: उपरिगामी सेतु के निर्माण से आमजन को न हो असुविधाः डीएम
Thu, Aug 10, 2023
बहराइच। बहराइच-गोण्डा राज्य मार्ग पर रेलवे खण्ड में मार्ग के कि.मी. 03 पर स्थित बहराइच-चिलवरिया रेल सेक्शन के सम्पार संख्या 40ए पर निर्माणाधीन टू-लेन रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण की प्रगति का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मोनिका रानी ने कार्यदायी संस्था उ.प्र. राज्य सेतु निगम लिमिटेड, सेतु निर्माण इकाई बाराबंकी के परियोजना प्रबन्धक ए.पी. सिंह के साथ कलेक्ट्रेट कक्ष में समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान परियोजना निदेशक श्री सिंह ने डीएम को बताया कि सेतु के निर्माण हेतु शासन द्वारा रू. 2625.26 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसमें रू. 2168.97 लाख सेतु निगम व रू. 456.49 लाख अंश रेलवे की है। सेतु निर्माण कार्य माह जनवरी 2023 से प्रारम्भ हुआ है। माह जुलाई तक रू. 694.51 लाख व्यय कर सेतु निगम के 80 प्रतिशत अंश के सापेक्ष 40 प्रतिशत की भौतिक प्रगति प्राप्त कर ली गई है। श्री सिंह ने बताया कि सेतु को माह दिसम्बर 2024 तक पूर्ण किया जाना लक्षित है। डीएम ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को शासन द्वारा निर्धारित मानक व गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराया जाय। डीएम ने निर्देश दिया कि उपरिगामी सेतु के निर्माण से यातायात प्रभावित न होने पाये। उन्होंने कहा कि बहराइच-गोण्डा राज्य मार्ग पर ट्रैफिक को देखते हुए निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन किया जाय तथा सर्विस रोड को मेनटेन रखें।
: चोरियों के खुलासे में फिसड्डी थानाध्यक्ष फखरपुर पर गिरी गाज
Thu, Aug 10, 2023
कई अन्य इंस्पेक्टर भी इधर से उधर
बहराइच। लगातार हो रही चोरियों का खुलासा कर पाने में नाकाम व महिला अपराधों में हो रही बढ़ोतरी के चलते थानाध्यक्ष फखरपुर वेद प्रकाश शर्मा पर पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा की गाज आखिरकार गिर ही गई। वह लंबे समय से थानाध्यक्ष की कुर्सी पर अंगद की तरह पैर जमाए बैठे थे। क्षेत्र में लगातार चोरियां होती रही, महिला अपराधों की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई पर एक भी चोरियों का खुलासा नहीं हो सका। ज्यादातर चोरियों में पीड़ित रिपोर्ट दर्ज करवाने थाने ही नहीं पहुंचे। यदि पहुंचे भी तो वह घटनाएं भी ठंडे बस्ते में डाल दी गई। अकेले कोठवल कला गांव में 6 माह में 6 चोरियां हो चुकी थी पर एक का भी खुलासा नहीं हो सका था। जिसमें पत्रकार राहुल सिंह के यहां लगभग 20 लाख की चोरी की घटना भी शामिल थी। आखिरकार पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा द्वारा कई थाना प्रभारी को इधर से उधर किया गया। अन्य थाना प्रभारी तो दूसरे थानों में थाना प्रभारी की कुर्सी पानी में सफल रहे पर वेद प्रकाश शर्मा को थाने की कमान न देकर डीसीआरबी भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात शमशेर बहादुर सिंह को थाना प्रभारी रुपईडीहा बनाया गया है। जबकि रुपईडीहा के प्रभारी रहे श्रीधर पाठक को थाना मोतीपुर में बतौर प्रभारी तैनात किया गया है। वहीं प्रभारी डीसीआरबी रहे मनोज कुमार पांडे को थाना प्रभारी कोतवाली देहात बनाया गया है। जबकि प्रभारी निरीक्षक मोतीपुर मुकेश कुमार सिंह को थाना प्रभारी फखरपुर की जिम्मेदारी दी गई है। बीते दिनों डीआईजी ने कहा था कि जिन थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं ज्यादा होंगी तो उनको गम्भीरता से लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा का कहना है कि थाना प्रभारियो के कामकाज की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। बेहतर कार्य न कर पाने व कार्यो में फिसड्डी पाए जाने वाले थाना प्रभारियों पर कार्यवाही जारी रहेगी।
: सेना भर्ती के मेडिकल रिपोर्ट में फेल हुआ युवक तो खुद को गोली मारकर की आत्महत्या
Thu, Aug 10, 2023
सेना में ही जाना चाहता था रोहित
बहराइच। कोतवाली देहात के आदिलपुर गांव निवासी एक युवक का नाम आर्मी में आया था। लेकिन पैर में काला दाग होने के चलते पहले बिजनौर और फिर लखनऊ में उसे बुलाया गया। लखनऊ में बुधवार को हुए मेडिकल में चिकित्सक ने उसे भर्ती से बाहर कर दिया। रात में युवक लखनऊ से घर आया। सुबह टहलने के बाद उसने खुद को सीने में गोली मार ली। जिससे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली देहात अंतर्गत ग्राम आदिलपुर निवासी रोहित शर्मा 23 पुत्र उमेश चंद्र शर्मा सेना में जाने के लिए तैयारी करता था। चाचा कुलदीप शर्मा ने बताया कि सेना में जाने के लिए वह पांच बार परीक्षा दिया था। इस बार उसका नाम एसएससी जीडी भर्ती में आ गया था। बीते शुक्रवार को बिजनौर में दौड़ समेत अन्य सभी मेडिकल निकाल लिया। लेकिन पैर में काले दाग होने के चलते उसे लखनऊ बुलाया गया। बुधवार को युवक लखनऊ में सेना के अस्पताल में मेडिकल जांच कराने गया। लखनऊ कैंट स्थित सेना के अस्पताल में रोहित का मेडिकल हुआ। लेकिन पैर में दाग होने के चलते उसे बाहर कर दिया गया। इस पर हताश युवक रात में लखनऊ से घर आया। सुबह रोहित ने मार्निग वाक की। इसके बाद वह घर आया। उसने लाइसेंसी बंदूक से खुद के सीने में गोली मारकर जान दे दी। इससे हड़कंप मच गया। परिवार के लोग युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी के डॉक्टर रामेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि युवक की मौत गोली लगने से हुई है। उन्होंने बताया कि उसे ब्राड डेड लाया गया था। डॉक्टर की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रभारी थानाध्यक्ष एस.के.त्रिपाठी ने बताया कि युवक की मौत गोली लगने से हुई है। मृतक के पिता उमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि पुत्र रोहित सेना में ही जाना चाहता था। वह पांच बार सेना की परीक्षा में शामिल हो चुका है। इस बार नाम आया था, तो उसे खुशी हुई थी। लेकिन काले दाग के चलते मेडिकल टीम ने बाहर कर दिया। जिस पर उसने गोली मार ली।