: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई अनुमोदन समिति की बैठक
Tue, Mar 12, 2024
बहराइच। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) एवं प्रवर्तकता (स्पान्सरशिप) योजनान्तर्गत नवीन आवेदन पत्रों की स्वीकृति हेतु सोमवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में अनुमोदन समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन करते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) अन्तर्गत कुल 1065 तथा प्रवर्तकता (स्पान्सरशिप) योजनान्तर्गत 250 नवीन आवेदन प्राप्त हुए है। श्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) अन्तर्गत प्राप्त हुए नवीन आवेदन-पत्रों में 1065 तथा प्रवर्तकता (स्पान्सरशिप) योजनान्तर्गत 250 नवीन आवेदन-पत्रों का उप जिलाधिकारी व खण्ड विकास अधिकारियों के माध्यम से सत्यापन कराकर अनुमोदनार्थ समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। बैठक में प्रस्तुत नवीन आवेदन-पत्रों को समिति द्वारा अनुमोदन प्रदान किया। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने निर्देश दिया कि पूर्व में इस योजना के अन्तर्गत लाभ प्राप्त कर रहे लाभार्थियों का रैण्डमली सत्यापन बीडीओ के माध्यम से कराते रहें। डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिया कि दैवी आपदा तथा मार्ग दुर्घटनाओं एवं अन्य कारणों से माता-पिता को खोने वाले बच्चों को चिन्हित कर प्रवर्तकता (स्पान्सरशिप) योजनान्तर्गत आच्छादित कराना सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि रोड एैक्सीडेन्ट तथा आपदा से सम्बन्धित दुर्घटनाओं के सम्बन्ध में परिवहन, आपदा एवं सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से समन्वय कर अधिक से अधिक बच्चों को इस योजना से लाभान्वित किया जाय। इस अवसर पर अध्यक्ष बाल कल्याण समिति सतीश श्रीवास्तव, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, संरक्षण अधिकारी शिविका मौर्या, प्रथम संस्था से राकेश चौबे सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
: डीएम ने मतदान केन्द्र कंछर का किया औचक निरीक्षण
Tue, Mar 12, 2024
मानक के अनुसार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न होने पर जतायी नाराजगी
बीडीओ, बीईओ व पंचायत सचिव का अग्रिम आदेश तक बाधित हुआ वेतन
बहराइच। लोकसभा चुनाव को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्वक सम्पन्न कराये जाने तथा भारत निर्वाचन आयोग की मंशानुरूप मतदान केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मोनिका रानी ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र पयागपुर अन्तर्गत जूनियर हाईस्कूल विशेश्वरगंज मतदान केन्द्र (कंछर) का निरीक्षण किया। मतदान केन्द्र पर रैम्प व प्रकाश सहित मानक के अनुसार अन्य व्यवस्थाएं दुरूस्त न पाये जाने तथा मतदान केन्द्र पर बीएलओ का विवरण अंकित न होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए खण्ड विकास अधिकारी सर्वेश तिवारी व खण्ड शिक्षा अधिकारी वीरेन्द्र नाथ द्विवेदी तथा पंचायत सचिव का अग्रिम आदेशों तक वेतन आहरित न किये जाने का निर्देश दिया। डीएम ने एसडीएम पयागपुर दिनेश कुमार व तहसीलदार धर्मेन्द्र कुमार को निर्देश दिया कि डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम डिलीटेशन कार्य का विरोध करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई भी की जाय। डीएम ने जूनियर हाईस्कूल विशेश्वरगंज के परिसर में आयोजित जागरूकता शिविर का भी निरीक्षण किया। शिविर में मौजूद बुजुर्ग महिलाओं सरस्वती, दयावती व जैतूना ने बताया कि उन्हें मिलने वाली वृद्धा पेंशन अपरिहार्य कारणों से रूक गई जिससे उन लोगों को गुजर-बसर करने में कठिनाई आ रही है। डीएम ने बुजुर्ग महिलाओं को आश्वस्त किया उन्हें शीघ्र ही पेंशन प्राप्त होने लगेगी। बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन न मिलने की शिकायत का भी डीएम ने कड़ा संज्ञान लेते हुए ग्राम पंचायत सचिव अनूप पाण्डेय पर कड़ी नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि तत्काल पेंशन सम्बन्धी समस्या निस्तारण कराएं। डीएम ने शिविर में मौजूद ग्रामवासियों का आहवान किया कि आसन्न लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें।
: शराबी भाई ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट
Tue, Mar 12, 2024
शराब के नशे में किए गए हमले के चलते हुए मौत
बहराइच। शराब के नशे में हुए विवाद के बाद छोटे भाई ने बड़े भाई पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। परिजन उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना बीती रात कोतवाली देहात अंतर्गत टिकोरा मोड़ की है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ज्ञातव्य हो कि गांव टिकोरा मोड़ निवासी हरी चंद्र यादव 35 पुत्र रामपाल व मौजी यादव दोनों भाई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक शराब के नशे में हुए विवाद में एक दूसरे में जमकर मारपीट हुई। छोटे भाई ने बड़े भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिवार के लोग रात 11 बजे के आसपास घायल हरी चंद्र को लेकर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टर ने हरी चंद्र को मृत घोषित कर दिया। हालांकि परिवार के लोगों ने अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है। कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक बी.के.मिश्रा ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।