: एसपी ने किया सुजौली व मुर्तिहा थाने का निरीक्षण
Sat, Apr 6, 2024
व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बहराइच। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला द्वारा शनिवार को थाना सुजौली व मुर्तिहा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसपी द्वारा थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। एसपी ने महिला हेल्प डेस्क पर शिकायतों की समीक्षा की। कुछ शिकायतों पर पीड़ितों को फोन कर कार्रवाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मालखाने का निरीक्षण किया गया। आगन्तुकों के साथ अच्छा व्यवहार करने, पेयजल व शौचालय की समुचित व्यवस्था करने के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया। मेस की साफ-सफाई व मीनू के अनुसार भोजन बनाने के निर्देश सम्बन्धित को दिए गए। हवालात में साफ-सफाई व सीसी टीवी लगवाने के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया। जर्जर भवनों की मरम्मत की धनराशि जो प्राप्त हुई थी उनके द्वारा कराये गए मरम्मत की भी समीक्षा की गई। एसपी ने मरम्मत कार्यों की प्रशंसा भी की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नानपारा राहुल पाण्डेय, सम्बन्धित थाना प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
: रामप्रसाद हत्याकाण्ड का राजफास, पुलिस द्वारा तीन अभियुक्त गिरफ्तार
Sat, Apr 6, 2024
बहराइच। विशेश्वरगंज पुलिस द्वारा हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में एक महिला भी शामिल है। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि मुअसं. 107/24 धारा 302, 149 से सम्बन्धित अभियुक्त श्रीचन्द्र शुक्ला व नरेन्द्र शुक्ला उर्फ मोटे पुत्रगण जगदम्बा शुक्ला निवासीगण बभनपुरवा तथा परमा पत्नी राम बिलास चौहान निवासी भागीरथपुरवा दाखिल नेठिया को गिरफ्तार किया गया। ज्ञातव्य हो कि बीते 4 अप्रैल को थाना विशेश्वरगंज अन्तर्गत नेठिया निवासी ग्राम प्रधान आरती देवी के ससुर राम प्रसाद चौहान 65 वर्ष की खेत में फसल रखवाली के दौरान हत्या कर दी गई थी। रात्रि में वह खेत में फसल रखवाली के लिए सोये हुए थे। जहां सुबह वह औधे मुंह पड़े मिले थे। परिजनों ने मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था। इलाज शुरू होते ही कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई थी। परिजनों ने पूर्व प्रधान पर चुनावी रंजिश के तहत हत्या किये जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने हत्या में शामिल अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल रवाना किया।
: फ्री एण्ड फेयर मतदान सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन कटिबद्धः डीएम
Sat, Apr 6, 2024
र्प्रशिक्षित किये गये जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट
बहराइच। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट बुलन्द हौसले के साथ निर्वाचन कार्य के लिए सौंपे गये उत्तरदायित्वों का निवर्हन करते हुए जनपद में फ्री एण्ड फेयर पोल सम्पन्न करायें। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का भली प्रकार से अध्ययन कर पूरी कड़ाई के साथ अनुपालन सुनिश्चित कराएं। सभी को ओवरकांफिडेंस से बचते हुए पूरे विश्वास के साथ तटस्थ और निष्पक्ष रहकर कार्यवाही करने की हिदायत दी गयी। नियुक्त किये गये जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के प्रशिक्षण हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में 02 सत्रों में आयोजित प्रशिक्षण बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी मोनिका रानी यह निर्देश दिये। सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया गया कि क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पूरी स्थिति की जानकारी प्राप्त करें, भ्रमण के दौरान सभी जरूरी लोगों, गांव के चौकीदार व लेखपाल इत्यादि ग्राम स्तरीय कर्मचारियों से बात कर गांव व क्षेत्र के बारे में फीड बैंक अवश्य प्राप्त कर लें। डीएम ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत की अनदेखी न की जाय। यदि कोई शिकायत प्राप्त हुई है तो उसके सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही करते हुए जरूरत के अनुसार उसे उच्चाधिकारियों के संज्ञान में भी लायें। दो पालियों में सम्पन्न हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, डीआईओ एनआईसी योगेश यादव, जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. सी.के. वर्मा, सहायक अध्यापक संदीप जायसवाल, नैमिष गिरी व अन्य द्वारा मतपत्र लेखा (प्रारूप-17सी) में दर्ज की जाने वाली प्रमुख प्रविष्टियों के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर उपायुक्त मनरेगा केडी गोस्वामी, जिला कृषि अधिकारी टी.पी. शाही एसडीएम पयागपुर दिनेश कुमार, कैसरगंज के पंकज दीक्षित, महसी के अखिलेश कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।