड विकास अधिकारी महसी हेमन्त यादव व उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओ.पी. श्रीवास्तव को निर्देश दिया कि शरद ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए संरक्षित गौवंशों के लिए टाट कोट तथा पशु बाड़ों में पर्दा की व्यवस्था की जाय ताकि पशुओं को शीत लहर से बचाव हो सके। निरीक्षण के दौरान सीडीओ को जानकारी दी गई कि वर्तमान में यहां पर 185 गौवंश संरक्षित है जिसमें 90 मादा व 95 नर गौवंश है। सीडीओ ने पशु बाड़ों तथा गोदाम का निरीक्षण कर एकत्र की गई पराली पर संतोष जताते हुए निर्देशित किया कि संरक्षित गोवंशों को शासन की मंशानुसार हरे चारे, भूसा तथा चिकित्सा के माकूल बन्दोबस्त किये जायें। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आलोक व सचिव ग्राम पंचायत धर्मेंद्र, प्रवीण श्रीवास्तव, किशन श्रीवास्त एवं खण्ड प्रेरक बृजेश बाजपेयी उपस्थित रहे।
: तहसीलों में सम्पन्न हुए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम
Fri, Dec 1, 2023
बहराइच। ‘‘जागो रे जागो मतदाता’’ मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विशेष अभियान तिथियों 02 व 03 दिसम्बर से जनपद के सभी अर्ह नागरिकों का नाम निर्वाचक नामावलियों में शामिल किये जाने तथा आसन्न लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित कराये जाने के उद्देश्य से सुनियोजित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम अन्तर्गत जनपद की तहसीलों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर आमजन विशेषकर 01 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं, विशेषरूप से कमज़ोर जनजातीय समूह, अर्ह एवं छूटे हुए दिव्यांगजन, महिलाओं, बेघर, ट्रांसजेण्डर एवं सेक्स वर्कर्स को अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करने हेतु प्रेरित किया जायेगा। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम अन्तर्गत तहसील सदर बहराइच अन्तर्गत ई-रिक्शा के माध्यम से नगर क्षेत्र में आमजन को प्रपत्र 06, 07 व 08 को भरने हेतु जागरूक किया जा रहा है। तहसील कैसरगंज अन्तर्गत ठाकुर हुकुम सिंह इण्टर कालेज, राजकीय बालिका इण्टर कालेज, सरदार पटेल इण्टर कालेज के छात्र-छात्राओं द्वारा व अन्य तहसीलो में भी सुनियोजित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम अन्तर्गत शिक्षण संस्थाओं द्वारा निबन्ध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, मानव श्रृंखला, हस्ताक्षर अभियान, जनजागरण रैली, रंगोली, स्लोगन राईटिंग, नुक्कड नाटक इत्यादि जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सभी अर्ह नागरिकों को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने तथा आसन्न निर्वाचन में मतदान करने हेतु प्रेरित किया गया।