: उत्तराधिकारियों ने स्वतत्रता संग्राम सेनानी पं.हरिश्चन्द्र को किया याद
Sun, May 5, 2024
सेनानी भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
बहराइच। स्थानीय सेनानी भवन सभागार में पूरे देश में चल रहे स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारियों की तरफ से प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को सुबह दस बजे दस मिनट अपने पूर्वजों स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों को श्रद्धांजलि, पुष्पांजलि अर्पण करने के क्रम में 05 मई को बहराइच जिले के तहसील महसी ग्राम एरिया निवासी महान स्वतंत्रता सेनानी एवं संत विनोबा भावे के सहयोगी पंडित हरिश्चन्द्र उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम सम्पादित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपाध्याय के सुपुत्र आशाराम उपाध्याय ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी हरिश्चन्द्र उपाध्याय का जन्म 01 जुलाई 1918 को बहराइच जिले के ग्राम एरिया तहसील महसी जनपद बहराइच में पंडित लक्ष्मी नारायण गौड़ के यहां हुआ। 1941 एव ं1942 के स्वतंत्रता आन्दोलन में अविभाजित जनपद बहराइच का कुशल नेतृत्व करते हुए दो वर्ष की कठोर कारावास एवं 400/- रूपए जुर्माने की सजा भोगी थी। संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि उपाध्याय जी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को आत्मसात करते हुए अपने सरकारी दायित्व से त्यागपत्र देकर देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आजादी के बाद संत विनोबा भावे के सर्वोदय एवं ग्राम स्वराज स्थापना के कार्य में, भूदान यज्ञ समिति में अपनी पांच एकड़ जमीन दान देकर तहसील नानपारा के मिहींपुरवा क्षेत्र में सक्रिय हो गए और जनपद बहराइच एवं श्रावस्ती के बड़े बड़े जमींदारों से 1283 एकड़ भूमि दान लेकर भूमिहीन गरीबों को वितरित किया। संगठन संरक्षक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि उपाध्याय जी अपनी कार्यकुशलता, कर्तव्य निष्ठा, ईमानदारी, न्याय प्रियता के गुणों के कारण पूरे बहराइच एवं श्रावस्ती में जन जन के हृदय में स्थापित हुए और जीवन भर राष्ट्र एवं समाज सेवा के लिए समर्पित रहे। संगठन के शहर अध्यक्ष राजू मिश्र उर्फ मुन्ना भैया ने कहा कि उपाध्याय जी जीवन पर्यन्त जिले की जनता एवं देश सेवा में लगे रहे। अन्त में कार्यक्रम में उपस्थित सेनानी उत्तराधिकारियों ने उपाध्याय जी के प्रति सद्भावना प्रकट करते हुए उनके सद्विचारों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ कार्यक्रम समाप्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ सेनानी उत्तराधिकारी भानु प्रताप द्विवेदी एडवोकेट, तुलसी राम, रक्षाराम यादव, श्रीमती फूलमती देवी, शिव नारायण, मुकेश श्रीवास्तव, आदित्य भान सिंह, तुलसी राम, जाहिर अली, दोस्त मोहम्मद, अब्दुल रहमान, राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, राम किशुन, ननकू, अंगनू राम सहित कई सेनानी उत्तराधिकारी मौजूद रहे।
: तेज रफ्तार कार ट्रक मे घुसी, दो की मौत
Sat, May 4, 2024
बहराइच।:ट्रक मे तेज रफ्तार कार पीछे से जा घुसी। जिसके चलते दो लोगो के मौत हो गयी। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना मटेरा थाना क्षेत्र के नानपारा-बहराइच मार्ग पर धनौली मोड़ के पास शुक्रवार लगभग 8ः30 बजे की है। जहां तेज रफ्तार से आ रही कार ट्रक में जा घुसी। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। कार में दो लोग सवार थे, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई व एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि नानपारा से बहराइच की तरफ यूपी 32 एचएन 7632 ट्रक जा रही थी। चलते समय ट्रक का टायर फट गया। पीछे से तेज रफ्तार में आ रही अल्टो कार यूपी 40 एफ 5251 पीछे से ट्रक में जा घुसी। कार में अंकित शुक्ला पुत्र सुजीत कुमार उम्र लगभग 30 वर्ष निवासी बौंडी शिवपुर बाजार व असलम उर्फ आशु पुत्र अब्दुल सत्तार उम्र 28 वर्ष निवासी इमामगंज सवार थे। जिसमें अंकित की मौके पर ही मौत हो गई व असलम गंभीर रूप से घायल हो गया। मटेरा पुलिस ने असलम को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही असलम ने भी दम तोड़ दिया। मटेरा थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने बताया की दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना ग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
: कन्ट्रोल रूम का निरीक्षण कर डीएम ने मतदाता पर्ची वितरण कार्य का लिया जायज़ा
Sat, May 4, 2024
शत-प्रतिशत पर्ची वितरण कराए जाने के दिये निर्देश
बहराइच। लोकसभा चुनाव को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्वक सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट में स्थापित इंटीग्रेटेड कन्ट्रोल रूम का जिलाधिकारी मोनिका रानी ने निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ डीएम ने ज़ोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों से मोबइल पर वार्ता कर जिले में मतदाता पर्ची वितरण कार्य की प्रगति का जायज़ा लेते हुए निर्देश दिया कि शत प्रतिशत मतदाता पर्ची का वितरण सुनिश्चित कराया जाए ताकि 13 व 20 मई क़ो जनपद में होने वाले मतदान में मतदाताओं क़ो मताधिकार का प्रयोग करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पऱ मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राघवेंद्र द्विवेदी अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ज्योति चौरसिया, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सुमित तिवारी व अन्य संबंधित मौजूद रहे।