: अरुणिमा, तेजस्वनी की जोड़ी ने राज्य स्तरीय बैटमिंटन ट्राफी पर जमाया कब्जा
Wed, Sep 11, 2024
प्रयागराज में आयोजित प्रदेशीय अंडर14 बालिका बैटमिंटन प्रतियोगिता में देवीपाटन मण्डल बना विजेता
बहराइच। 68वीं प्रदेशीय विद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन प्रयागराज स्थित अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में सम्पन्न हुआ। जिसमे देवीपाटन मण्डल ने शानदार प्रदर्शन करते हुये प्रथम राउंड में कानपुर, क्वार्टर फाइनल में मेरठ सेमीफाइनल में अयोध्या तथा फाइनल राउंड में सहारनपुर मण्डल को पराजित कर प्रतियोगिता में परचम लहराया। देवीपाटन मण्डल की तरफ से छात्रा अरुणिमा, तेजस्विनी सिंह, निहारिका चौबे तथा प्राची ने अंडर 14 राज्य स्तरीय बैटमिंटन प्रतियोगिता में अपने हुनर का लोहा मनवाते हुये विजेता ट्राफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के सिंगल्स मुकाबले में उच्च प्राथमिक विद्यालय गिंधारिया की छात्रा अरुणिमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुये कानपुर मण्डल को 21-4, डबल्स में अरुणिमा व तेजस्वनी की जोड़ी ने कानपुर की संगीत व नेहा को 21-11 के अंकों से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई। जीत के बुलंद हौसले से लबरेज देवीपाटन मण्डल की इन बच्चियों ने विजयश्री का सिलसिला जारी रखते हुये मेरठ मण्डल को क्वार्टर फाइनल और अयोध्या मण्डल को सेमीफाइनल में करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। मंगलवार को आयोजित हुये फाइनल मुकाबले में देवीपाटन की अरुणिमा, तेजस्वनी की जोड़ी ने सहारनपुर मण्डल की टीम को बेस्ट आफ थ्री के मुकाबले में 21-7 व 21-3 के भारी अंतर से पराजित कर लोगों का मन मोह लिया। वहीं डबल्स मुकाबले में भी एकतरफा प्रदर्शन का नजारा पेश करते हुये 21-6 व 21-2 के अंकों से परास्त कर विजेता ट्राफी पर कब्जा जमाते हुये राष्ट्रीय स्तर पर केरल में होने वाले प्रतियोगिता में जगह बनाई। बच्चों के उम्दा प्रदर्शन और प्रदेशीय ट्राफी जीतने पर जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार अहीरवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह, खण्ड शिक्षाधिकारी कमलेश मिश्र, जिला व्यायाम शिक्षक वीरेंद्र पाल सिंह, जिला खेल सचिव अजय सिंह ने टीम कोच कुसुमेन्द्र कुमार सिंह राणा, सब जूनियर टीम मैनेजर वंदना रंजन, खेल शिक्षिका तारा महिला, जनरल मैनेजर संजय सिंह आदि ने बधाई व शुभकामनाएं दिया। इस दौरान क्रीड़ाधिकारी श्रावस्ती शिव कुमार यादव ,उप क्रीडाधिकारी अशोक सोनकर, अभिषेक धानुक, अनुपमा धानुक ने बच्चों को सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
: शेखदहीर-माधवरेती मार्ग के जर्जर हालत की सीएम पोर्टल पर शिकायत
Wed, Sep 11, 2024
दयनीय हालत में पहुंच गया है विकास भवन शेखदहीर मार्ग
जिम्मेदारियों अधिकारियों के आंखों पर पड़ा पर्दा
बहराइच। विकास भवन से शेखदहीर मार्ग की जर्जर हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई है। शिकायत में जल्द से जल्द मार्ग के मरम्मत की मांग की गई है। स्थानीय निवासी कुंवर प्रभाकर सिंह द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर जल्द से जल्द सड़क मरम्मत की मांग की गई है। सड़क पर भीषण गड्ढ़े हो गए है तथा घुटनों तक जलभराव बना हुआ है। ज्ञातव्य हो कि शहर के डीएम आवास के बगल से माधवरेती शेखदहीर मार्ग गुजरता है। जो कि कई गांवों का मुख्य सम्पर्क मार्ग है। प्रतिदिन इस पर हजारों लोगों का आवागमन रहता है। बच्चे स्कूल जाते है पर सड़क की हालत इस तरह दयनीय हो गई है कि इस पर चलना दूभर हो गया है। लोग प्रतिदिन गिरकर चोटिल हो रहे है। बावजूद इसके न तो प्रशासनिक अधिकारियों और न ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस सड़क की दयनीय हालत पर तरस आता है। विभागीय अधिकारियों की हीला हवाली से पिछले एक वर्ष से सड़क की मरम्मत नही हो सकी है। जिस पर कुछ क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सड़क मरम्मत की मांग की थी। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा मामले को संज्ञान मे लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था पर मामला ढाक के तीन पात ही रहा। न तो सडक की मरम्मत हो पायी और न ही किसी अधिकारी ने उसको संज्ञान ही लिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू न हुआ तो कलेक्टेट पर धरना-प्रदर्शन किया जायेगा। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सख्त निर्देश है कि लोगों को बेहतर सड़के मुहैया करायी जाये। बावजूद इसके शहर के डीएम आवास से कई गांवों को जोड़ने वाला शेखदहीर के मुख्य मार्ग की हालत दयनीय है।
: रिक्त राशन की दुकानों के चयन की प्रकिया करें शीघ्र पूर्ण: डीएम
Wed, Sep 11, 2024
बहराइच। खाद एवं रसद विभाग की योजनाओं की समीक्षा हेतु मंगलवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान राशन की रिक्त दुकानों, निलम्बित दुकानों, राशन कार्ड सत्यापन, सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था, माडल शाप, उज्जवला योजना इत्यादि की समीक्षा करती हुई जिलाधिकारी मोनिका रानी ने जिला पूर्ति अधिकारी व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। राशन की रिक्त दुकानों की समीक्षा के दौरान खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि यथाशीघ्र समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर नियमानुसार राशन की दुकानों के चयन की प्रकिया पूर्ण की जाय। जिन ग्राम पंचायतों में दुकानों के चयन करने में किसी प्रकार की समस्या हो वहां पर एसडीएम व पुलिस का भी सहयोग लिया जाय। समूहों को आवंटित की जाने वाली राशन दुकानों के मामले में विधिवत जांच पड़ताल के उपरान्त नियमानुसार चयन किया जाय। निलम्बित राशन दुकानों के सम्बंध में उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये गये कि नियमानुसार कार्रवाही करते हुए निलम्बन के प्रकरणों का यथाशीघ्र निस्तारण किया जाय। राशन कार्ड के सत्यापन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विगत कई माहों से खाद्यान्न प्राप्त न करने वाले कार्डधारकों की सूची तैयार कर उनका सत्यापन करा लिया जाय। सत्यापन में अपात्र पाये जाने पर सम्बन्धित कार्डधारकों का नाम सूची से हटा दिया जाय। नये बनाये गये राशन कार्डाे की सूची तैयार कर एसडीएम, बीडीओ, अधि. अधि. नगर निकायों के माध्यम से सत्यापन करा लिया जाय। सिंगल स्टेज परिवहन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नये रूटचार्ट का एसडीएम सत्यापन कर आख्या उपलब्ध कराये। उज्जवला योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा डीएसओ को निर्देश दिये गये कि गैस एजेन्सियों से लाभार्थियों की सूची प्राप्त कर आधार फीडिंग का कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराये ताकि लाभार्थियों को सब्सिडी योजना का लाभ प्राप्त हो सके। डीएम ने एसडीएम को निर्देश दिया कि खाद्यान्न वितरण कार्य के लिए नामित नोडल अधिकारियों से प्रत्येक माह सत्यापन आख्या प्राप्त की जाय। डीएम ने एसडीएम को यह भी निर्देश दिया कि सत्यापन कार्य के लिए नामित नोडल अधिकारियों के साथ प्रत्येक माह बैठक भी करें। बैठक के दौरान आधार फीडिंग/सीडिंग की समीक्षा, ई-के.वाई.सी. की समीक्षा, आई.जी.आर.एस. पर प्राप्त संदर्भों के निस्तारण, उचित दर विक्रेताओं में लाभांश के भुगतान, प्रवर्तन कार्य, उच्च न्यायालय में योजित वादों में शपथ-पत्र दाखिल किये जाने इत्यादि से सम्बन्धित कार्यों की समीक्षा कर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। बैठक का संचालन जिला पूर्ति अधिकारी नरेन्द्र तिवारी ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, एसडीएम सदर राकेश कुमार मौर्य, पयागपुर के दिनेश कुमार, ईओ नगर पालिका बहराइच प्रमिता सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।