: भेड़िए के हमले में एक और महिला घायल
Thu, Sep 12, 2024
डीएफओ बोले हमला भेड़िये का नहीं का नहीं
खैरीघाट, बहराइच। महसी क्षेत्र में भेड़ियो का हमला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात भी भेड़िया ने घर में सो रहे एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। महिला को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया गया। गौरतलब हो कि खैरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भवानीपुर के मजरा कोरियनपुरवा निवासिनी पुष्पा देवी 50 पत्नी प्रताप बुधवार रात में अपने घर के बरामदे में सो रही थी। रात 10ः30 बजे के करीब आदमखोर भेडिया ने अपना निवाला बनाना चाहा, लेकिन बुजुर्ग महिला के शोर मचाने से पास पड़ोस के लोगों ने दौड़कर महिला की जान बचाई और भेड़िया भाग गया। परिजनों ने घायल महिला को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिए लाए, जहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। घटनास्थल का वन और पुलिसकर्मियों ने निरीक्षण किया। डीएफओ ने बताया कि उक्त घटना के सम्बन्ध में सूचना प्राप्त होने पर क्षेत्रीय वनाधिकारी द्वारा तत्काल मौके का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर कहीं भी भेड़िया का पगचिन्ह नहीं पाया गया। जो पगचिन्ह पाया गया वह भेड़िया के पगचिन्ह से मेल नहीं खाता है। इस सम्बन्ध में डब्लू.टी.आई. के विशेषज्ञ शहीर खान ने भी बताया कि प्राप्त पदचिन्ह भेड़िया का पगचिन्ह नहीं है। घटना स्थल व आसपास के क्षेत्र का ड्रोन से निरीक्षण करने पर कोई जानवर नहीं पाया गया।
: 60 लाख रूपये की चरस के साथ नेपाली महिला तस्कर गिरफ्तार
Thu, Sep 12, 2024
चेकिंग के दौरान महिला के पास से 2 किलो 200 ग्राम चरस बरामद
रूपईडीहा, बहराइच। थाना रूपईडीहा पुलिस व एसएसबी टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एक महिला तस्कर के पास 02 किलो 200 ग्राम चरस बरामद किया गया। जिसकी अर्न्तराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रूपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला द्वारा मादक पदार्थो की तस्करी करने वाले अपराधियो की धरपकड़ के सम्बन्ध मे चलाये जा रहे अभियान के अनुक्रम में प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा शमशेर बहादुर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस व एसएसबी टीम द्वारा बुधवार सायं एसएसबी चेक पोस्ट रुपईडीहा पर संयुक्त चेकिग के दौरान एक महिला तस्कर को पकड़ा गया। जिसकी पहचान सीता घर्ति पत्नी वर्ण घर्ति निवासी प्रथा उत्तरगंगा वार्ड नं. 5 जिला रुकुम पूर्व राष्ट्र नेपाल के रूप में की गई। तलाशी के दौरान 02 किलो 200 ग्राम चरस बरामद हुआ। जो महिला द्वारा बाडी फिटिग किया गया था। जिसके सम्बन्ध में स्थानीय थाना पर मु.अ.सं. 0415/2024 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। आवश्यक कार्यवाही करने के उपरांत उपरोक्त महिला को पेशी के लिए न्यायालय सदर रवाना किया गया। गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक विजय कुमार, म.उ.नि.रोशनी वर्मा, हे.का.संदीप चौहान, म.का.प्रिया पाण्डेय, एसएसबी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह, एएसआई सदानंद कलिता, सत्यावती दी, पूजा कुमारी, दिया कलिता, डाग हैण्डलर अनुज कुमार मय डाग रिंकी शामिल रहे।
: किसानों को जैविक खेती करने व फसलों मे लगने वाले कीट रोग से बचाव की दी गई जानकारियां
Thu, Sep 12, 2024
अच्छी उपज के लिए हमें कृषि वैज्ञानिकों के सुझावों पर भी अमल करना होगा
कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिये आधुनिक कृषि यन्त्रों एवं प्रमाणित बीजों का उपयोग किया जाना आवश्यक है
पयागपुर एवं रिसिया में आयोजित हुआ कृषक जागरूकता गोष्ठी
बहराइच। प्रदेश में बढ़ती आबादी को खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत कृषि सूचना तन्त्र के सुदृढीकरण एवं कृषक जागरुकता कार्यक्रम खरीफ के अन्तर्गत ब्लाक पयागपुर मे ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं सदस्य जिला पंचायत समय प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में तथा ब्लाक रिसिया में बीडीओ रिसिया सुरेश कुमार गौतम की अध्यक्षता में विकास खण्ड स्तरीय कृषि निवेश मेला/किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। पयागपुर में आयोजित गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए श्री मिश्र ने कृषकों का आहवान किया कि उत्पादन लागत कमी लाने तथा कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिये आधुनिक कृषि यन्त्रों एवं प्रमाणित बीजों का उपयोग किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अच्छी उपज प्राप्त करने के लिए हमें कृषि वैज्ञानिकों के सुझावों पर भी अमल करना होगा। कृषि विज्ञान केन्द्र बहराइच के वैज्ञानिक डॉ. अरुण कुमार राजभर ने किसानों को जैविक खेती करने तथा फसलों में लगने वाले कीटों एवं रोगों से बचाव के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की। उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी सदर उदय शंकर सिंह ने विभाग द्वारा संचालित फ्लेक्सी योजनाओं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना व प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए पराली प्रबन्धन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। सुहेलदेव एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कं.लि. के प्रतिनिधि मुन्ना लाल वर्मा ने किसानों को मशरूम की खेती के बारे में जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर प्रभारी राजकीय कृषि बीज भण्डार पयागपुर ओम प्रकाश दुबे, तकनीकी सहायक सुनील कुमार, शेषराम मौर्य व बसन्त कुमार गुप्ता, बीटीएम सुभाष चन्द्र, एटीएम राहुल पाण्डेय व बालचन्द्र सहित क्षेत्रीय किसान, ग्राम प्रधान बराती लाल वर्मा सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे। इसी प्रकार ब्लाक रिसिया में बीडीओ रिसिया की अध्यक्षता में आयोजित विकास खण्ड स्तरीय कृषि निवेश मेला/किसान गोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा आसन्न रबी सीज़न के लिए लाही, सरसों, मसूर, गेहूं आदि फसलों के लिए खेत की तैयारी तथा बुआई के बारे में महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये। गोष्ठी के दौरान कृषकों को खरीफ फसलों में लगने वाले कीटों एवं रोगों से सुरक्षा एवं अन्नभंडारण आदि के सम्बन्ध में भी उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अन्त में कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी नानपारा सुधीर कुमार मिश्र, कृषि वैज्ञानिक डॉ. राम लखन प्रजापति, डॉ. नंदन सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी, भाजपा माडल प्रभारी विश्वनाथ श्रीवास्तव तथा बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे।