: कलश यात्रा के साथ साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारम्भ
Wed, Feb 14, 2024
बेरिया स्थित समय माता मंदिर पर शुरू हुआ आयोजन
बहराइच। कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारम्भ बुधवार देर सायं बेरिया स्थित समय माता मंदिर पर हुआ। भक्तों की कलश यात्रा बेरिया मंदिर से प्रारम्भ हुई। जो चित्तौरा स्थित झील से जल भरकर वापस बेरियां मंदिर पर समाप्त हुई। भक्तों द्वारा विधि विधान से मंदिर की परिक्रमा कर पूजन-अर्चन किया गया। जिसके बाद भागवत कथा का शुभारम्भ हुआ। कथा वाचक पं. वैद्यनाथ त्रिपाठी जी महराज श्यामपुर नदौना द्वारा श्रीमद्भागवत कथा सुनाई गई। विकास खण्ड हुजूरपुर के ग्राम पंचायत गोकुलपुर के प्रधान प्रतिनिधि विजेन्दर सिंह उर्फ अप्पू सिंह द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा समापन के बाद विशाल भण्डारे का आयोजन किया जायेगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान विमला सिंह, रेनू सिंह, रोली सिंह, रूबी सिंह, प्रधान प्रतिनिधि विजेन्दर सिंह उर्फ अप्पू, हरिश्चन्द्र सिंह, बजरंग सिंह, अखण्ड प्रताप सिंह, शुचिता सिंह, शिवेन्द्र सिंह सहित भारी संख्या में अन्य भक्त मौजूद रहे।
: तेंदुए के जबड़े से मासूम को मां ने छुड़ाया
Wed, Feb 14, 2024
हमले में मासूम गंभीर रूप से घायल
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट क्षेत्र में रह रहे ग्रामीणों की जिंदगी जंगली जानवरों के हमले के चलते नरक हो चली है। आए दिन कोई ना कोई हमला ग्रामीणों पर होता रहता है। बीती रात्रि घर में बैठे एक मासूम पर तेंदुए ने जानलेवा हमला कर दिया। मां ने किसी तरह तेंदुए से भिड़करकर उसकी जान बचाई। मंगलवार देर रात गांव के लोग खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहे थे। तभी जंगल से निकाल कर आया एक तेंदुआ गांव निवासी बुधाई के घर में घुस गया। घर में चारपाई पर बैठे खेल रहे बुधाई के चार वर्षीय पुत्र अयान पर हमला कर तेंदुआ उसे घसीट कर ले जाने लगा। बच्चे की चीख पुकार सुनकर मां दौड़ी तो सामने तेंदुआ को देखकर सहम गई। चीख पुकार सुनकर परिवार के अन्य लोग दौड़े, गांव के लोगों ने भी तेंदुए की आहट पाकर हाका लगाना शुरू किया। शोर होने के चलते तेंदुआ बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर चला गया। लेकिन हमले में अयान गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसके चेहरे और सिर पर गहरे घाव है। घायल बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहीपुरवा में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी वनकर्मियों को दी। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। वन दरोगा अनिल कुमार ने गांव का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और सहायता का आश्वासन दिया।
: सराफा व्यवसायी लूटकाण्ड का खुलासा, चार गिरफ्तार
Tue, Feb 13, 2024
पकड़े गए लुटेरों के पास से जेवरात, नगदी, चाकू व बाइक बरामद
पकड़े गए आरोपियों में तीन अन्तरप्रदेशीय
बहराइच। सराफा व्यवसायी के साथ हुई लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के विरूद्ध पहले से ही कई थानों में मामला दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों में से तीन राजस्थान के निवासी है। ज्ञातव्य हो कि बीते 9 फरवरी की रात्रि करीब आठ बजे कोतवाली नानपारा के शिवालाबाग मेहरबान नगर निवासी सराफा व्यवसायी अमित सोनी पुत्र कृपा शंकर सोनी बोधवा बाजार में स्थित अपनी दुकान बंद कर वापस घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में ककरी बंधे के निकट नहर पुलिया के पास बाइक सवार लुटेरों ने सराफा व्यवसायी पर चाकू से हमला कर घायल करते हुए बिक्री के नगद रूपये व सोने, चांदी के जेवरात लूट ले गए थे। जिसके संबंध में मुअसं. 63/24 धारा 394 के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बांद पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया था। एसपी व डीआईजी ने भी घटना स्थल का दौरान किया था व जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे। मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक नानपारा मिथलेश राय, प्रभारी एसओजी/सर्विलांस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर लूट में शामिल अभियुक्त दीवान सिंह पुत्र विनोद सिंह निवासी उंचवा धौतलिया कोतवाली नानपारा, अंकित कुमावत पुत्र छित्रमल कुमावत निवासी सीएलसी चैक वार्ड नं. 39 थाना उद्योग नगर जनपद सीकर राजस्थान, कमलेश कुमावत पुत्र बनवारी लाल कुमावत निवासी जगदम्बा कालोनी, मो.हमराज पुत्र मो.हबीब शेख निवासी निकट आरटीओ आफिस तीनों जनपद सीकर राजस्थान को गिरफ्तार किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा.पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों के पास से 3 लाख 50 हजार रूपये के जेवरात, 25 हजार रूपये नगदी व लूट में प्रयुक्त बाइक, चाकू व मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रूपये का नगद पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया गया। गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी है। पकड़े गए आरोपियों के विरूद्ध जनपद में पहले से ही कई मामले दर्ज है।