: प्रधानमंत्री आवास बनवाने में बाधक बन रहे दबंग
Fri, Mar 24, 2023
पट्टा बनवाने के नाम पर ग्राम प्रधान ने ठगे हजारों रूपये
आबादी की जमीन पर बीते 50 वर्षों से काबिज है ग्राम बोझिया के ग्रामीण
खाली पड़ी जमीन पर दबंग कब्जा करने का दे रहा धमकी
ग्रामीणों ने एसपी को शिकायती पत्र देकर की कार्रवाई की मांग
बहराइच। बीते 50 वर्षों से आबादी की जमीन पर कच्चा घर बनाकर रह रहे ग्रामीणों से पट्टा बनवाने के नाम पर ग्राम प्रधान ने हजारों रूपये ठग लिए। तहसील मोतीपुर, परगना धरमापुर ग्राम बोझिया के ग्रामीण मायादेवी पत्नी राममूरत, दयाराम पुत्र गंगाराम व कमलेश पुत्र पंचम ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर ग्राम प्रधान व दबंगों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीण गाटा सं. 224 क्षेत्रफल 0.5770 हे. स्थित जमीन पर बीते 50 वर्षों से काबिज है। ग्रामीण कुछ भूमि पर अपने कच्चे घर बना रखे है और कुछ जमीन पर बागवानी करते है। ग्राम प्रधान मकबूल खां ने ग्रामीणों को पट्टा दिलाने के नाम पर हजारों रूपये ठग लिए। पीड़िता मायादेवी पत्नी राम मूरत के नाम प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास आया है। पति का नाम खसरा में दर्ज है। आबादी के रूप में कमलेश व दयाराम का भी नाम दर्ज है। परन्तु नौशाद खां पुत्र वकील निवासी बोझिया दबंगई के बल पर ग्रामीणों के जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहता है। जिन ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास मिला है उसे भी निर्माण करने नहीं दे रहा है। यहां तक कि जो खाली जमीन पड़ी है उस पर भी दबंगई के बल पर कब्जा करने की धमकी दिया करता है। स्थानीय पुलिस दबंगों से मिली है। जो कहती है कि उक्त जमीन पर स्टे है। जबकि पीड़ितों ने दीवानी में मुआयना कराया जिस पर कोई स्टे नहीं मिला। विपक्षी बार-बार जमीन का रूपये मांगता है। जबकि ग्रामीण पचासों वर्ष से काबिज है। उक्त दबंग गरीबों की जमीन को जबरन हड़प् लेना चाहता है। ग्रामीणों ने राजस्व टीम गठित कर आबादी वाले कब्जे की भूमि पर जबरन कब्जा करने से रोके जाने व प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास व अन्य निर्माण कार्य में जो विपक्षी हस्तक्षेप उत्पन्न कर रहे है उसे रोके जाने की मांग की है।
: एक शाम शहीदों के नाम, शहीदों को अर्पित किए श्रद्धा सुमन
Fri, Mar 24, 2023
कलाम फाउंडेशन ने आयोजित किया शहीद दिवस समारोह
बहराइच। अपने सामाजिक एवं साहित्यिक गतिविधियों के द्वारा निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करती हुई संस्था कलाम फाउंडेशन ने बृहस्पतिवार को एक भव्य काव्य संध्या का आयोजन कर शहीदे आजम सरदार भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। स्थानीय किसान महाविद्यालय के जे बी सिंह सभागार में आयोजित इस भव्य आयोजन के साक्षी के रुप में सैकड़ों साहित्य प्रेमी श्रोता देर रात तक बैठकर काव्य संध्या का आनंद उठाते रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि अखंड प्रताप सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी सतीश सिंह रहे। कार्यक्रम की शुरूआत मां सरस्वती तथा अमर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। जनपद के साहित्यकार योगेंद्र योगी ने मां सरस्वती की वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। लखनऊ से आए हुए साहित्यकार लोकेश त्रिपाठी ने अपनी सुंदर रचनाओं से लोगों का मन मोहा। रोहित शर्मा ‘‘राहिल ‘‘ने अपनी रचनाओं के द्वारा लोगों की खूब वाह-वाही बटोरी। ओज के कवि देशराज सिंह आजाद एवं गजल कार नजर बहराइची ने लोगों के मन में देश प्रेम एवं राष्ट्र गौरव की भावना को स्थापित किया। कार्यक्रम का संचालन वीर रस के श्रेष्ठ कवि देशराज सिंह मधुसूदन ने अपनी ओजस्वी वाणी के द्वारा किया जिनकी हर पंक्ति पर श्रोताओं से भरा पूरा हाल गूंज उठा। जिलाधिकारी ने साहित्यकारों को अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। कलाम फाउंडेशन के पत्रकारिता प्रकोष्ठ के संरक्षक भागवत शुक्ला एवं संस्थापक अमर सिंह बिसेन ने साहित्यकारों को कलाम फाउंडेशन का प्रतीक चिन्ह एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ-साथ कलाम फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष महिला विंग दिव्या पोरवाल, प्रदेश अध्यक्ष विकास जायसवाल धोनी, प्रदेश उपाध्यक्ष अभय प्रताप सिंह प्रिंस, जिला उपाध्यक्ष महिला विंग लवी पोरवाल, समाजसेवी निशा शर्मा, मनीष मल्होत्रा, राजेश जायसवाल, विनय प्रकाश सिंह, अरुण मिश्र, बैजनाथ रस्तोगी, मृतुन्जय शुक्ला, बलराम पाठक, आनंद सिंह, पुंडरीक पांडे, अजय शर्मा, अजय त्रिपाठी, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि रमाकर पांडे, दीपक सिंह बिसेन, प्रधान अजय सिंह बघेल, हितेंदर सिंह, जायर नकवी एवं अन्य सैकड़ों साहित्य प्रेमी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
: जिले के 100 छात्र-छात्राओं ने किया एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण
Fri, Mar 24, 2023
डीएम ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया छात्रों का दल
बहराइच। उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के सौजन्य से जिला विज्ञान क्लब के तत्वाधान में जिले के 10 विद्यालयों से चुने हुए 100 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के दल को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने हरी झंडी दिखाकर शैक्षणिक भ्रमण के लिए लखनऊ रवाना किया। इस अवसर पर डीएम डॉ. चन्द्र ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक चेतना विकसित करने के लिए अत्यन्त उपयोगी हैं। जिले से गये हुए बच्चों के दल ने राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान लखनऊ में आयोजित वैज्ञानिक व्याख्यान कार्यक्रम में शामिल हुआ। शैक्षणिक भ्रमण पर दल ने आर्किड हाउस, मास हाउस कैक्टस साउथ, फर्न हाउस, जुरासिक पार्क, कंजर्वेशन सेंटर, हरबेरियम, प्रयोगशाला इत्यादि का भ्रमण कर वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी अत्यन्त उपयोगी जानकारी प्राप्त की गई। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान एनबीआरआई लखनऊ के वैज्ञानिक डॉ. संजय द्विवेदी व भरत लाल मीणा तथा किसान पीजी कॉलेज बहराइच के वनस्पति विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आनंद कुमार श्रीवास्तव ने अपने वैज्ञानिक व्याख्यान के द्वारा बच्चों को वनस्पति विज्ञान से जुड़ी अद्भुत जानकारियों तथा अनुसंधान की बारीकियों से अवगत कराया। शैक्षिक भ्रमण में महाराज सिंह इंटर कॉलेज बहराइच, राजकीय इंटर कॉलेज बहराइच, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कैसरगंज, मदनी इंटर कॉलेज कैसरगंज, आरबीएस इंटर कॉलेज केलागांव, श्री सुंदर कन्या इंटर कॉलेज कैसरगंज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बहराइच, महात्मा बुद्ध इंटर कॉलेज बहराइच, एम्स इंटरनेशनल स्कूल बहराइच ,सैनिक स्कूल बहराइच के छात्रों ने प्रतिभाग किया। लखनऊ से वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मनीष भोयर, डॉ विनय साहू व डॉ. विवेक द्वारा शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम को सफल बनाने में बहुमूल्य योगदान प्रदान किया गया। समस्त कार्यक्रम जिला विद्यालय निरीक्षक व कार्यक्रम के समन्वयक जय प्रताप सिंह व डॉ. नन्द कुमार शुक्ल की देख-रेख में सम्पन्न हुआ। शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. आनंद कुमार श्रीवास्तव, राजेश कुमार, रामपाल यादव, हर्षित श्रीवास्तव, सुष्मिता, ऋषि शंकर शर्मा, फैजान अहमद, इस्लामुद्दीन व अर्पित मिश्रा आदि अध्यापकों का विशेष योगदान रहा।