: ‘जल ज्ञान यात्रा’’ का जिलाधिकारी ने किया शुभारम्भ
Thu, Dec 14, 2023
जल ज्ञान यात्रा वाहनांे को जिलाधिकारी ने हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
ग्रामीण पेयजल योजना का स्कूली बच्चों ने किया अवलोकन
02 पेयजल परियोजनाओं का बच्चों के किया भ्रमण
जलापूर्ति प्रक्रिया से हुए रू-ब-रू
बहराइच। राज्य सरकार की अभिनव पहल पर देश की भावी पीढ़ी को जल जीवन मिशन की परियोजनाओं का सहभागी बनाने, आमजन को जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा पीने के लिए सुरक्षित जल स्रोतों का प्रयोग करने हेतु आमजन को प्रेरित करने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन के तहत राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन, जल निगम (ग्रामीण), नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जल ज्ञान यात्रा वाहनांे को जिलाधिकारी मोनिका रानी ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर डीएम ने स्कूली बच्चों को आहवान किया कि आमजन को स्वच्छता के साथ-साथ जल के विवेकपूर्ण इस्तेमाल तथा पानी के लिए सुरक्षित जल का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। उल्लेखनीय है कि जल ज्ञान यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों को सुसरौली च श्यामपुर नदौना पेयजल योजना ले जाया गया। यहां ग्रामीणों को पेयजल सप्लाई पहुंचाने की प्रक्रिया दिखाने के साथ ही सोलर संचालित पानी टंकी, पम्प हाउस का अवलोकन कराते हुए उपकरणों की क्रियाशीलता के बारे में जानकारी दी गई। श्यामपुर नदौना पेयजल योजना के निरीक्षण के दौरान फील्ड टेस्ट किट से प्रशिक्षित महिलाओं ने फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से स्कूली बच्चों को जल जांच की उपयोगिता समझाई। यहां नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्कूली बच्चों को जल संरक्षण के महत्व तथा हर घर जल योजना से ग्रामीणों को मिलने वाले लाभों के बारे में बताया गया। नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की अनूठी पहल पर आयोजित जल ज्ञान यात्रा का आयोजन जिले के स्कूली बच्चों के लिए यादगार क्षण बन गया। भ्रमण के दौरान स्कूली बच्चों को शुद्ध पेयजल का महत्व जानने के साथ जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना की उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। स्कूली बच्चों ने ग्रामवासियों से भेंट कर जानकारी भी मिली।
: ढाबे पर खड़ी कार में बाइक ने मारी जोरदार ठोकर, एक की मौत दूसरा घायल
Thu, Dec 14, 2023
पान खाने की जिद में काल के गाल में समाया युवक
जरवलरोड, बहराइच। बीती रात्रि जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर झुकिया के पास न्यू स्टार ढाबे पर खड़ी कार में पीछे से एक मोटरसाइकिल टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंचाया तथा दूसरे युवक की लाश को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है। जरवलरोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंभौरा निवासी अतुल गुप्ता उर्फ बंटी पुत्र भगवत प्रसाद गुप्ता तथा आदित्य कनौजिया पुत्र लल्लू कनौजिया बुधवार की रात्रि करीब सवा बारह बजे अपाची मोटरसाइकिल यूपी 40 एएस 0612 पर सवार होकर अपने घर से घाघरा घाट की तरफ ढाबे पर पान खाने जा रहे थे। वही लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर झुकिया के पास न्यू स्टार ढाबे पर पहले से खड़ी कार यूपी 78 ई एक्स 3980 में पीछे से टकरा गए। जिससे मोटरसाइकिल चालक अतुल गुप्ता उर्फ बंटी पुत्र भगवत प्रसाद निवासी बंभौरा की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा मोटरसाइकिल के पीछे बैठे आदित्य कनौजिया पुत्र लल्लू कनौजिया निवासी बंभौरा गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के परिजनों की सूचना पर शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवक को एंबुलेंस के द्वारा प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद के लिए भेज दिया गया। जिसकी हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज बहराइच रेफर किया गया है। वहीं भगवत के इकलौते बेटे की मृत्यु से परिजनों में कोहराम मचा है। बंभौरा निवासी भगवत प्रसाद गुप्ता का इकलौता पुत्र अतुल था। जिसको भगवत गुप्ता ने गोद लिया था। मृतक अतुल के घर पर किराएदार की बेटी की शादी थी। द्वार पूजा और जयमाल का कार्यक्रम संपन्न हो गया था। लड़की की शादी की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक दुर्घटना की सूचना घर में आने पर कोहराम मच गया। आनन फानन में लड़की की विदाई हुई। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार राव ने बताया की सभी कार्यक्रम संपन्न हो गया है।
: छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन व टैबलेट वितरित
Thu, Dec 14, 2023
बहराइच। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन और शासन के मंशा पर जिलाधिकारी मोनिक रानी के निर्देश में बाबू वासुदेव सिंह स्मारक महाविद्यालय जैतापुर रुपईडीहा नगर पंचायत क्षेत्र में बीए, बीएससी एवं परास्नातक के छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन एवं टैबलेट का वितरण ब्लॉक प्रमुख नवाबगंज जेपी सिंह एवं नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ उमाशंकर द्वारा किया गया। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधक दिनेश सिंह, प्राचार्य राजन सिंह व शिक्षक, शिक्षिकाएं तथा भारी संख्या में छात्र, अभिभावक तथा क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।