: किसानों को गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए किया गया जागरूक
Tue, Jul 16, 2024
किसान वैज्ञानिक तरीके से करे गन्ना प्रबन्धन
फखरपुर, बहराइच। पारले द्वारा रामटेड़िया ग्राम सभा में एक कृषक गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक तरीके से समय पर गन्ना फसल प्रबंधन करना। जिससे प्रति एकड़ उत्पादन कम से कम 500 कुंतल लिया जा सके। गोष्ठी का संचालन गन्ना अधिशासी रुचिन लाटयान ने किया। किसानों को सम्बोधित करते हुए पारले के एसोसिएट मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी ने कहा कि इस समय बरसात काफी अच्छी हो रही है। प्रति एकड़ 10 किलो यूरिया को 10 किलो पारले अमीनोज दानेदार के साथ मिलाकर लाइनो में तत्काल टाप ड्रेसिंग करे। जिससे फसल बढ़वार अच्छी हो सके और अच्छा उत्पादन प्राप्त हो सके। बढ़वार का समय जुलाई से सितम्बर तक होता है। इसके अलावा फसल की अच्छी बढ़वार तथा रोग एवं कीट नियंत्रण के लिए कम से कम 2 स्प्रे जुलाई माह में 15 दिनों के अंतराल पर जरूर करे। प्रति एकड़ स्प्रे एनपीके ( 0ः52ः34)-2 किलो, पारले अमीनोज तरल-1 ली., हेक्सास्टोप- 200 ग्राम, एमिडा-100 मि.ली. को 250 ली. पानी में घोल बनाये और स्प्रे कर दे। फसल पर अधिक से अधिक किसान स्प्रे करें इसके लिए पारले स्प्रे मशीन अपने किसानों को अनुदान पर उपलब्ध करा रही है। गोष्ठी में 110 किसानों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर पारले अन्य अधिकारीगण शक्ति, राहुल, अमर बहादुर, गिरजेश, दिनेश, उपस्थित रहे।
: सरैया में डीएम के निर्देश पर प्रारम्भ हुआ कटान रोधी कार्य
Tue, Jul 16, 2024
जनता दर्शन में पहुंचे ग्रामवासियों ने की थी मांग
बहराइच। सोमवार को जिलाधिकारी मोनिका रानी के जनता दर्शन में तहसील नानपारा के विकास खण्ड बलहा की ग्राम सभा सरैया के रंगी लाल, राम प्रसाद मौर्या, रामादल वर्मा, अमरश कुमार मौर्या, पंकज कुमार, मुरली प्रसाद पाल, नियामत अली व लायक राम इत्यादि ग्रामवासियों द्वारा इस आशय का प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया गया कि उनकी ग्राम सभा सरैया जिसकी आबादी लगभग 5000 है, सरयू नदी के किनारे व तलहटी में स्थित है। प्रतिवर्ष बरसात के मौसम में नदी द्वारा कटान किये जाने पर सरयू नदी आवासों के निकट आ गई है। एकदम प्रार्थीगण के आवास के नजदीक आ गई है। ग्रामवासियों ने बताया कि यदि ग्रामसभा में कटान रोधी कार्य न होने पर संभावना पायी जा रही है कि इसी वर्ष हमारे कच्चे पक्के आवास व झोपड़िया नदी में समाहित हो जाएंगे। डीएम ने ग्रामवासियों की समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेते हुए अधि.अभि. सरयू ड्रेनेज खण्ड जे.पी. वर्मा को निर्देश दिया कि तत्काल मौके पर जाकर स्थिति का जायज़ा लें तथा ग्रामवासियों के आवासों की सुरक्षा के मद्देनज़र कटान रोधी कार्य प्रारम्भ कर दिया जाय। डीएम मोनिका रानी के निर्देश पर ग्रामसभा सरैया में कटान रोधी कार्य प्रारम्भ करा दिया गया है।
: फर्नीचर आपूर्ति करने वाली फर्म को कराएं ब्लैक लिस्टेड: डीएम
Tue, Jul 16, 2024
बहराइच। सोमवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। विद्यालयों में फर्नीचर की समीक्षा के दौरान निर्धारित अवधि में फर्म द्वारा आपूर्ति न किये जाने पर डीएम ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला समन्वयक को कारण बताओं नोटिस जारी करने तथा जिम्मेदार फर्म के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करते हुए ब्लैक लिस्टेड कराएं जाने के निर्देश दिये गये। बैठक के दौरान डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत विशेष कैटेगरी के दिव्यांग बच्चों जिनका स्थानीय स्तर पर दिव्यांगता प्रमाण-पत्र नहीं निर्गत किया जा सकता है। ऐसे बच्चों को चिन्हित कर उनको दिव्यांगता प्रमाण-पत्र निर्गत कराने विभागीय अधिकारी स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर सहयोग प्रदान करें। मिशन कायाकल्प की समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि असंतृप्त विद्यालयों से सम्बन्धित डीपीआरओ, बीडीओ, एडीओ पंचायत, ग्राम विकास अधिकारी/सचिव का वेतन कार्य पूर्ण होने तक वेतन बाधित रखने का निर्देश दिया। विद्युतीकरण कार्य की समीक्षा के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा बताया कि अवशेष विद्युतीकरण का कार्य माह सितम्बर तक पूर्ण कर लिया जायेगा। बैठक का संचालन बीईओ मुख्यालय पुष्पेन्द्र कुमार जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर, सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा, उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार मौर्या, अधि.अभि. विद्युत बहराइच शैलेन्द्र कुमार व कैसरगंज के सौरभ निगम, डीपीओ राज कपूर, डीआईओएस मनोज कुमार अहिरवार, बीडीओ, बीईओ व एडीओ पंचायत मौजूद रहे।