: प्रशिक्षित किये गये ए.आर.ओ. व मास्टर ट्रेनर्स
Mon, May 27, 2024
बहराइच। लोकसभा चुनाव के मतगणना कार्य को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं सुव्यस्थित ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से जनपद में नियुक्त किये गये 88 मास्टर ट्रेनर्स का कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। नवीन कृषि उत्पादन मण्डी समिति सलारपुर में 04 जून को सम्पन्न होने वाली मतगणना के लिए नियुक्त किये गये मतगणना पर्यवेक्षक, माइक्रो आब्ज़र्वर व मतगणना सहायकों को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक/मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर. ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि गणना का कार्य अत्यन्त महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्मिक पूरी शालीनता, धैर्य एवं संयम का परिचय देते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार गणना का कार्य सम्पन्न करायेंगे। सीडीओ ने सहायक रिटर्निंग आफिसर्स व मास्टर ट्रेनर्स को निर्देश दिया कि मतगणना के सम्बन्ध में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का भली प्रकार से अध्ययन कर लें ताकि मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षित करने में किसी प्रकार की समस्या न आये। सीडीओ ने कहा कि मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण के दौरान उन्हें यह बात ज़रूर बता दी जाये कि किसी भी प्रकार की शिथिलता, संदिग्धता, संलिप्तता की स्थिति में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत कार्यवाही की जाएगी। जिसके लिए कार्मिक स्वयं उत्तरदायी होंगे। सभी कार्मिक मतगणना समाप्ति के उपरान्त एआरओ से कार्य मुक्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करके की मतगणना परिसर छोड़ेगे। सभी कार्मिकों द्वारा मतगणना प्रारूप के समस्त कालम को स्पष्ट शब्दों में साफ-साफ भरेंगे तथा तथा मतदेय स्थल का क्रमांक तथा जहां कहीं भी अंक लिखने की आवश्यकता होगी वहा अंग्रेज़ी का अंक लिखना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय व जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. सी.के वर्मा द्वारा ई.वी.एम. की मतगणना प्रक्रिया, ई.वी.एम. में दर्ज मतों की गणना, ई.वी.एम. मतों और वी.वी.पैट पर्चियों की गणना से सम्बन्धित विशेष मामलों में की जाने वाली कार्यवाही, वीवीपैट पर्चियों की गणना के सम्बन्ध में की जाने वाली कार्यवाही के साथ-साथ डाक मतपत्रों की गणना प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। डाक मतपत्रों की गणना के सम्बन्ध में डाक मतपत्रों का सत्यापन व डाक मतपत्रों की गणना के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में समस्त सहायक रिटर्निंग आफिसर्स तथा मास्टर ट्रेनर्स मौजूद रहे।
: प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 60वीं पुण्यतिथि मनाई गई
Mon, May 27, 2024
बहराइच। स्थानीय सेनानी भवन सभागार में सेनानी उत्तराधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 60वीं पुण्यतिथि मनाई, देशभक्तों ने देश को फर्श से अर्श तक ले जाने में उनके योगदान पर चर्चा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन संरक्षक एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू देश की आजादी के बाद देश के विकास के शैशव काल को बहुत अच्छी तरह से आगे बढ़ाया। संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि उन्होंने ‘‘आराम हराम है‘‘ का नारा दिया था, वो पूज्य बापू महात्मा गांधी जी के बहुत करीबी थे। उन्होंने गरीबों और जरूरतमंदों के अधिकारों के लिए लड़ते हुए देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया। जिसमें किसान आन्दोलन प्रमुख हैं। जों भारत छोड़ो आन्दोलनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अन्त में सेनानी उत्तराधिकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलकर देश की सेवा करने के संकल्प के साथ कार्यक्रम को समाप्त किया। कार्यक्रम में सूफियान अली, राकेश वर्मा, शिव कुमार वर्मा, दरोगा तिवारी, शिवम वर्मा सहित तमाम राष्ट्र भक्त मौजूद रहे।
: अज्ञात वाहन की ठोकर से पुत्र की मौत, पिता घायल
Sun, May 26, 2024
मिहींपुरवा, बहराइच। बाइक से जा रहे पिता-पुत्र को किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। दुर्घटना में पुत्र की मौत हो गई। जबकि उसके पिता का इलाज चल रहा है। ज्ञातव्य हो कि थाना मोतीपुर अन्तर्गत झाला पृथ्वीपुरवा निवासी भगौती पुत्र नान्हू अपने बेटे जगदीश के साथ बेटी के ससुराल नेपाल गए थे। देर रात्रि बाइक से दोनों लौट रहे थे। तभी हसुलिया क्रासिंग के निकट किसी वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। आसपास के ग्रामीणों द्वारा इलाज के लिए उन्हें सीएचसी मोतीपुर लाया गया। जहां चिकित्सक ने जगदीश को मृत घोषित कर दिया। जबकि भगौती को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रिफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
आग लगने से किराना दुकान जलकर खाक
आग बुझाने के प्रयास में दम्पति झुलसे
बहराइच। दुकान में अज्ञात कारणों से लगी आग के चलते परचून दुकान जलकर स्वाहा हो गई। आग बुझाने के प्रयास में दुकान मालिक दम्पति भी झुलस गए। जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। गौरतलब हो कि थाना रामगांव अन्तर्गत किशुनपुर मीठा निवासी बुधराम पुत्र बाबूराम 47 वर्ष बरहियापुरवा में परचून की दुकान चलाते है। शनिवार सायं दुकान में आग लग गई। जिससे दुकान जलकर स्वाहा हो गई। आग बुझाने में दम्पति भी झुलस गए। जिन्हें इलाज के लिए शहर के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिपिया में दुकान में पेट्रोल रखा था। जिसके चलते आग लगी।
करंट की चपेट में आने महिला की मौत, दो अन्य झुलसे
बहराइच। खेत में लगाये गए कटीले तारों में करंट होने के चलते उसकी चपेट में आने से एक महिला समेत तीन घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां महिला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दो अन्य का इलाज चल रहा है। घटना कोतवाली देहात अन्तर्गत अरईखुर्द की है। जहां मेंवालाल पुत्र मैकू 28 वर्ष के घर के सामने उसके खेत में कटीले तार लगे हुए थे। जिसमें मवेशियों से फसल को बचाने के लिए करंट दौड़ रहा था। रविवार सुबह बूदाबादी होने पर तार पर फैले कपड़ों को उठाने मेंवालाल गए। तभी करंट ने उनको अपनी चपेट में ले लिया। शोर शराबा सुनकर शांति देवी पत्नी कंधई ने मेंवालाल को करंट से बचाने का प्रयास किया। जिसके चलते वह भी करंट की चपेट में आ गई। जबकि राधादेवी पुत्री अवधराम 18 वर्ष भी करंट की चपेट में आ गई। तीनों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने शांति को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो अन्य का इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे मे लेकर पीएम के लिए भेज दिया।