: समस्याओं पर भड़के फुटकर खाद विक्रेता, ज्ञापन सौंपकर की निराकरण की मांग
Fri, Nov 8, 2024
फुटकर खाद विक्रेताओं को थोक खाद विक्रेताओं से सरकारी रेट पर खाद व बीज उपलब्ध कराया जाये
फुटकर खाद विक्रेताओं ने समस्याओं से सम्बन्धित ज्ञापन डीएम को सौंपा
बहराइच। जनपद के फुटकर खाद विक्रेताओं ने समस्याओं से सम्बन्धित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर निराकरण की मांग की। फुटकर खाद विक्रेताओं को थोक खाद विक्रेताओं से सरकारी रेट पर खाद, बीज उपलब्ध कराया जाये। फुटकर खाद विक्रेताओं को डीएपी, यूरिया व अन्य उत्पादो पर प्रति बोरी भाड़ा व मुनाफा निर्धारित किया जाये जैसे कोआपरेटिव व खाद्य एवं रसद विभाग में है। समान कार्य समान कमीशन निर्धारित हो। जिले में थोक खाद विक्री स्टाक की पारदर्शिता फुटकर खाद खरीद चेक या ड्राफ्ट द्वारा सरकार निर्धारित रेट पर जिलाधिकारी के माध्यम से क्रय कराया जाये जिससे किसानों को सरकार के मंशानुरूप खाद बीज उपलब्ध हो सके। थोक खाद विक्रेता जिले के फुटकर खाद लाइसेंसधारियों को सरकार द्वारा निर्धारित रेट पर आवंटित करे तथा अन्य उत्पाद जबरन टैगिंग न करे। फुटकर खाद विक्रेताओं को फाइव जी नेटवर्क की पीओएस मशीन दी गई है। जिसका जनपद में नेटवर्क न मिल पाने के कारण खाद बिक्री बाधित होती है। पीओएस मशीन न चलने की दशा में कृषि विभाग द्वारा जारी क्रय विक्रय रजिस्टर से किसानों को खाद देने की अनुमति प्रदान की जाये। कृषि विभाग द्वारा दुकानों का निरीक्षण व परीक्षण कराया जाये। अन्य विभागों को आदेशित करने पर रिटेलरों का शोषण होता है जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ता है। कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारीगण राजस्व विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की धमकी देकर रिटेलरों का मानसिक तथा अन्य प्रकार से शोषण करते है। जनपद में सरकारी खाद एवं बीज केन्द्रों पर सरेआम टैंिगंग करते हुए ओवर रेट बेचा जा रहा है जिस पर कृषि विभाग अंकुश नहीं लगा पा रहा है। सभी खाद बीज गोदामों पर बेचा गया खाद बीज का स्थलीय जांच कराकर कृषि विभाग के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाये। पूर्व जिला कृषि अधिकारी द्वारा गत वर्ष थोक खाद बीज विक्रेताओं को सरकारी रेट पर खाद बीज उपलब्ध कराते थे परन्तु इस बार थोक खाद विक्रेता सरकारी रेट से 150 रूपये प्रति बोरी डीएपी व 40 रूपये प्रति बोरी यूरिया अधिक में फुटकर खाद विक्रेताओं को खाद उपलब्ध कराने को बोल रहे है। ऐसे में हम सब फुटकर खाद विक्रेता कैसे किसानों को उचित दर पर खाद उपलब्ध करा पायेगे।
: जनशिकायतों के निस्तारण में बहराइच पुलिस को मिला प्रथम स्थान
Thu, Nov 7, 2024
बहराइच। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज आम जनता से जुड़ी शिकायतों से सम्बन्धित कुल प्राप्त 3874 शिकायतों को शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया। जिसके परिणामस्वरूप शासन द्वारा जारी माह अक्टूबर 2024 की मासिक मूल्यांकन में जनपद बहराइच पुलिस को कुल 115 अंक में से शत-प्रतिशत 115 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। साथ ही साथ जनपद के सभी 23 थाने भी उत्कृष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किये। जिस पर पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला द्वारा उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले जनपदीय आईजीआरएस शाखा में नियुक्त समस्त पुलिसकर्मियों एवं समस्त थानों की सराहना की गयी।
: नेपाली महिला ने कतर्नियाघाट जंगल में फांसी लगाकर दी जान
Thu, Nov 7, 2024
पेड़ में फंदे से लटकता मिला महिला का शव
बिछिया, बहराइच। कोतवाली मुर्तिहा क्षेत्र अंतर्गत कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के धर्मापुर के जंगल में सीमा (नोमेन्स लैंड) से करीब डेढ़ किलोमीटर अंदर रोहनी के पेड़ से फंदे से नेपाली महिला का शव लटकता पाया गया। आदर्श कुमार एसीबी 70वी वाहिनी ने बताया कि बुधवार को नेपाल पुलिस व नेपाली नागरिक एक महिला की तलाश में निकले थे जिनके द्वारा मदद मांगने पर उनके साथ वन विभाग की टीम व एसएसबी निशानगाड़ा व एसएसबी की बीओपी बेनवा कुआं और धर्मापुर की टीम द्वारा जंगल में संयुक्त गश्त किया। इस दौरान नोमेन्स लैंड से करीब डेढ़ किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में एक रोहनी के पेड़ पर फंदे से लटकते महिला का शव बरामद किया गया। महिला की सास सुंदर कली पत्नी रामप्रसाद ने बताया कि मृतका उसकी बहू है जिसका नाम अस्मिता पत्नी गणेश हैं जो मिलन टोल वार्ड नं. 1 थाना गुलरिया जिला बर्दिया की रहने वाली है। जो बुधवार सुबह घर झगड़ा करके यह कहके निकली थी कि वह फांसी लगाने जा रही है। एसएसबी व कोतवाली मुर्तिहा की टीम ने कागजी कार्यवाही कर नेपाली महिला के शव को उनके परिजनों व नेपाल गुलरिया के क्षेत्राधिकारी ऋषिराम घर्ति मगर को सुपुर्द कर दिया।