: पारले कंपनी किसानों को अनुदान पर दे रही पावर वीडर व स्प्रे मशीन
Sat, Jun 15, 2024
फखरपुर, बहराइच। पारले कंपनी अपने किसानों को पावर वीडर एवं स्प्रे मशीन अनुदान पर उपलब्ध करा रही है। किसानो के यहां पावर वीडर मशीन के डेमो भी कराये जा रहे है। इस मशीन के द्वारा गन्ने की फसल में जुताई, मिट्टी चढाने का कार्य बहुत प्रभावी तरीके से कम खर्च में हो जाता है इसलिए अधिक से अधिक किसान इस मशीन का उपयोग करें और अधिकतर किसानों के पास पावर वीडर होना चाहिए। जिससे फसल में खरपतवार नियंत्रण प्रभावी ढंग से हो सके। खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा मिले इसके लिए पारले निरंतर कार्य किसानो के बीच में कर रही है। जिससे प्रति एकड़ उत्पादन में बढ़ोतरी हो सके और किसान की लागत कम हो। इस समय कंपनी पावर वीडर, स्प्रे मशीन 500 ली. एवं 1000 ली. अनुदान पर दे रही है। अधिक से अधिक किसान इस योजना का लाभ उठाये। यह सीमित समय के लिए है। अनेको ग्रामो जैसे-शिवराजपुर, रामापुर किंधौली, टिन्गाई, नकोडा, मोकला, रामपुर, गाजीपुर, ज्ञानपुर, पदमपिछौरा, शाहपुर, बुबकापुर ,खोजकीपुर, बिरहिमडीहा, चंदनापुर, विलाशपुर में डेमो कराये गए। जिससे किसान देख ले और समझ ले तभी ले। डेमो के समय पारले कंपनी के एसोसिएट मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी मोके पर उपस्थित रहे और किसानो को पावर वीडर मशीन और स्प्रे मशीन की उपयोगिता के बारे में किसानो को विस्तृत रूप में समझाया। उन्होंने स्प्रे मशीन को भी किसानों के लिए जरूरी बताया। क्योंकि आने वाला समय तरल उर्वरक का है इसलिए स्प्रे मशीन भी अधिकतर किसानों के पास होना जरूरी है। जिससे किसान सभी प्रकार के उर्वरक एवं दवा फसल पर कम समय में स्प्रे कर सके। डेमो के समय काफी किसान और पारले के अन्य अधिकारी सूबेदार, अमरेंद्र, प्रवेश, रुचिन, शक्ति, अखंड, अमर उपस्थित रहे।
: मार्ग दुर्घटना में बालक व वृद्ध की मौत
Sat, Jun 15, 2024
बहराइच। अलग-अलग दुर्घटना में बालक समेत दो की मौत हो गई। पैदल जा रहे हैं बालक को तेज रफ्तार पिकअप ने रौद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। कोतवाली नगर के शहर में आजाद इंटर कालेज के पास पैदल जा रहे बालक को पिकअप ने रौंद दिया। इसके बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। दरगाह थाना क्षेत्र के मोहल्ला गुलाम अलीपुरा निवासी मोहम्मद मोहसिन अंसारी का पांच वर्षीय बेटा पढ़ाई करता था। जिसके चलते वह पिता के साथ कोतवाली नगर के गढ़वा गांव के पास किराए के मकान में रहता था। शुक्रवार रात 10 बजे के आसपास बालक आजाद इंटर कालेज के पास जा रहा था। तभी विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप ने बालक रौंद दिया। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लाए। जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी ओर पयागपुर थाना क्षेत्र के झाला तरहर गांव निवासी घनश्याम उर्फ लल्लू 65 पुत्र छेदी शुक्रवार शाम को गोंडा-बहराइच मार्ग पर हुए हादसे में घायल हो गए। रोडवेज बस को साइड देने के चक्कर में वृद्ध को टक्कर लग गई। जिसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में रात में इलाज के दौरान मौत हो गई।
आग से तीन घर जलकर खाक
बहराइच। अज्ञात कारणों से लगी आग के चलते तीन घर जलकर खाक हो गए। घटना थाना तहसील महसी अंतर्गत ग्राम भदवानी की है। जहाँ एक ग्रामीण के मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। लपटों ने पड़ोस के दो अन्य मकानों को आगोश में ले लिया। तीम मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। बौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भदवानी निवासी हसीब के फूस के मकान में शुक्रवार शाम को अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीण जब तक आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक लपटों ने पड़ोसी अतीक अहमद व सलमान के फूस के घर को आगोश में ले लिया। परिजनो ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाया। लेकिन घरों में रखे गृहस्थी का सामान व नकदी जलकर राख हो गई। करीब 3 लाख 50 हजार का नुकसान बताया जा रहा है। हल्का लेखपाल बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही पीड़ितों को सहायता प्रदान की जाएगी।
वृद्ध की पीट कर हत्या करने वाला एक अभियुक्त गिरफ्तार
बहराइच। बकायेदारी को लेकर वृद्ध की पीट-पीट कर हत्या करने वाले एक अभियुक्त को हरदी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गौरतलब हो कि बीते 12 जून को थाना हरदी अन्तर्गत जोत चांदपारा निवासी पांचू पुत्र इब्राहीम 65 वर्ष तेल का बकाया पैसा देने को लेकर महराजगंज बाजार स्थित लल्लू व कल्लू की दुकान पर गया हुआ था। जहां तेल खराब होने की बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। जिसके बाद लल्लू व कल्लू ने वृद्ध पांचू पर लाठी, डण्डों से हमला कर घायल कर दिया था। घायल को इलाज के लिए शहर के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में मुअसं.209/24 धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया था। प्रभारी निरीक्षक हरदी संतोष कुमार सरोज ने बताया कि हत्या के एक अभियुक्त एक आरोपी लल्लू उर्फ सरसाद पुत्र हाजी दिलनवाज निवासी महराजगंज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
: पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य ने जिले का किया भ्रमण
Sat, Jun 15, 2024
स्वास्थ्य सेवाओं का जाना हाल
बहराइच। जनपद के एक दिवसीय भ्रमण पर आये पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य बौद्ध अरविंद सिंह पटेल ने महर्षि बालार्क चिकित्सालय, सीएचसी कैसरगंज व 50 बेडेड मैटरनिटी विंग कैसरंगज का निरीक्षण विभिन्न व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया तथा मौके पर मौजूद चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि चिकित्सालयों में सरकार द्वारा प्रदत्त सभी स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाए। सदस्य श्री पटेल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व 50 बेडेड मैटरनिटी विंग कैसरगंज के निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका, ओपीडी, लेबर रूम, ब्लड बैंक, कोल्ड चेन, स्टाफ, दवाओं की उपलब्धता एवं रख-रखाव, एक्सरे रूम, पैथोलॉजी, इमरजेंसी तथा वार्डों का अवलोकन किया। वार्ड के निरीक्षण के दौरान मरीज़ों व तीमारदारों से चिकित्सालय द्वारा प्रदान की रही सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। कोल्ड चेन मे मौजूद प्रतिरक्षण अधिकारी संगीता श्रीवास्तव से स्टाक व दवाओ के रखरखाव की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओ पर सन्तोष व्यक्त करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। श्री पटेल ने चिकित्सालय की साफ सफाई में और सुधार लाने के निर्देश दिये। महिला मैटर्निटी विंग के निरीक्षण के दौरान श्री पटेल ने सुझाव दिया कि नियमित अन्तराल पर ब्लड डोनेशन कैम्प लगाये जाये ताकि ब्लउ बैंक में खून की कमी न होने पाये। श्री पटेल ने संस्थागत प्रसवों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा मोबाइल पर मरीज़ों से फीड बैक भी प्राप्त किया। मरीज़ों की ओर से सकारात्मक जवाब मिलने पर श्री पटेल ने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए लगातार प्रयासरत है उसमें सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अधीक्षक डा. एन.के. सिंह को निर्देशित किया कि चिकित्सालय में सरकार द्वारा प्रदत्त सभी स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाए। उन्होंने अस्पताल की ओवर आल व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। मैटरनिटी विंग के निरीक्षण के उपरान्त श्री पटेल ने तहसील सभागार कैसरगंज पहुंचकर एसडीएम पंकज दीक्षित के साथ सम्पूर्ण समाधान दिवस में जन समस्याओं की सुनवाई करते हुए एसडीएम व सीओ रूपेन्द्र गौड़ को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। श्री पटेल ने नगर पंचायत कैसरगंज का भी निरीक्षण कर विकास कार्यों में तेज़ी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि स्टाफ की कमी की समस्या का शीघ्र ही निदान कराया जायेगा। निरीक्षण के समय डा. बी.के.सिंह, डा. बीडी वर्मा, नायब तहसीलदार बृजेश कुमार, उत्कर्ष राजपूत आदि मौजूद रहे।