: मतदेय स्थलों के सम्भाजन के सम्बन्ध में डीएम की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
Mon, Sep 9, 2024
डीएम की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न
बहराइच। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थलों का सम्भाजन 1500 मतदाताओं के आधार पर किये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान डीएम मोनिका रानी ने बताया कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन के सम्बन्ध में आयोग द्वारा निर्देश प्राप्त हुए हैं कि सम्भाजन की कार्यवाही के दौरान एक मतदान केन्द्र पर 1500 सौ से अधिक मतदाताओं की संख्या होने, मतदान केन्द्र अस्थायी भवन में होने अथवा भवन की स्थिति जर्जर होने तथा मतदान केन्द्र की दूरी 02 कि.मी. से अधिक होने की स्थिति में मतदेय स्थलों के सम्भाजन प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। बैठक को सम्बोधित करती हुई जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अनुमोदित मतदेय स्थलों का राजस्व अधिकारियों के माध्यम से भौतिक सत्यापन कराया गया है। आयोग द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार भौतिक सत्यापन के आधार पर मूलभूत सुविधा, मतदेय स्थल से मतदाताओं की दूरी, मतदेय स्थल भवन की स्थिति के आधार पर सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा मतदेय स्थल सम्भाजन के आलेख प्रकाशन की सूची तैयार करायी गयी है। डीएम ने बताया कि मतदेय स्थल सम्भाजन का आलेख्य 30 सितम्बर तक भारत निर्वाचन आयोग को भेजा जाना है। आयोग के निर्देशानुसार जनपद के समस्त मतदेय स्थलों को भूतल पर बनाया गया है। डीएम ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि संशोधित सूची के आधार पर अपने-अपने स्तर से मतदेय स्थलों का सत्यापन करा लें, यदि किसी प्रकार की दावा/आपत्ति हो ता,े दावा/आपत्ति की लिखित सूचना 01 सप्ताह के अन्दर सम्बन्धित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध करा दें। जिससे सम्बन्धित प्रकरण की जांच कराकर प्रकरण को निस्तारित कराया जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी कैसरगंज आलोक प्रसाद आईएएस, सदर के राकेश कुमार मौर्या, महसी के अखिलेश कुमार सिंह, पयागपुर के दिनेश कुमार, मोतीपुर के संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राम दयाल, तहसीलदार नानपारा अजय यादव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती शिखा श्रीवास्तव, भाजपा से सुनील श्रीवास्तव, कांग्रेस से गोपीनाथ, सपा से जफर उल्लाह खां बन्टी, बीएसपी से अशर्फी लाल गौतम, अपनादल सोनलाल से गिरीश पटेल सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: लेखपालों के एक वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का डीएम ने किया शुभारम्भ
Mon, Sep 9, 2024
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर जनपद में नवनियुक्त 105 लेखपालों का महाराज सिंह इण्टर कालेज में आयोजित 01 वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार मौर्या, प्रशिक्षण विद्यालय के प्रधानाचार्य/तहसीलदार सदर अनिरूद्ध कुमार यादव सहित प्रशिक्षु मौजूद रहे। इस अवसर पर महाराज सिंह कालेज के शिक्षक नान बाबू पाण्डेय द्वारा मत्रोच्चार का वाचन किया। जबकि शिक्षिका शिवांगी राज द्वारा सरस्वती वन्दना प्रस्तुत की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करती हुईं डीएम मोनिका रानी ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग का महत्वपूर्ण अंग हैं। डीएम ने कहा कि लेखपाल का सबसे महत्वपूर्ण कार्य भूमि की पैमाईश एवं अंश निर्धारण है। गांवों में लोगों के बीच अधिकतर वाद-विवाद भूमि पैमाईश एवं अंश निर्धारण को लेकर सामने आते हैं। डीएम ने प्रशिक्षण के लिए नामित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रशिक्षुओं को भूमि पैमाईश कार्य में पूरी तरह से दक्षता प्रदान करें। डीएम ने सीआरओ को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण सत्र के दौरान पैमाईश कार्य में दक्ष लेखपालों को बुलाकर प्रशिक्षुओं को भूमि पैमाईश का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिलाया जाय। डीएम ने प्रशिक्षुओं का आहवान किया कि पूर्ण मनोयोग के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें ताकि आप अपने पदेन उत्तरदायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर आमजन की समस्याओं का समाधान कर सकें। डीएम ने कहा कि सरकारी सेवा को मात्र सेवा तक ही सीमित न रखें बल्कि इसे लोगों की सेवा के अवसर के रूप में देखें। डीएम ने प्रशिक्षु लेखपालों को सुझाव दिया कि भू-लेख नियमावली, राजस्व संहिता के बारे में भी विधिवत जानकारी प्राप्त करें।
: दबंगों के आतंक से गांव छोड़ने को मजबूर हुआ ग्रामीण
Sun, Sep 8, 2024
पिटाई व घर से सामान लूटने के मामले में पुलिस ने लगाई फर्जी रिपोट
थाना दरगाह के सासापारा का मामला
बहराइच। दबंगों के डर से अपना घर बार छोड़कर दूसरे जगहों पर जीवन यापन करने को मजबूर है। आये दिन दबंग उसे जान से मारने की धमकी देते रहते है तथा पूर्व में भी कई बार घर में घुसकर मारापीटा व घर का सामान तोड़ दिया तथा घर से जबरन कुछ शादी के जेवरात व सिक्के लूट ले गए। पीड़ित ने पुलिस को कई बार प्रार्थना पत्र दिया पर पुलिस कार्रवाई के बजाय दबंगों से मिलकर मामले को रफा दफा करती रही। जिसका परिणाम यह हुआ कि पीड़ित अपना घर बार छोड़कर दूसरे जगहों पर रहने को मजबूर है। पीड़ित ने मामले में पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच विशेष जांच प्रकोष्ठ से कराने की मांग की है। मामला थाना दरगाह अन्तर्गत सासापारा अशोका का है। जहां निवासी नवाब अली पुत्र जुमई मेहनत मजदूरी कर किसी तरह अपना जीवन यापन करता है। गांव के पांच दबंगों ने बीते जुलाई माह में उसके भाई मोहम्मद हुसैन को मार रहे थे। जब वह उसे बचाने गया तो उसकों लात, मूका, थप्पड़ से पिटाई किया। पीड़ित द्वारा मामले में बीते 15 जुलाई को थाना दरगाह शरीफ में शिकायती पत्र दिया पर पुलिस ने बगैर जांच व कार्रवाई के फर्जी रिपोट लगा दी। दबंग पीड़ित के दरवाजे पर जबरन दीवार उठाते है तथा उसके घर से शीशम पटरा, चारपाई व चारपाई के पावे व शीशम की कड़ी पुनः उठा ले गए। जिसके बाद दबंगों का मन नहीं भरा तो संदूक में रखे बीस हजार रूपये, मां के जेवरात, हाथ की टेड़िया व चांदी के 15 सिक्के पुनः उठा ले गए। बावजूद इसके एक अन्य घटना में दबंगों ने पीड़ित के घर से बोरे में रखे फूल के बर्तन भी चोरी कर ले गए। इन सभी घटनाओं में पीड़ित नवाब अली लगातार थाना दरगाह में प्रार्थना पत्र देता रहा व कार्रवाई की मांग करता रहा। बावजूद इसके पुलिस ने दबंगों से मिलकर न तो कोई कार्रवाई की, उल्टे सभी शिकायत पत्रों में फर्जी रिपोट लगाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी। कार्रवाई न होने के चलते हौसला बुलन्द दबंगों ने नवाब को धमकी दिया कि यदि गांव में दिख गए तो मार कर फेंक देगे। जिसके बाद से पीड़ित गांव छोड़कर इधर उधर भटक रहा है। पीड़ित द्वारा मामले में पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि मामले की जांच विशेष जांच प्रकोष्ठ से कराकर दबंगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया जाये। जिससे उसकों न्याय मिल सके। मामले में थाना प्रभारी दरगाह हरेन्द्र मिश्र के मोबाइल पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे बात न हो सकी।