: कोठवल कला में एक ही रात में चार घरों में चोरी
Mon, Jul 29, 2024
लगातार हो रही चोरियों से दहशत में ग्रामीण
पीड़ितों ने थाने में दी तहरीर
बहराइच। फखरपुर थाने का कोठवल कला गांव एक बार फिर चोरों के निशाने पर है। बीते 1 वर्ष में हुई 7 चोरियों का खुलासा न होने के चलते चोरों के हौंसले बुलंद है। चोर लगातार गांव में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहैं है। बीती रात चोरों ने गांव के चार घरों में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने चार ग्रामीणों के मकान से नकदी और लाखों रूपये मूल्य के जेवरात की चोरी की। फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोठवल कला गांव निवासी भूपेंद्र बहादुर सिंह पुत्र यदुनाथ सिंह के मकान में चोर घुस गए गए। चोरों ने पीतल और तांबे के बर्तन कपड़े, सोने और चांदी के जेवरात की चोरी की। इसके बाद चोर अशोक सिंह, नंद किशोर सिंह और संतोष सिंह के मकान में घुस गए। इनके घर में बक्सा तोड़कर लगभग 23 हजार रूपये नकदी, सोने और चांदी के जेवरात, कपड़ा और बर्तन की चोरी की। सुबह चोरी की जानकारी होने पर सभी डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। लेकिन किसी भी मामले में चोरी का केस दर्ज नहीं किया है। ग्रामीण एक ही रात चार घरों में चोरी के वारदात को लेकर भयभीत हैं। ज्ञातव्य हो कि गांव में चोरी की शुरुआत लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। गांव निवासी पत्रकार राहुल सिंह के घर से चोरों ने लगभग 15 लाख रुपए मूल्य के जेवरात साफ किए थे। जिसका पुलिस ने मात्र औना पौना खुलासा कर मामले की इति कर ली थी। न तो जेवरातों की बरामदगी हुई थी और न ही वास्तविक चोरों की गिरफ्तार हुई थी। पुलिस की ढिलाई का नतीजा यह रहा कि जिसके बाद से गांव में चोरियों का सिलसिला चल निकला और अब लगातार चोर गांव में चोरी की घटनाओं का अंजाम दे रहे हैं। गांव में बीती रात की चोरियां मिलाकर अब तक कुल 11 चोरियां हो चुकी हैं पर एक भी चोरी का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।
: तालाब में डूबकर युवक की मौत
Mon, Jul 29, 2024
पयागपुर, बहराइच। साइकिल से गेहूं पिसाने जा रहे हैं युवक की तालाब में डूब कर मौत हो गई । घटना पयागपुर थाना अन्तर्गत ग्राम वैनी की है। जहां ध्रुव कुमार तिवारी पुत्र स्व सर्वजीत तिवारी उम्र 30 वर्ष की गांव के तालाब में डूबने से मृत्यु हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा तालाब से शव को निकलवाकर पंचनामा की कार्यवाही कर पीएम के लिए भेज दिया गया। गौरतलब हो कि ग्रामसभा वैनी निवासी ध्रुव कुमार तिवारी पुत्र स्व. सर्वजीत तिवारी गेहूं पिसाने के लिए साइकिल पर गेहूं लाद कर जा रहे थे कि रास्ते के बगल में स्थित तालाब के निकट अचानक साइकिल पर से ध्रुव कुमार तिवारी का संतुलन बिगड़ गया। जिससे यह तालाब में गिर गए और डूब कर मृत्यु हो गई। असामायिक मृत्यु होने से पत्नी और घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मार्ग दुर्घटनाओ में दो की मौत तीन अन्य घायल
बहराइच। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक कांवरिया भी शामिल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना मोतीपुर के ग्राम पड़रिया निवासी रामधन 30 पुत्र विंध्याचल रविवार को कांवड़ लेकर शिव मंदिर के लिए जा रहा था। पैदल ही कांवड़ लेकर खैरीघाट थाना क्षेत्र स्थित बुढ़वा बाबा पहुंचा था। तभी शाम सात बजे नानपारा लखीमपुर मार्ग पर नैनिहा मंडी के पास उसे पिक अप वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई। एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही रामगांव थाना क्षेत्र के बाईपास मार्ग स्थित अकेलवा गांव के निकट अज्ञात व्यक्ति को अज्ञात चार पहिया वाहन ने ठोकर मार दी। जिससे अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष आलोक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उधर जरवलरोड थाना क्षेत्र के लखनऊ-बहराइच मार्ग पर बाइक में चार पहिया वाहन ने ठोकर मार दी। जिसमें दुर्गेश पुत्र बनवारी लाल 38 कंदैलागढ़ी कैसरगंज, गांव निवासी रामू 35 पुत्र गया प्रसाद और राजित राम पुत्र शंकर निवासी श्रीराम पुरवा कैसरगंज घायल हो गए। सभी को सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया। यहां दुर्गेश और रामू की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में घायल महादेवा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने जा रहे थे।
: राशन कार्ड सत्यापन में ढिलाई बरतने पर डीएम ने मांगा स्पष्टीकरण
Sun, Jul 28, 2024
सोशल सेक्टर अन्तर्गत संचालित योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा
सत्यापन की कार्यवाही समय से पूर्ण करने के दिये गये निर्देश
बहराइच। सभी प्रकार की पेंशन, छात्रवृत्ति, पारिविारिक लाभ योजना, राशन कार्डों का सत्यापन, कौशल विकास मिशन, आईटीआई चलो अभियान, एकलव्य विद्यालय, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, कन्या सुमंगला एवं शादी अनुदान सहित समाज कल्याण सेक्टर अन्तर्गत अन्य योजनाओं की समीक्षा हेतु शनिवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि सत्यापन से सम्बन्धित प्रकरणों की सचिववार साप्ताहिक समीक्षा की जाय। डीएम ने कहा कि सत्यापन से सम्बन्धित प्रकरणों को अनावश्यक लम्बित न रखा जाय बल्कि समयबद्धता के साथ इनका निस्तारण कर आख्या सम्बन्धित विभाग को भेज दी जाय जिससे लाभार्थियों को समय से लाभ मिल सके। शहरी क्षेत्रों में सत्यापन से सम्बन्धित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समयबद्धता के साथ कार्यवाही की जाय। इस सम्बन्ध में डीएम ने सीडीओ व एडीएम को निर्देश दिया कि क्रमशः ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के सत्यापन से सम्बन्धित मामलों की अपने स्तर पर नियमित समीक्षा करते रहें। डीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में सत्यापन से सम्बन्धित मामलों का समयबद्धता के सत्यापन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी व अधिशासी अधिकारियों केे साथ समन्वय कर कार्यवाही को पूर्ण कराया जाय। परिवारिक लाभ योजना की समीक्षा के दौरान समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया कि 02 दिवस में पेंडेंसी समाप्त कराएं। राशन कार्ड सत्यापन की समीक्षा के दौरान बीडीओ शिवपुर व पूर्ति निरीक्षक तथा नगर पालिका परिषद नानपारा के ई.ओ. व पूर्ति निरीक्षक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के साथ साथ अग्रिम आदेशों तक वेतन बाधित करने के निर्देश दिये गये। आईटीआई चलो अभियान की समीक्षा के दौरान नोडल प्रधानाचार्या को निर्देश दिये गये कि अभियान से सम्बन्धित लिफलेट छपवाकर प्रचार-प्रसार कराएं तथा इस बात के प्रयास किये जाएं कि विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित युवक-युवतियां सेवायोजित भी हो सकें। कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिया गया कि जो आवेदन पत्र सत्यापित होकर आ गये हैं उन्हें एक सप्ताह के अन्दर निस्तारित करा दिया जाय। डीएम ने निर्देश दिया कि विभागीय अधिकारी नियमित रूप से बैठकें आयोजित कराएं। पीएम विश्वकर्मा योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया गया कि जिन ट्रेडों में सत्यापन की कार्यवाही पूर्ण हो गई उनमें समय से अग्रेत्तर कार्यवाही प्रारम्भ करें। डीएम ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की मंशानुसार सोशल सेक्टर से सम्बन्धित योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाया जाय। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर, अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजय कुमार शर्मा उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार मौर्या, पयागपुर के दिनेश कुमार, कैसरगंज के पंकज दीक्षित, जिला पंचायत राज अधिकारी राघवेन्द्र द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग केशव राम वर्मा सहित खण्ड विकास अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक व सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौतूद रहे।