: चोरी गया डीजे बरामद, आरोपी गिरफ्तार
Wed, Jul 17, 2024
बहराइच। पयागपुर पुलिस द्वारा चोरी गए डीजे को बरामद कर एक आरोपी चोर को गिरफ्तार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक करूणाकर पाण्डेय ने बताया कि चोरी के मुकदमें में वांछित अभियुक्त बबलू उर्फ सत्य प्रकाश पुत्र ओम प्रकाश निवासी रमवापुर सतपेड़िया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की डीजे मशीन बरामद की गई है।
बालिका के अपहरणकर्ता को पुलिस ने भेजा जेल
बहराइच। दरगाह पुलिस द्वारा मासूम बच्ची का अपहरण करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने एक तीन वर्षीय बालिका का अपहरण किया जा रहा था। जिस पर स्थानीय लोगों द्वारा उसे दौडा़कर पकड़ लिया गया था तथा पुलिस को सौंप दिया गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अभियुक्त नरेश कहार पुत्र परवाने निवासी मोहरना थाना देहात कोतवाली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
तेंदुए ने हमला कर तीन को किया घायल
बहराइच। बाग में आराम कर रहे तेंदुए ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में तीनों घायल हो गए। हालांकि तीनों बाल-बाल बच गए। घायलों का अस्पताल में उपचार किया गया। घटना थाना मटेरा अन्तर्गत शंकरपुर मदारगढ़ी की है। जहां बुधवार लगभग ढाई बजे रिंकू सिंह, मोनू सिंह व अन्नू सिंह निवासी निहालपुरवा पर तेदुए ने जानलेवा हमला कर दिया। किसी तरह तीनों ने तेंदुए से संघर्ष कर किसी तरह जान बचाई। जिसके बाद इलाज के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर वन विभाग के रेंजर ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया व घायलों का हालचाल जाना।
सेंध लगाकर लाखों की चोरी
बहराइच। चोरों ने सेंध लगाकर एक घर से नगदी समेत हजारों के जेवर पार कर दिए। घटना कोतवाली नानपारा अन्तर्गत पकरा देवरिया की है। जहां निवासी बुधराम पुत्र राम आधार के घर में चोरों ने बीती रात्रि सेंध लगाकर लगभग 31 हजार रूपये के सोने, चांदी के जेवरात, कपड़े व बर्तन उठा ले गए। सुबह जब परिजन जगे तो सेंध लगा देख हड़कम्प मच गया। पुलिस को भी सूचना दी गई। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जल्द ही खुलासा किया जायेगा।
सरयू में डूबी बालिका का शव दूसरे दिन उतराता मिला
बहराइच। सरयू नदी में अपने सहेलियों के साथ नहाते समय एक किशोरी का शव बुधवार दूसरे दिन नदी में उतराता पाया गया। जिस पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। ज्ञातव्य हो कि थाना खैरीघाट अन्तर्गत बेला मकन निवासिनी अर्चना यादव पुत्री महेश्वर यादव 15 वर्ष अपने पड़ोस के पूजा, लक्ष्मी व प्रीती के साथ मंगलवार को धान का खेत देखने गई थी। जिसके बाद वापस लौट रही थी। रास्ते में लौटते समय सरयू नदी में सभी नहाने लगी। नहाते समय सभी डूब रही थी। आसपास के ग्रामीणों ने प्रीती, पूजा व लक्ष्मी को डूबने से बचा लिया। जबकि अर्चना नदी में डूब गई थी। जिसका शव दूसरे दिन बुधवार सुबह नदी में उतराता पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
: देशी बीजों का अधिक से अधिक प्रयोग करें किसानः डा.आनन्द गोड
Tue, Jul 16, 2024
सांवरिया रिसार्ट में आयोजित हुआ किसान मेला कृषि प्रदर्शनी
किसान मेला में किसानों को दी गई खेती किसानी की जानकारियां
बहराइच। कृषि विभाग के तत्वावधान में सांवरिया रिसार्ट लखनऊ रोड बहराइच में आयोजित 01 दिवसीय खरीफ खाद्यान्न उत्पादकता गोष्ठी एवं किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी एवं जनपदीय मिलेट्स मेला का सांसद बहराइच डा. आनन्द कुमार गोड़ ने फीता काटकर शुभारम्भ किया। इसके पश्चात् मेले में लगाये गये कृषि, उद्यान, मत्स्य, रेशम तथा निजी कम्पनियों तथा किसानों द्वारा लगाये गये स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके उत्पाद को अच्छी मार्केटिंग से जोड़कर आय वृद्धि को बढ़ाया सकता है। सांसद बहराइच ने उपस्थित किसानों से देशी बीजों का उपयोग अधिक से अधिक करने तथा हाईब्रिड बीजों का उपयोग नगण्य करने की अपेक्षा की। सीडीओ रम्या आर ने अपने सम्बोधन में कहा कि कृषकों को प्राकृतिक खेती से जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा यह अपेक्षा की कि नदियों के किनारे बसने वाले सभी किसान प्राकृतिक खेती करें क्योकि नेचुरल फार्मिंग भूमि व जल को स्वस्थ्य बनाये रखती है। डीडी एग्री टी.पी. शाही ने कृषि विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी उपलब्ध करायी। किसान मेला/किसान गोष्ठी में सीवीओ राजेश कुमार उपाध्याय, प्रभारी अधिकारी के.बी.के. के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ शैलेन्द्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी सूबेदार यादव सहित सैकड़ों की संख्या में महिला प्रगतिशील कृषक तथा अन्य कृषक मौजूद रहे।
: किसानों को गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए किया गया जागरूक
Tue, Jul 16, 2024
किसान वैज्ञानिक तरीके से करे गन्ना प्रबन्धन
फखरपुर, बहराइच। पारले द्वारा रामटेड़िया ग्राम सभा में एक कृषक गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक तरीके से समय पर गन्ना फसल प्रबंधन करना। जिससे प्रति एकड़ उत्पादन कम से कम 500 कुंतल लिया जा सके। गोष्ठी का संचालन गन्ना अधिशासी रुचिन लाटयान ने किया। किसानों को सम्बोधित करते हुए पारले के एसोसिएट मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी ने कहा कि इस समय बरसात काफी अच्छी हो रही है। प्रति एकड़ 10 किलो यूरिया को 10 किलो पारले अमीनोज दानेदार के साथ मिलाकर लाइनो में तत्काल टाप ड्रेसिंग करे। जिससे फसल बढ़वार अच्छी हो सके और अच्छा उत्पादन प्राप्त हो सके। बढ़वार का समय जुलाई से सितम्बर तक होता है। इसके अलावा फसल की अच्छी बढ़वार तथा रोग एवं कीट नियंत्रण के लिए कम से कम 2 स्प्रे जुलाई माह में 15 दिनों के अंतराल पर जरूर करे। प्रति एकड़ स्प्रे एनपीके ( 0ः52ः34)-2 किलो, पारले अमीनोज तरल-1 ली., हेक्सास्टोप- 200 ग्राम, एमिडा-100 मि.ली. को 250 ली. पानी में घोल बनाये और स्प्रे कर दे। फसल पर अधिक से अधिक किसान स्प्रे करें इसके लिए पारले स्प्रे मशीन अपने किसानों को अनुदान पर उपलब्ध करा रही है। गोष्ठी में 110 किसानों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर पारले अन्य अधिकारीगण शक्ति, राहुल, अमर बहादुर, गिरजेश, दिनेश, उपस्थित रहे।