: पुत्र ने फावड़े से वार कर पिता को मार डाला
Sat, Jul 13, 2024
बहराइच। पिता से हुए विवाद के बाद बेटे ने फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पीएम के लिए भेज दिया। घटना थाना नवाबगंज अन्तर्गत फुटहा जगन्नाथपुर की है। जहां बेटे रामसुख का अपने पिता राम विलास से शुक्रवार सायं खेत में विवाद हो गया था। जिसके बाद वह घर चला आया था। देर सायं बेटा रामसुख भी घर पहुंचा। कहासुनी के बाद अपने पिता राम विलास पर फावड़े से वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजन उसे इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे तभी उसने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की व शव को कब्जे में कर पीएम के लिए भेज दिया। शनिवार सुबह घर पहुंचे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष आर.के.पाण्डेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जायेगा।
: आईजीआरएस समीक्षा में डीएम ने डीपीओ का रोका वेतन
Sat, Jul 13, 2024
आईजीआरएस सन्दर्भो का गुणवत्तापरक निस्तारण कराने के निर्देश
बहराइच। आईजीआरएस एवं 1076 के माध्यम से प्राप्त सन्दर्भों का गुणवत्तापरक निस्तारण कराने तथा असंतुष्टि फीड बैक की संख्या में कमी लाये जाने के उददेश्य से जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक सम्पन्न हुई। बीडीओ, ए.डी.ओ. पंचायत, बी.ई.ओ., सी.डी.पी.ओ., पूर्ति निरीक्षक, सब रजिस्ट्रार, पशु चिकित्साधिकारी व प्रभारी चिकित्साधिकारियों के स्तर से निस्तारित ऐसे सन्दर्भ जिनकी असंतुष्टि फीड बैक प्राप्त हुई है, कि समीक्षा करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण करने से पूर्व पहले आप शिकायत को पूरी तरह से समझे कि फरियादी की वास्तव में समस्या क्या है। अधिकारीवार निस्तारण की समीक्षा में पाया गया कि सीडीपीओ के स्तर पर निस्तारित सन्दर्भों में असंतुष्टि की संख्या अधिक होने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए शिथिल पर्यवेक्षण तथा बिना पूर्व अनुमति के मुख्यलाय से बाहर जाने पर अग्रिम आदेशों तक जिला कार्यक्रम अधिकारी का वेतन रोके जाने के निर्देश दिये गये। डीएम ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक ब्लाक में तेज तर्रार ग्राम विकास अधिकारियों की रैपिड एक्शन टीम का गठन कर लिया जाय जो कि मौके पर असतुष्टि फीड बैक से सम्बन्धित प्रकरणों की जांच कर सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि तहसील व ब्लाक स्तर पर ऐसे ग्राम पंचायतों व ग्रामों का चिन्हीकरण किया जाय जहां से अधिक व बार-बार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। डीएम ने कहा कि ऐसे चिन्हित किये गये गांवों में एसडीएम व बीडीओ स्वयं जाकर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें। डीएम ने अधिकारियों को सुझाव दिया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए की गई विजिट का विधिवत अभिलेखीकरण किया जाय। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय शर्मा, प्रशिक्षु पीसीएस मंजरी यादव, अधि.अभि. विद्युत बहराइच शैलेन्द्र कुमार, कैसरगंज के सौरभ निगम व नानपारा के रंजीत कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश उपाध्याय सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
: धारदार हथियार से किसान की हत्या
Sat, Jul 13, 2024
धान की बेड की रखवाली करने गया था किसान
बहराइच। धान के बेड की रखवाली करने गए वृद्ध पर लाठी, डण्डों से हमला कर दिया गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में घर पहुंचकर किसी तरह उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर मेडिकल कालेज पहुंचे। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पीएम के लिए भेज दिया। हत्या का आरोप मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी सहित चार लोगों पर बेटे ने लगाया है। घटना थाना खैरीघाट अन्तर्गत ग्राम ललुही के मजरा कोरियनपुरवा की है। जहां घसीटे पुत्र रतन 62 वर्ष घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में धान की बेड की रखवाली करने गया था। रात्रि 12 बजे के आसपास पहुंचे कुछ लोगों ने धारदार हथियार व लाठी, डण्डों से पीटकर उसे घायल कर दिया। घायलावस्था में वह किसी तरह घर पहुंचा। बेटा सतीश द्वारा इलाज के लिए शहर के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच पडताल की। पुलिस ने बताया कि पुत्र की तहरीर पर मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी सहित चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। बेटे के मुताबिक पत्नी पिता पर जमीन देने का दबाव बना रही थी। जमीन न मिलने पर उनकी हत्या कर दी गई। वहीं मामले में पुलिस ने मुअस 561/24 धारा 115 (2) 105, 352बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी संतराम उर्फ झुर्रा पुत्र गुरू प्रसाद, संजय पुत्र संतराम उर्फ झुर्री, मीना देवी पत्नी संतराम, गुरदीन पुत्र दूबर निवासीगण कोरियनपुरवा ललुही को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि हमले में मृतक के पुत्र सतीश कुमार द्वारा चार लोगों के विरूद्ध तहरीर दी गई थी।