: मतदाता पर्ची व पहचान पत्र वितरण कार्य की डीएम ने की समीक्षा
Wed, Apr 3, 2024
वेबकास्टिंग कार्य की तैयारियों का भी लिया जायजा
बहराइच। लोकसभा चुनाव की मतदान प्रकिया को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जनपद में मतदान प्रकिया का वेबकास्टिंग कराये जाने की तैयारियों की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी मोनिका रानी ने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वेबकास्टिंग के लिए चिन्हित मतदान केन्द्रों व मतदेय स्थलों की सूची दो दिवस में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होनें इस सम्बंध में उपायुक्त मनरेगा के.डी. गोस्वामी को निर्देश दिया कि आयोग की मंशानुसार वेबकास्टिंग कराये जाने के दृष्टिगत कैमरों व प्रशिक्षित मैन पावर इत्यादि की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करा लें। डीएम ने उप जिलाधिकारियों से मतदाता पर्ची व मतदाता पहचान पत्र वितरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि शत प्रतिशत मतदाता पर्ची व मतदाता पहचान पत्र का वितरण सुनिश्चित कराये ताकि मतदान प्रतिशत प्रभावित न होने पाये। उन्होनें निर्देश दिया कि इस कार्य की नियमित समीक्षा करते रहे आवश्यकतानुसार सक्षम स्तर से पत्राचार भी करते रहे। समीक्षा के दौरान जिस स्तर पर मतदाता पर्ची व मतदाता पहचान पत्र वितरण में उदासीनता व लापरवाही पायी जाय सम्बन्धित कार्मिक को चिन्हित कर कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर अवगत कराया जाय। इसके अलावा निर्वाचन से सम्बन्धित अन्य बिन्दुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, सीआरओ डॉ देवेन्द्र पाल सिंह, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, उप जिलाधिकारी सदर प्रिंस वर्मा, नानपारा अश्वनी पाण्डेय, कैसरगंज पंकज दीक्षित, महसी अखिलेश कुमार सिंह, पयागपुर दिनेश कुमार, मोतीपुर (मिहींपुरवा) संजय कुमार, प्रशिक्षु पीसीएस ज्योति चौरसिया व अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
: जिला कारागार में इफ्तार पार्टी व होली मिलन समारोह आयोजित
Tue, Apr 2, 2024
बहराइच। उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति द्वारा जिला कारागार में कैदी भाईयो के साथ इफ्तार पार्टी व होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर समिति द्वारा कारागार के 220 रोजेदार कैदियों को इफ्तार करवाया गया। तत्पश्चात कैदियों एव अधिकारियों के साथ फूलों की होली खेल कर होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिससे कैदियों में खुशी की लहर दौड़ गई। कारागार के कैदी जो अपनो से दूर रहते है त्योहार भी उनका आम दिनों की तरह होता है। उनके बीच में हुए इस कार्यक्रम से कैदियों को अपनेपन का एहसास हुआ और उनके वीरान चेहरे पर खुशी की चमक देखते ही बनती थी। कार्यक्रम के अवसर पर समिति द्वारा जेलर अजय कुमार झा, डिप्टी जेलर देवकांत वर्मा, शेषनाथ, ब्रह्मानंद को पगड़ी बांधकर और माला पहनाकर एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। अनीता सक्सेना डिप्टी जेलर एवं कुसुम यादव बंदी रक्षक व, अंशु यादव बंदी रक्षक को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम के आयोजक समिति के केशव कुमार मौर्य जिला सचिव व जेल विजिटर जिला कारागार, शेर सिंह कसौधन जिला संयोजक, यज्ञराम त्रिपाठी जिला संरक्षक, गौरव त्रिपाठी सदस्य, विनोद कुशवाहा जिला उपसचिव, मोहम्मद अरशद, इरशाद हुसैन, महबूब अहमद, श्याम कुमार मिश्र, रमेश मिश्रा, गौरव त्रिपाठी, केशव पाण्डेय जिला उपसचिव, मुन्नालाल कश्यप, राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, इमरान, मनीष कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
: निरीक्षण के दौरान बीईओ ने बच्चों को बांटा टाफियां व पुस्तकें
Tue, Apr 2, 2024
फखरपुर, बहराइच। नवीन शिक्षा सत्र को लेकर जहां विद्यालयों में भी चहल पहल बढ़ गई है वहीं शिक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर अधिकारियों का दौरा भी शुरू हो गया है। फखरपुर के खण्ड शिक्षा अधिकारी अनुराग मिश्र द्वारा प्राथमिक विद्यालय सिद्धा का निरीक्षण मंगलवार को किया गया। निरीक्षण के दौरान बीईओ ने कक्षा कक्ष का अवलोकन कर बच्चों से प्रश्न भी पूंछा तथा बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय आने हेतु प्रेरित करते हुए उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए पुस्तकें और टाफियाँ वितरित किए। टाफियाँ और पुस्तकें पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। नवीन नामांकन को बढ़ाने, अभिभावक संपर्क करने, कंपोजिट ग्रांट का समुचित उपयोग करने सम्बन्धी आदि आवश्यक दिशा निर्देश बीईओ ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक धीरेंद्र यादव को दिया। इस दौरान शिक्षामित्र बंदना मिश्रा व विद्यानंद दीक्षित मौजूद रहे।