: डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई पीएम आवास जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक
Sun, Oct 27, 2024
बहराइच। शनिवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के क्रियान्वयन हेतु गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 धनराशि अवमुक्त किये गये 5702 लाभार्थियों के आवास शीघ्रातिशीघ्र तैयार कराये जाने का प्रयास करें। डीएम ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि ब्लाक अन्तर्गत ग्रामों में आवासीय योजना अन्तर्गत कराये गये कार्यो की वीडियोग्राफी कराकर उनमें से उत्कृष्ट 05 को चयनित कर उनका डाक्यूमेन्टेशन कर लिया जाय। डीएम मोनिका रानी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को सचेत किया कि यदि ऐसा प्रकरण संज्ञान में आता है कि चयनित पात्र लाभार्थियों से ईतर किसी व्यक्ति के खाते में धनराशि का प्रेषण हुआ है, तो ऐसे मामलों में शासकीय कार्यवाही के सम्बन्धित के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाय। डीएम ने बताया कि आवास साफ्ट पर कुछ और सरकारी कर्मचारियों को सर्वेक्षणकर्ता के रूप में तैनात किये जाने का विकल्प लिया गया है, जिनमें चकबंदी लेखपाल, सहकारिता निरीक्षक, गन्ना पर्यवेक्षक, सहायक संख्याधिकारी, नलकूप चालक, सींचपाल, पशुधन प्रसार अधिकारी, वरिष्ठ प्रशिक्षक एवं प्रचार सहायक (मण्डल/जिला प्रशिक्षण संस्थान) आदि सम्मिलित है। इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, परियोजना निदेशक अरूण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी राजकुमार, वित्त नियंत्रक डीआरडीए नरोत्तम शरण, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत शैलेन्द्र कुमार, जिला सांख्यिकी अधिकारी अर्चना सिंह, सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: डीआईजी ने लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा
Sat, Oct 26, 2024
रुपईडीहा थाने के शस्त्रागार, लाकअप, मालखाना व कार्यालय के अभिलेखों को किया चेक
थाने की साफ-सफाई के दिए निर्देश
लम्बित विवेचनाओं को समय व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के दिए निर्देश
बहराइच। डीआईजी देवीपाटन रेंज गोण्डा अमरेन्द्र प्रसाद सिंह द्वारा आगामी त्यौहारों को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत थाना रुपईडीहा जनपद बहराइच के इंडो नेपाल बार्डर पर संदिग्ध गतिविधियों, तस्करी पर प्रभावी रोकथाम हेतु सीमावर्ती क्षेत्रों के पुलिस बल के साथ नियमित रुप से संयुक्त काम्बिंग, पेट्रोलिंग एवं चेकिंग करने के सम्बन्ध में एसएसबी, व्यापार मंडल व अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। रुपईडीहा बाजार क्षेत्र में पैदल गस्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। तत्पश्चात पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा रुपईडीहा थाने के शस्त्रागार, लाकअप, मालखाना, थाना कार्यालय के अभिलेखों को चेक किया गया। थाने की साफ-सफाई के निर्देश दिये गये। थाना पर संचालित महिला हेल्प डेस्क पर ड्यूटीरत महिला पुलिसकर्मियो से उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली गयी तथा थाने पर शिकायतो को लेकर आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को सुनकर उनकी हर संभव मदद करने के निर्देश दिये गये। शासन की मंशा के अनुरुप मिशन शक्ति अभियान के सफल क्रियान्वन हेतु महिला पुलिसकर्मियों की बीट क्षेत्र में प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु बीट क्षेत्रों में महिलाओं को तैनाती के निर्देश दिये गये तथा उनके कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिये गये। महिलाओं द्वारा अपने अपने बीट क्षेत्र में जाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में, अपराधों के रोकथाम एवं योजनाओं का लाभ दिलाने में उनकी मदद करेंगी। डीआईजी द्वारा थाने पर पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में प्रभावी पैदल गस्त करने, समय से रात्रि गस्त में जाने तथा लम्बित विवेचनाओं को समय व गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिये गये। थाना स्तर पर प्राप्त होने वाले जमीन सम्बन्धी शिकायती प्रार्थना पत्रों की समय में जाँच कराकर उनमें त्वरित व गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर सभी सम्बन्धित अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
: कार की आमने सामने भिड़न्त, चालक समेत पांच शिक्षिकाएं घायल
Sat, Oct 26, 2024
जरवलरोड, बहराइच। स्कूल जा रही शिक्षिकाओं से भरी अर्टिगा कार सामने से आ रही एक अन्य कार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि शिक्षिकाओं से भरी अर्टिगा कार सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई। जिससे ड्राइवर समेत पांच शिक्षिकाएं घायल हो गई हैं। एक अध्यापिका की हालत गंभीर होने पर सीएचसी से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। वही जानकारी मिलने पर तत्काल बीएसए ने सीएचसी पहुंचकर सभी अध्यापिकाओं का हाल-चाल जाना है। शनिवार सुबह लखनऊ से अर्टिगा कार के द्वारा जरवल के उच्च माध्यमिक विद्यालय तपेसिपाह में तैनात अध्यापिका समसा कमर 38, प्राथमिक विद्यालय घाघरा घाट में तैनात अध्यापिका सीमा तिवारी 39 व तूलिका श्रीवास्तव 36, उच्च माध्यमिक विद्यालय अटवा में तैनात अंजलि श्रीवास्तव 37 व प्राथमिक विद्यालय झुकिया में तैनात अध्यापिका अमृता टोडरिया 36 व कार ड्राइवर भारत कुमार पाण्डेय 52 के साथ जरवलरोड क्षेत्र में अपने-अपने स्कूल की तरफ आ रही थी। तभी जरवलरोड थाना क्षेत्र में घाघरा घाट रेलवे स्टेशन के करीब बहराइच की तरफ से आ रही एक अन्य कार से टक्कर हो गई। जिससे शिक्षिकाओं से भरी अर्टिगा कार पलटते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई। जिससे ड्राइवर समेत पांचों शिक्षिकाएं घायल हो गई हैं। सूचना पर तत्काल उप निरीक्षक अमित गौड़, हेड कांस्टेबल धीरेंद्र यादव, कांस्टेबल सारांश ने मौके पर पहुंच कर प्राथमिक विद्यालय घाघरा घाट के प्रधानाध्यापक सुरेश सरोज के सहयोग से सभी घायलों को निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद में भर्ती कराया। सीएचसी मुस्तफाबाद से शिक्षिका समसा कमर की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज बहराइच रेफर किया गया। जबकि अन्य सभी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। वहीं क्षेत्र भ्रमण पर निकले जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने घटना की सूचना मिलते ही सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंच कर सभी घायल अध्यापिकाओं का हाल-चाल जाना।