: सम्पूर्ण समाधान में 285 शिकायतों में 29 का हुआ निस्तारण
Sat, Dec 16, 2023
डीएम की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
10 जरूरतमंदो को वितरण किया गया कम्बल
बहराइच। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर., नवांगतुक अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा, उप जिलाधिकारी सदर प्रिंस वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजीव सिसौदिया व अन्य अधिकारियों के साथ आए हुए फरियादियों के समस्याओं की गंभीरता पूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी लेखपालों को निर्देश दिया कि अमल दरामद से सम्बन्धित निर्णित वादों का अपने रजिस्टर में अंकित कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवायी समय से सुनिश्चित कराये अन्यथा की स्थिति में सम्बन्धित के विरुद्ध कठोर कार्यवायी की जायेगी। डीएम मोनिका रानी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का पूरी संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को त्वरित न्याय दिलाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर मुख्यमंत्री के निर्देशों को अमलीजामा पहनाया जाय। उन्होनें अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि आपके विभाग से सम्बन्धित लम्बित पेंशन प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण भी सुनिश्चित कराये। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने ठंड से बचाव हेतु तहसील के ग्राम ताजखोदाई व सिंघापरासी तथा शहरी क्षेत्र के 112 निराश्रित, असहाय, गरीब व जरूरतमंदो को कम्बल का भी वितरण किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. सिंह, प्रशिक्षु पीसीएस ज्योति चौरसिया, पीडी डीआरडीए राज कुमार, उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि तहसील सदर में सम्पन्न हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 47 प्रार्थना-पत्रों में 06, महसी में प्राप्त 30 में 02, कैसरगंज में प्राप्त 85 में 08, नानपारा में प्राप्त 34 में 03, पयागपुर में प्राप्त 77 में 08 तथा मिहींपुरवा (मोतीपुर) में 12 में 02 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर किया गया।
: सड़क पर चहलकदमी करता दिखा तेंदुआ
Fri, Dec 15, 2023
राहगीरों में कुछ सहमें तो कुछ हुए रोमांचित, वायरल हुआ वीडियो
बहराइच। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत मिहीपुरवा-बिछिया मार्ग पर शुक्रवार दोपहर को जंगल से निकलकर अचानक तेंदुआ चहलकदमी करते हुए सड़क पर आ गया। तेंदुए को सड़क पर देखकर दोनों ओर से आवागमन कर रहे राहगीरों ने अपने वाहनों की रफ्तार धीमी कर ली। इस दौरान कई राहगीर रोमांचित हुए तो कई राहगीर तेंदुए को अपने नजदीक देखकर सहम गए। इस बीच सुजौली क्षेत्र के बर्दिया गांव के स्कूल शिक्षक विशाल श्रीवास्तव व गांव निवासी आजाद खान चार पंहिया वाहन से मिहीपुरवा की ओर जा रहे थे तभी सड़क पर तेंदुए को देखकर उन्होंने अपने वाहन की रफ्तार धीमी कर दी। इस दौरान करीब 10 मिनट तक तेंदुआ सड़क पर चहलकदमी करता रहा। जिसकी तस्वीर उन्होंने अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर ली। तेंदुए के सड़क से हटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जिसके बाद पुनः आवागमन शुरू हो सका।
: द्वितीय सड़क सुरक्षा पखवाड़ा पर रवाना हुए जागरूकता वाहन
Fri, Dec 15, 2023
सदर विधायक ने डीएम के साथ जागरूकता वाहनों को दिखायी हरी झण्डी
बहराइच। ‘‘सुरक्षित यात्रा-सुरक्षित जीवन’’ के संकल्प तथा शीत ऋतु में सड़क दुर्घटनाओं व उनसे होने वाली मृत्यु की संख्या में कमी लाये जाने के उद्देश्य के साथ 15 से 31 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले द्वितीय सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के शुभारम्भ अवसर पर सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल व जिलाधिकारी मोनिका रानी ने संयुक्त रूप से हरी झण्डी दिखाकर कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर राजीव सिसोदिया, उपायुक्त मनरेगा के.डी. गोस्वामी, अधि.अभि. लो.नि.वि. प्रा.ख. प्रदीप कुमार, डिप्अी कलेक्टर अश्वनी पाण्डेय, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन राजीव कुमार व प्रवर्तन के ओ.पी. सिंह सहित अन्य स्टेक होल्डर्स विभागों के अधिकारी व गैर सरकारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि जागरूकता वाहनों द्वारा नगर के मुख्य चौराहों व प्रमुख स्थानों पर आमजन को यातायात नियमों का पालन करने यथा वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करने, सीट बेल्ट का सदैव प्रयोग करने, बिना लाइसेंस के वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन न चलाने, बिना लाइसेंस के वाहन न चलाने, पार्किंग के नियमों का पालन करने, आवश्यकतानुसार इंडीकेटर्स का प्रयोग करने तथा अपनी लेन में ही वाहन चलाने इत्यादि के बारे में लोगों को जागरूक किया जायेगा।